बुधवार, 30 जनवरी 2013

“भारत में बलात्कार की जाति भी है और धर्म भी” –के.आर.शाह।


यौनदुष्कर्म की निरंतर हो रही घटनाओं से पूरा देश आन्दोलित है। विचारक और चिंतक समस्या और समाधान की दिशा में अपने-अपने दृष्टिकोण से मंथन कर रहे हैं।
रायपुर से प्रकाशित होने वाली भारत की नम्बर -1 सामाजिक समाचार पत्रिका आदिवासी सत्ताके जनवरी 2013 के सम्पादकीय में विद्वान सम्पादक ने भारत में बलात्कार की जाति और धर्म के बारे में लिखते हुये बताया है कि
“ ...धर्म मानव समाज के आचरण में निहित है। जैसा धर्म वैसा आचरण। ...भारतीय जनजातीय समाज में स्त्री, कल भी पुरुष की सम्पत्ति नहीं थी और आज भी नहीं है। अनार्य भारत से आर्य भारत होने के बाद हमारे देश की स्त्रियाँ सदा-सदा के लिये मर्दों की सम्पत्ति बना दी गयीं अर्थात् इसे धर्म सम्मतबना दिया गया। वेदों से लेकर मनुस्मृति तक सारे धर्मशास्त्रों में कहीं न कहीं, किसी न किसी रूप में नारी को पुरुष की सम्पत्ति वर्णित किया गया है। श्रृष्टि के रचयिता परब्रह्म ब्रह्मा का अपनी ही पुत्री सरस्वती से किया गया बलात् संग एक चर्चित कथा सर्वविदित है। जो धर्म स्त्री को देवी भी मानता है और उपयोग की वस्तु भी कहता है, ऐसे धर्मावलम्बी देश में कानून के डण्डे से वहाँ निवासरत् लोगों के आचरण को कैसे परिवर्तित किया जा सकता है? .... बलात्कार का ना तो रूप-रंग होता है ना ही कोई चेहरा। लेकिन भारत में बलात्कार की जाति भी होती है और धर्म भी, क्योंकि इसे धार्मिक संरक्षण मिला हुआ है। जो समाज दो हजार सालों से भी अधिक समय से जिस आचार संहिता से बंधा रहकर जीवन यापन करता है, वही उसके आचरण में दृष्टिगोचर होता है। मनुस्मृति को पढ़ लेने से प्रत्येक भारतीय को भारतीय आचरण का मायाजाल समझ में आ जायेगा। इसलिये हम कहते हैं कि वर्तमान दुनिया में भारत इकलौता देश है जहाँ बलात्कार की जाति भी है और धर्म भी"।
सम्पादक जी के अनुसार- "आज भारत में जितना भी साहित्य उपलब्ध है वह सारा का सारा ब्राह्मण साहित्य है जिसे हम वैदिक, देव या आर्य साहित्य कहते, पढ़ते और मानते हैं। आर्य साहित्य व  दर्शन की मुख्य विषयवस्तु राजा, धर्म, जाति, कुल या फिर युद्ध (छल-कपट), सौन्दर्य, विलासिता और स्त्री पर केन्द्रित है। आर्य साहित्य में राजनीति और कूटनीति की आत्मा धर्मप्रधान होकर धर्मसत्ता तक सीमित है। यह प्रमाणित हो चुका है कि भारत मूलतः मूलनिवासियों अनार्यों का भारत था और है। समस्या इतनी सी है कि मूलनिवासियों का साहित्य नष्ट कर दिया गया 
सम्पादक जी ने जिस मनुस्मृति की बात की है उसी मनुस्मृति में लिखा गया है –“यत्र नार्यस्तु पूज्यंते रमंते तत्र देवता” एवं “जामियो यानि गेहानि शपंतय प्रतिपूजिता, तानिकृत्या हतानीव विनष्यंति समंततः”। मुझे नहीं पता शाह जी की दृष्टि में इन श्लोकों का अर्थ क्या है?
भारतीय समाज को विखण्डित करने के अनेक प्रयासों में से एक प्रयास भारतीय वैदिक वांग्मय की कूट व्याख्या करना भी है। तत्वज्ञानी इस कूटरचना की उपेक्षा कर सकते हैं किंतु बात इतने से समाप्त नहीं हो जाती। बारम्बार किया गया मिथ्या व्याख्यान अपना कूट प्रभाव डालता है। “आदिवासी सत्ता” नामक पत्रिका के पाठक पूरे देश में हैं, इन पाठकों का अपना एक वर्ग है जिसमें उच्च शिक्षितों से लेकर अपनी पीढ़ी में प्रथम बार शिक्षित लोग भी हैं। इन पाठकों के लिये यह पत्रिका अंतिम सत्य की तरह पूज्य है।
ऐसे वैचारिक कूटाचरण के विरुद्ध सत्य प्रतिपादित करने और प्रचारित करने की आवश्यकता है अन्यथा भारतीय समाज के विखण्डन को रोका नहीं जा सकेगा।             

मंगलवार, 29 जनवरी 2013

विधान ये सड़ा-गला।



धूप के गाँव से 

छाँव माँगने चला 

नर पिशाच हैं खड़े

मैं वेद बांचने चला|

चून के ढेर से 

रेत बीनने चला

सिंह की माद से 

शिकार छीनने चला| 

पाखण्ड है प्रचण्ड 

खण्ड-खण्ड है मनुष्यता 

उठी हुयी खड्ग से 

प्राण माँगने चला| 

"असतो मा सद्गमय"

पोथियों में था पढ़ा 

पापियों से न्याय 

का पहाड़ माँगने चला| 

ज़ख्म कौन दे रहा 

इससे दर्द को है क्या 

क्रूरता से उम्र का 

नाता है क्या भला! 

मर रही है दामिनी 

रोज ही ज़रा-ज़रा 

कैसा है विधान 

दुष्ट भी सुधारगृह चला| 

ज़ख्म रोज़ दे रहा 

न्याय-न्याय रट रहा 

लो, सुधर के फिर नया 

शिकार ढूँढने चला| 

कब नकारती हैं दर्द

उम्र की ये बेड़ियाँ 

क्या जाने दर्द 'दर्द' का 

विधान ये सड़ा-गला|  


शनिवार, 26 जनवरी 2013

गणतंत्रदिवस के कुछ पल ...

 
 

 

 

 

 

बस्तर के हृदय जगदलपुर का लाल बाग.....पूरे बाग की मिट्टी लाल है। यह लालिमा यहाँ की मिट्टी में मिले लौह अयस्क के कारण है। यह लालिमा यहाँ के गिरिवासी-वनवासी देशभक्तों के रक्त के कारण भी है जिन्होंने तीर-धनुष और टंगिया ( छोटी कुल्हाड़ी) से ही नाकों चने बीनने को विवश कर दिया था अंग्रेज़ी सेनाओं को। सच्चे वीरों की इस भूमि को कोटि-कोटि नमन !

   गणतंत्र दिवस, पौष शुक्ल,14, विक्रम संवत् 2069

लाल बाग का एक विहंगम दृष्य

विद्यार्थियों का उत्साह तो देखते ही बनता है।

 

 

बस्तर की गिरि-वनवासी समुदायों की वेशभूषा में आये कलाकार

 
 
अपना जज़्बा ...अपनी अभिव्यक्ति ...
 

बीते वर्षों में हमारे ही कुछ बन्धु बन गये हमारे शत्रु। नक्सली आतंकवाद में जल रहा है बस्तर। सुरक्षा में चारो ओर मुस्तैद हैं हमारे जांबाज़ देशभक्त।

 
 आते जा रहे हैं लोग ....बढ़ती जा रही है भीड़
 
 
कलाकारों का एक दल
 
 
...शाला से आये बाल कलाकारों का एक और दल
 
....
 
अपनी प्रस्तुति के लिये तैयार पारम्परिक वेशभूषा में आये ग्रामवासियों का एक दल ...
 
 
घुंघरुओं की कलात्मक पट्टी
 
 
हम हैं हिन्दुस्तानी ...
 
 
एक वनवासी श्रमिक महिला कृषि उपकरणों के प्रतीकों के साथ
 
 
अपने महापुरुषों की स्मृति में .....उनके जैसा बनने की दिशा में  ...अपने गुरुओं की छत्रछाया में कुछ विशिष्ट बनने का ...कुछ विशिष्ट करने का प्रयास।
 
.

 ग्राम्य जीवन का एक दृष्य़ ...

 
 
...और लीजिये, सज गयी झाँकी।
 

अरे! सच्ची-मुच्ची के नहीं ... हम तो स्वांग कर रहे हैं नक्सली का।

मगर वनवासी सचमुच में कब डरे हैं मरने से। मृत्यु तो उत्सव है यहाँ, तभी तो भूमकाल जैसे आन्दोलन हो पाये यहाँ की धरती पर। क्रांतिकारी गुण्डाधुर और गेंदसिंह के किस्से याद हैं न आपको!

 
 
लीजिये, प्रारम्भ हो गया कार्यक्रम ...
 
 
चारो ओर लोग ही लोग, अपनी नन्हीं सी ज़िन्दगी में पहली बार देख रही हूँ इतनी भीड़। समझ में नहीं आता क्या देखूँ और क्या छोड़ूँ ....
 
 

पण्डाल में भीड़ ..पण्डाल के बाहर भीड़ ...सड़क पर भी भीड़ ...क्या सचमुच लोगों में इतना उत्साह है अपने गणतंत्र पर्व के लिये? ख़ुशफ़हमी ही सही, चलो मान लेते हैं कि इस विचित्र देश की धरती पर सब कुछ सम्भव है। ऐसे कार्यक्रम मुझे प्रायः भावुक कर दिया करते हैं। जो भी है जैसा भी है मेरा देश मेरा है। ...कई बार तो मुझे लगता है कि देश अभी लोकतंत्र की प्रसवपीड़ा से गुजर रहा है ....परिणाम् सुखद ही होगा, जब पूरा विश्व देखेगा कि इतनी विविधताओं के बाद भी हम सबसे न्यारे हैं और आगे बढ़ रहे हैं ...

उत्सव समाप्त । चलो, अब घर चलें ......

काश! यह उत्सव जीवन के हर पल में हो।

 

 

 

 

 

 

 


 

 



बुधवार, 23 जनवरी 2013

हिड़िमा रानी


   अठारहवीं शताब्दी के अंत में बस्तर की पराधीनता के जो बीज ईस्ट इण्डिया कम्पनी ने तैयार किये थे वे उन्नीसवीं शताब्दी के प्रथम कुछ दशकों में नागपुर में बोये गये। इन बीजों का अंकुरण शीघ्र ही होने लगा जिससे तैयार हुयी कंटीली झाड़ियों ने बस्तर के बृहद् भूभाग को कंटकाकीर्ण कर दिया।
    नागपुर के भोसले राजाओं ने जिस तरह से बस्तर को थाली में रखकर कम्पनी बहादुर के सामने परोस दिया था उससे भोमदेव को देवहुती की चिंता होनी स्वाभाविक थी। उसे किसी भी बहाने से अपदस्थ किया जा सकता था या फिर किसी भी मिथ्या अपराध के आरोप में बन्दी। काकतीय महाराजा की गोंड रानी की संतान के रूप में जन्मे थे दोनो, कहने को राजवंशी किंतु अधिकार न के बराबर। अपनी मृत्यु से ठीक पहले महाराजा ने भोमदेव को अपने राज्य के एक वनक्षेत्र का पंचकोसी राजा बना दिया था। काकतीय वंश की गोंड गिरिवासी शाखा महाराजा के प्रति कृतज्ञ हुयी।
    गोंड माता की संतान भोमदेव के रक्त में काकतीय वंश का राजरक्त भी मिला हुआ था, इसलिये उसकी महत्वाकांक्षा थी कि एकलौती बहन देवहुती का विवाह किसी तरह किसी राजवंश में हो जाय। भोमदेव ने उत्तर-पूर्व के कलचुरी वंश के राजघरानों से बात की किंतु जब सफलता नहीं मिली तो उसने उड़ीसा के राजघरानों से सम्पर्क करना प्रारम्भ किया।
     हाल ही में नरबलि के काल्पनिक आरोप के बहाने कम्पनी बहादुर ने भोसलों पर अपने प्रभाव का दुरुपयोग करते हुये बस्तर में अरब सैनिकों को नियुक्त करवा दिया था। उन्नीसवीं शताब्दी के प्रारम्भिक दशकों में भारत के देशी राजाओं पर ईस्ट इण्डिया कम्पनी का प्रभुत्व बढ़ता जा रहा था, राजा-महाराजा नाम मात्र के राजा-महाराजा रह गये थे। उनकी राजसभाओं में नियुक्त किये गये अंग्रेज अधिकारियों के हाथों ही देशी राजाओं के आपसी स्वार्थों ने सत्ता के सूत्र थमा दिये थे। स्थानीय स्त्रियाँ अरब सैनिकों और अंग्रेजों की पाशविक यौनलिप्सा की शिकार होने के लिये बाध्य थीं, कठपुतली राजा अपनी प्रजा की रक्षा करने में असमर्थ थे। राजा कराधान के साधन के रूप में अंग्रेजों का हित साध रहे थे, और कर देने वाले गिरिवासी अरब सैनिकों, मराठों और अंग्रेजों के पाशविक अत्याचारों से जूझ रहे थे। मुस्लिम सैनिकों के लिये स्त्रियाँ लूट की सामग्री से अधिक और कुछ नहीं हुआ करतीं थीं। महाराजा की मृत्यु के पश्चात् उत्तराधिकारियों के पारस्परिक संघर्ष का लाभ उठाते हुये अरब सैनिकों ने सर्वप्रथम राजमहल की गोण्ड रानियों को बलात उठाना प्रारम्भ कर दिया। राजमहल के किसी अधिकारी को इन निरीह रानियों की लेश भी चिंता नहीं थी। महाराजा के जीवनकाल में भी उन्हें यथोचित सम्मान के योग्य नहीं माना जाता था। पटरानियों के रहने की व्यवस्था पूरी तरह से पृथक हुआ करती थी। गोण्ड रानियों के लिये महल के जिन भागों में व्यवस्था की जाती थी वहाँ पटरानियाँ कभी झाँकने भी नहीं जाती थीं। गोण्ड रानियाँ अपना भोजन भी स्वयं ही पकाती थीं और राजा के दिये अपने बच्चों के साथ राज्य का एक भाग बनी रहती थीं।
     जिस समय अरब सैनिक राजमहल में लूट-मार कर रहे थे, दिवंगत् महाराजा के राजपुत्र उत्तराधिकार के लिये संघर्ष में जूझ रहे थे। उधर, पंचकोसी राजा भोमदेव अपने गाँव में अंग्रेजों के विरुद्ध जनाक्रोश को हवा देने के कार्य में व्यस्त था। इधर, पटरानियों के महल की सुरक्षा बढ़ा दी गयी थी। रानियों के महल की ओर कोई भी नहीं था, उन्हें उनके हाल पर छोड़ दिया गया। वनवासी जनता को महत्व देने के उद्देश्य से गिरि-वन प्रांतर के प्रमुखों की लड़कियों को रानी बनाकर महल में रखना राज्य की एक नीति थी, और हिड़िमा रानी थी उसी नीति का एक अंश।
    सैनिकों का एक दल रानीमहल में निर्विरोध प्रवेश कर गया। महल में स्त्रियों के चीखने और रोने की आवाजें सुनायी देने लगीं, किंतु उनकी चीख-पुकार सुनने वाले महाराजा उनसे दूर जा चुके थे, जो पास थे उन्हें यह चीख-पुकार सुनने की न तो कोई आवश्यकता थी और न इसका समय।
   अरब सैनिक अपने साथ जिन तेरह स्त्रियों को उठा कर ले गये उनमें दिवंगत् महाराजा की सभी नौ रानियाँ और उनकी चार किशोर वय बेटियाँ थीं। हिड़िमा रानी उनमें से एक थी। सौभाग्य से हिड़िमा की युवा सुन्दर बेटी देवहुती किसी तरह सैनिकों की दृष्टि में न पड़ने के कारण लूट की सामग्री बनने से बच गयी।
   भोमदेव को जबतक समाचार मिला और वे राजमहल पहुँचे तबतक सब कुछ समाप्त हो चुका था। उसके सौतेले भाइयों ने महल में उससे मिलना भी उचित नहीं समझा। अपनी माँ के बलात् अपहरण से दुःखी भोमदेव मन में अरबों के प्रति क्रोध और अंग्रजों के प्रति घृणा लेकर बहुत दिन तक जंगल में भटकते रहने के बाद वापस चला गया।
    बस्तर पर अप्रत्यक्ष रूप से ईस्ट इण्डिया कम्पनी का शासन और भी सुदृढ़ हो चुका था। अरब सैनिक नरबलि के मिथ्या प्रमाण एकत्र करते जा रहे थे जो अंग्रेजी शासन के लिये अकाट्य प्रमाण होने वाले थे। वनवासियों में अंग्रेजों और अरबों के प्रति घृणा और विद्रोह की भावना बढ़ती जा रही थी।
    भोमदेव ने कोटपाड़ राजघराने के एक राजवंशी से अपनी बहन का विवाह तय करने में सफलता पा ली। विवाह का शुभमुहूर्त उड़ीसा के एक पुरोहित ने निकाल कर भोमदेव को बताया। भोमदेव ने तिथि निर्धारित कर दी। विवाह की तैयारियाँ प्रारम्भ हो गयीं।
    देवहुती किसी कल्पना लोक में खोयी-खोयी रहने लगी। किंतु जैसे-जैसे विवाह की तिथि समीप आती जाती देवहुती को माँ की स्मृति और भी विकल करने लगी।
    विवाह के ठीक दो दिन पूर्व गाँव में मुस्लिम सैनिकों ने आक्रमण किया। यह आक्रमण नरबलि के काल्पनिक अपराधियों को ढूँढने के अभियान का एक भाग था जिसे नागपुर के भोसले राजा के दरबार में उनके अंग्रेज आकाओं द्वारा तैयार किया गया था। पंचकोसी राजा भोमदेव मुस्लिम सैनिकों की क्रूर हिंसा की भेंट चढ़ा तो बहन देवहुती सैनिकों की भोगलिप्सा की।

    *     *     *      *      *      *     *      *      

     तीन वर्ष पश्चात् नागपुर की सैनिक छावनी में एक महिला सैनिकों के लिये भोजन बनाने का उपक्रम कर रही थी। मुसलमान सैनिक किसी युद्ध भूमि से विजय प्राप्त कर वापस आये थे जिसके कारण पूरी छावनी में उत्सव का वातावरण था। मसालों और मांस की संयुक्त गन्ध व्याप्त हो कर सैनिकों को व्याकुल कर रही थी। एक सेवक ने आकर महिला को छावनीप्रमुख का आदेश कह सुनाया – “उन शिविरों की बायीं ओर सबसे बड़े वाले शिविर में दो लोगों के लिये भोजन लेकर जाना है।
    स्त्री ने कोई उत्तर नहीं दिया, वह प्रायः मौन ही रहती थी। उसने दो थालियों में भोजन लगाया और निर्दिष्ट दिशा में लेकर चल पड़ी। शिविर के पास पहुँचते ही एक सैनिक ने पट हटाकर मार्ग दिया, स्त्री ने भीतर प्रवेश किया। भीतर शिविर प्रमुख के साथ एक अन्य सैन्य पदाधिकारी भी था। स्त्री भोजन रखकर नियमानुसार एक ओर सिर झुकाकर खड़ी हो गयी। सैन्यशिविर का यह नियम उसे राहत देता था। भयानक चेहरे वाले बलात्कारी सैनिकों का चेहरा भला कौन स्त्री देखना चाहेगी!
    प्रमुख ने उसे अपमानजनक तरीके से अपने पास बुलाया। सैन्यक्रूरता की अभ्यस्त हो चुकी डरी-सहमी स्त्री को समीप जाना पड़ा। प्रमुख ने एक झटके से स्त्री को अपने पलंग पर पटक दिया। दोनो सैन्य अधिकारियों के क्रूर ठहाके देर तक वातावरण में भय का संचार करते रहे। एक ने कहा- आपने कुछ नया पेश करने का वायदा किया था ....
    दूसरे ने एक आह भरी- हम माफ़ी चाहते हैं, वह अभी फ़िरंगियों की ख़िदमत में है। मौका मिलते ही आपकी भी ख़िदमत में पेश की जायेगी, हम अपने वायदे से मुकरने वाले नहीं। वल्लाह क्या चीज़ है ....आप देखेंगे तो दिल ख़ुश जायेगा।
    स्त्री अपने वस्त्र ठीक करने लगी। सैन्य अधिकारी ने कहा – “जाइये रानी साहिबा, आज की ख़िदमत पूरी हुयी।
    उत्सव कई दिन तक चला। सैनिक छावनी मनुष्यता को तार-तार करती उत्सव मनाती रही। लगभग दो माह पश्चात् एक बार फिर मुस्लिम सैन्य अधिकारी के शिविर में उत्सव का वातावरण बना। फ़िरंगियों की उच्छिष्ट होकर एक युवती लायी गयी थी। इस उच्छिष्ट पर अब मुस्लिम सैनिकों का अधिकार था। उम्र और सुन्दरता की कोटि के आधार पर भोग के अधिकार की पात्रता तय होती थी। इस बार अधिकारियों की संख्या चार थी। लड़की के शरीर को चार हिंस्र पशु रात भर चबाते रहे।
    दिन ऊपर चढ़ आया था, सैन्य अधिकारी अपनी-अपनी दिनचर्या में लग गये। लड़की शिविर के एक कोने में पड़ी कराहती रही। काकतीय राजघराने की गोण्ड रानी शिविर की सेविका थी। उसे लड़की को खाना खिलाने का आदेश दिया गया था। जब वह भोजन की थाली लेकर शिविर में पहुँची तब तक लड़की मूर्छित हो चुकी थी। गोण्ड रानी हिड़िमा की दृष्टि जैसे ही लड़की पर पड़ी चीखकर वह भी मूर्छित हो गिर पड़ी। भोजन की थाली गिरने की झनझनाहट को सुन शिविर का भृत्य सैनिक दौड़ कर भीतर आया।
     सैनिक के प्रयास से जब दोनो की मूर्छा टूटी तो हिड़िमा और भी पाषाण हो चुकी थी। लड़की की हिचकियाँ बंध चुकी थीं। अचानक स्त्री ने सैनिक की कटार छीनी और लड़की पर पूरी शक्ति से वार कर दिया। हड़बड़ाया सैनिक जब तक कुछ समझ पाता, हिड़िमा ने दूसरे, तीसरे और चौथे वार से अपनी इहलीला समाप्त कर ली। मरते समय हिड़िमा रानी ने देवहुती का सिर अपनी बाँह से लपेट लिया था मानो अपनी सारी ममता लुटा देना चाहती हो। 
     माँ-बेटी दोनो के चेहरों पर अब किसी विषाद की कोई छाया नहीं थी, वे सारे दुःखों से मुक्त हो चुकी थीं। इस बीच मुस्लिम सैनिक मृत देहों को ठिकाने लगाने के उपक्रम में बैलगाड़ी ले आये। मिट्टी को बैलगाड़ी में पटक दिया गया। गाड़ी खीचने से पहले बैलों ने अपने सिर को झटके से हिलाया जिससे उनकी आँखों में आये आँसू बह जायें और वे मार्ग को ठीक से देख सकें।   

मंगलवार, 22 जनवरी 2013

आस्था


यह आज से लगभग पच्चीस वर्ष पहले की बात है, तब वह बहुत छोटी थी, फ़्रॉक पहनकर स्कूल जाने वाली छोटी बच्ची की तरह। दूसरी बार जब मैंने उसे देखा तब तक वह बड़ी हो चुकी थी। उसका विवाह होने वाला था। उसकी बड़ी बहन ने मुझे बताया कि छोटी प्रेम-विवाह करने जा रही है। मैंने कहा, किंतु यह तो अभी उसकी पढ़ने-लिखने की उम्र है अभी से यह निर्णय कैसे कर लिया। बड़ी ने बताया कि छोटी को घर बसाने की जल्दी है, कोई क्या कर सकता है। तभी मैंने देखा कि सामने पूजा वाले कमरे में एक स्त्री हाथ जोड़कर सिर झुकाये, आँखें बन्द किये अभिवादन की मुद्रा में बड़ी तन्मयता के साथ ध्यानमग्न खड़ी है। उसके बाल पीठपर बिखरे थे जिनसे पानी टपक रहा था। आज इतने वर्षों बाद भी वह दृष्य मुझे अभी तक बिल्कुल वैसा ही याद है ...जैसे कि अभी कल की ही बात हो। बड़ी ने संकेत किया .....छोटी।
मैं चौंका, इत्ती लम्बी हो गयी! कित्ते साल बाद देख पा रहा हूँ .....।
बड़ी ने व्यंग्य किया, अपने होने वाले दूल्हे के लिये भगवान जी की शरण में है बेचारी।
मुझे स्मरण हो आया, परीक्षा के दिनों में गुप्ता भी तो अनायास ही आस्तिक हो जाया करता था। तो क्या हम उपलब्धियों के लिये भिखारी की तरह जब-तब हाथ फैलाते रहते हैं ईश्वर के सामने? मेरे मन में एक प्रश्न उठा।
मन्दिरों में तन्मयता के साथ, बड़े विनम्रभाव से मूर्तियों के आगे सिर झुकाये खड़े लोग आस्थावान और धार्मिक से लगते प्रतीत होते हैं। सिर नवाये ये लोग कुछ माँग रहे होते हैं, बन्द नेत्रों से कुछ देख रहे होते हैं, बिना एक भी शब्द उच्चारित किये कुछ चढ़ावा चढ़ाने की मनौती मान रहे होते हैं, आराधनास्थल में भी आस्था के साथ दुनिया के सारे व्यापार चला रहे होते हैं और इस सबके बीच ऊपर से बड़ा शांत सा लगने वाला मन्दिर का वातावरण भीतर से दुनियादारी के अस्तित्व का प्रमाण दे रहा होता है। कोई परीक्षा में उत्तीर्ण होना चाहता है, कोई लड़की के विवाह के लिये चिंतित है, कोई अपने गिरते हुये व्यापार को उठाना चाहता है, कोई अदालती फ़ैसला अपने पक्ष में चाहता है ....हर किसी को विश्वास है कि अनादि, अनंत और निराकार ईश्वर उनकी समस्यायों का समाधान कर देगा। इस विश्वास ने मन्दिरों की उपयोगिता को बनाये रखा है।
एक बार एक मन्दिर के सामने से होकर निकल रहा था। मंदिर की सीढ़ियाँ उतरती हुयी एक परिचित की लड़की दिखायी दे गयी। उसने पुकारा, मैं रुका। उसने प्रसाद दिया, मैंने चुहुल करते हुये प्रश्न पूछा, अपने लिये क्या माँगा भगवान जी से? उसने कहा, ऐसी शक्ति जो मुझे सही मार्ग से विचलित न होने दे।
लड़की का उत्तर मेरे लिये अप्रत्याशित था। स्कूल-कॉलेज की लड़कियों से ऐसे उत्तर की आशा प्रायः नहीं होती। मेरी इच्छा हुयी कि मैं झुककर लड़की के पाँव छू लूँ। देवी स्वयं मन्दिर से बाहर आकर मुझे दर्शन दे रही थी। मैं धन्य हुआ, अभिभूत हुआ। आज सोचता हूँ, उस लड़की से भी बड़ा और सच्चा आस्थावान और धार्मिक कोई होगा?  

रविवार, 20 जनवरी 2013

दामिनी की प्रतीक्षा ...


   ब्रिटेन के सरकारी आँकड़े बताते हैं कि वेल्स और इंग्लैण्ड में यौनदुष्कर्मों की घटनायें भारत की अपेक्षा द्विगुणित हैं। अमरीकी देशों का हाल भी ऐसा ही है। यह तुलना दोषों या अपराधों की भयावहता को कम नहीं करती। यह तुलना शासन-व्यवस्था और समाज के दोषों के अध्ययन और विश्लेषण के लिये एक तुलनात्मक आधार प्रस्तुत करती है। सबसे बुरी स्थिति अफ़्रीकी देशों की है जहाँ यौनदुष्कर्म को स्त्रियों ने अपनी नियति स्वीकार कर लिया है; किसी भी समाज के लिये यह विवश स्वीकृति न केवल निन्दनीय है अपितु घातक भी। विकसित होते समाज की सबसे बड़ी मानवीय त्रासदी यौनदुष्कर्म के अतिरिक्त और कुछ नहीं हो सकती। क्या हम यह मान लें कि यौनदुष्कर्म की प्रवृत्ति का वैश्वीकरण हो चुका है?
   मानव सभ्यता के लिये इस निरंकुश और व्यापक होते जा रहे कलंक के सामने भौतिक उपलब्धियों की उपादेयता हमारी सम्पूर्ण प्रगति के लिये एक बहुत बड़ा प्रश्न चिह्न है। यांत्रिक विकास ने मनुष्यता को बहुत पीछे धकेल दिया है। यौनदुष्कर्मों में होने वाली नृशंसता मन-मस्तिष्क को कंपा देने  वाली है। इससे भी बड़ी त्रासदी है इन अपराधों की प्रवृत्ति के आगे व्यवस्थाओं का निरुपाय होना। ...जो उपाय हैं भी वे किसी  आशा का संचार नहीं करते प्रत्युत असंतोष और आक्रोश ही उत्पन्न करते हैं।
   आज हम यह विचार मंथन करने के लिये विवश हुये हैं कि क्या भौतिक विकास ने हमें असभ्यता और नृशंसता की ओर ढकेल दिया है जिसके कारण विश्व की आधी जनसंख्या के साथ कभी भी यौनदुष्कर्म की घटना घटित होने की आशंका बन गयी है। ब्रह्माण्ड में किसी दूसरी सभ्यता की उपस्थिति के लिये होने वाले अनुसन्धानों पर बेशुमार व्यय की जाने वाली धनराशि में उनका भी आर्थिक योगदान होता है जो यौनदुष्कर्म से पीड़ित होती हैं। क्या इस धनराशि का उपयोग धरती की आधी जनसंख्या की सुरक्षा के लिये नहीं किया जाना चाहिये? हम अपनी आधी दुनिया की तो सुरक्षा कर नहीं पा रहे और लगे हैं दूसरी दुनिया की सभ्यता की खोज में ...क्या इसलिये कि हम अपनी अपसंस्कृति का विस्तार वहाँ तक भी कर सकें? कल्पना कीजिये कि हम ब्रह्माण्ड में किसी अन्य मानव सभ्यता की खोज कर लेने में सफल हो जाते हैं। दोनों सभ्यताओं के लोग अपनी-अपनी सभ्यताओं के आदान-प्रदान के लिये एक प्रकल्प तैयार करने की योजना बनाते हैं। धरती के लोग हमारी सभ्यता की किन-किन बातों को छिपायेंगे और क्या-क्या प्रकाशित करेंगे? क्या वे यह बता सकने की स्थिति में होंगे कि धरती की आधी जनसंख्या असुरक्षित वातावरण में अपमानजनक जीवन जीने के लिये बाध्य है जबकि शेष आधी जनसंख्या के लोग ही इन सारी स्थितियों के लिये उत्तरदायी हैं?
   क्या हम यह मान कर चलें कि पुरुष की आदिम प्रवृत्ति आक्रामक है जो अपने ही समाज के अर्धांश के अस्तित्व के लिये चुनौती बन चुकी है? क्या यह पुरुष की वह प्रवृत्ति है जो हिंसा और पीड़ा में आनन्द के चरम को देख रही है। क्या यह पुरुष की वह प्रवृत्ति है जो निरंकुश होने में विश्वास रखती है। क्या यह पुरुष की वह प्रवृत्ति है जिसने उसे निर्लज्ज और निर्भय बना दिया है? क्या यह पुरुष की वह प्रवृत्ति है जो अपनी दुष्टता और क्रूरता से गौरवान्वित होती है? आख़िर क्यों आधी दुनिया उपेक्षित और अपमानित है और शेष आधी दुनिया या तो दुष्टता से मुस्करा रही है या फिर घड़ियाली आँसू बहा रही है?           
    मनुष्य अपनी शैशवावस्था में ईश्वर का प्रतिरूप सा होता है निर्दोष। बाल्यावस्था में आते ही सतोगुण के कारण भेद, रजोगुण के कारण लोभ और तमोगुण के कारण आक्रमण करना सीख जाता है। ये ही प्रवृत्तियाँ तो पशुओं में भी देखते हैं हम, फिर वह क्या है जो मनुष्य को हिंस्रपशु से पृथक करता है?  जो पृथक करता है वह है सभी प्राणियों के प्रति हमारी संवेदना और उनके प्रति कल्याण की भावना का होना। इस संवेदना और सर्वकल्याणकारी मानवीय गुण की कोटि सभी में एक जैसी न होना हमारी समस्याओं का मूल है। समाज और शासन की व्यवस्था का औचित्य यहीं से प्रारम्भ होता है। आज औचित्य समाप्त हो गया केवल समाज रह गया और व्यवस्था रह गयी, वह भी ....अपनी सम्पूर्ण विकृतियों के साथ। तो क्या यह पुनरीक्षण किसी बड़ी क्रांति के औचित्य पर विचार करने का अवसर है? हाँ, है ....यह अवसर आ गया है।
   समय-समय पर विभिन्न देशों के समाज ने अपने यहाँ इस तरह की क्रांतियाँ की हैं, दुर्भाग्य से ऐसी क्रांतियाँ व्यापक नहीं हो सकीं और समस्या बनी ही रही।
   मैं यह मानता हूँ कि समाज के भीतर एक निश्चित क्रांति और परिमार्जन की धारा निरंतर चलती रहनी चाहिये। इस धारा के अभाव में समाज में सड़ाँध उत्पन्न होने लगती है। स्त्रियों की स्थिति को लेकर पूरे विश्व में उठ रही सड़ाँध को समाप्त करने के लिये हमें सामाजिक सुधार करने होंगे। मेरी प्राथमिकताओं में प्रथम क्रम पर है स्त्री के प्रति सम्मान का भाव हृदय में निरंतर बनाये रखना। उत्तर-प्रदेश के अवधमण्डल की एक सामाजिक प्रथा अनुकरणीय है। वहाँ के पुरुष नवजात कन्या शिशु से लेकर (अपनी पत्नी को छोड़कर) अंतिम साँसे गिन रही वृद्धा तक के आदर के साथ चरणस्पर्श करते हैं। यहाँ उम्र की सीमा कोई अर्थ नहीं रखती, बस स्त्री होना ही पर्याप्त है। ऐसे संस्कार को क्या हमें अपने पूरे देश में व्यापक नहीं बनाना चाहिये? मैं यह नहीं कहता कि इससे यौनदुष्कर्म समाप्त हो जायेंगे किंतु यौनदुष्कर्म की घटनाओं में कमी होगी ...यह निश्चित है। यह एक भावनात्मक स्थिति है जो स्त्रियों के प्रति हमारे उपभोगवादी दृष्टिकोण में परिवर्तन ला सकती है, बशर्ते भावना अपने शुद्ध रूप में भावना हो भावना का पाखण्ड नहीं। छत्तीसगढ़ में ऐसी परम्परा नहीं है, किंतु एक दिन जब मैंने अपनी महिला फ़ॉर्मासिस्ट से इस बात की चर्चा की और इससे होने वाले वैचारिक परिवर्तन के परिणामों पर प्रकाश डाला तो उन्होंने तुरंत प्रतिज्ञा की कि वे अपने घर की परम्परा में परिवर्तन करेंगी। वे उस दिन अपनी छह माह की बच्ची को टीका लगवाने लायी थीं। जब मैंने कहा कि परम्परा के अनुसार कन्यादान के समय आप कन्या के पाँव पूजते हैं, नवरात्रि के दिनों में उसे शक्ति का प्रतिरूप मानकर उसके चरणस्पर्श करते हैं तो शेष दिनों में इसके विपरीत आचरण क्यों? तब उन्होंने भावुक होकर अपनी बच्ची को सीने से लगा लिया और कहा कि वे अपनी बच्ची को किसी पुरुष के पैर नहीं छूने देंगी।  
   दूसरी प्राथमिकता है यौनदुष्कर्म की घटनाओं को रोकने के लिये सामूहिक प्रयास। हमें अन्याय का विरोध करने के लिये साहस जुटाना होगा, हमें खुलकर सामने आना होगा। हमें कानूनी प्रक्रिया में अपनी भागीदारी सुनिश्चित करनी होगी। पुलिस की अन्यायपूर्ण परेशानियों से बचने के लिये सामूहिक एक-जुटता बनाये रखनी होगी। ध्यान रहे कि पुलिस कानून से ऊपर नहीं है, जो भी अन्याय करे हमें उसके विरुद्ध न्यायिक संघर्ष छेड़ देना होगा। यह भी ध्यान रहे कि पुलिस विभाग के लोग इसी समाज के भाग हैं, मानवीय भावनायें और संवेदनायें उनके अन्दर भी जगाने का काम हमें ही करना है। पुलिस और नागरिकों के मध्य एक समझ विकसित करनी होगी। पुलिस के आततायी स्वरूप को समाप्त करने के लिये पूरी तरह शासन पर ही निर्भर रहने की आवश्यकता नहीं।
   हमें समाज और व्यवस्था की विभिन्न कड़ियों को भी समझने की आवश्यकता है। जब कोई शासन अपने उत्तरदायित्वों को पूरा कर सकने में असफल हो जाय उस समय सबसे बड़ा उत्तरदायित्व समाज का ही होता है ...तब हमें अपने उत्तरदायित्व तय करने होते हैं। हम समाज के महत्वपूर्ण घटक हैं, समाज का निर्माण हमसे हुआ है, समाज पर पड़ने वाले हर प्रभाव से हम प्रभावित होते हैं इसलिये समाज का प्रमुख उत्तरदायित्व भी हमें ही निभाना होगा। कोई भी कानून समाज के कल्याण के लिये होना चाहिये, यदि कोई कानून इस उद्देश्य को पूरा करने में सफल नहीं होता तो ऐसे कानून में परिवर्तन का उत्तरदायित्व भी अंततः हमारा ही है। हमें यह नहीं भूलना चाहिये कि समाज पर नियंत्रण के लिये किसी आदर्श सत्ता की आवश्यकता होती है किंतु सत्ता पर नियंत्रण के लिये समाज का सजग होना अनिवार्य है।
   हमें अपने सामाजिक मूल्यों की पुनर्स्थापना के लिये कई अभियान छेड़ने होंगे। हमें अपने आपसी सम्बन्धों पर ...उनकी शुचिता बनाये रखने पर पुनर्विचार की आवश्यकता है। किसी समय हमारे पड़ोसी देश के चिंतक कुंग-फू-त्जू (आंग्ल संस्करण में कंफ़्यूशियस) को भी व्यक्ति, समाज और राजनीति के मध्य कुछ अनिवार्य सम्बन्धों पर चिंतन करने की आवश्यकता पड़ी थी। एक स्वस्थ्य समाज का निर्माण करने के लिये आवश्यक हो गया था ऐसा करना।
   कुंग-फू-त्जू ने मानव समाज के सम्यक विकास और कल्याण के लिये पांच गुणों की निरंतरता पर बल देते हुये ‘वू च्छांग’ के नियम को अपने अनुयायियों के लिये अनिवार्य किया। उसने बताया कि मनुष्यता (रेन)  हमारा वह जातिगतगुण है जो स्वयं से परे अन्य लोगों के कल्याण के लिये एक सहृदय एवं करणीय भाव का संचार करता है। समाज के निर्माण और फिर उसके स्वस्थ्य पारस्परिक संबन्धों के लिये युक्तियुक्त संयोजन (यी),  औचित्य (ली),  बुद्धिमत्तापूर्ण विचार और कर्म (झी), तथा शब्दों का सम्मान (जिन) करने के गुण विकसित करना मनुष्य समाज की अनिवार्य आवश्यकतायें हैं।
   कुंग-फू-त्जू ने मानवीय सम्बन्धों की शुचिता पर अधिक बल देते हुये पाँच प्रकार के सम्बन्धों (वू लुन) के लिये एक आदर्श व्यवस्था सुनिश्चित की। ये सम्बन्ध हैं अभिभावक और बच्चों के बीच सम्बन्ध, शासक और शासित के बीच सम्बन्ध, पति-पत्नी के बीच सम्बन्ध, बड़े और छोटे भाई-बहनों के बीच सम्बन्ध और मित्र-मित्र के बीच आपसी सम्बन्ध।
   महाभारत में भी राजा और प्रजा के बीच, प्रजा-प्रजा के बीच, प्रजा और पर्यावरण की शक्तियों के बीच एक संतुलित सम्बन्ध की कामना का उल्लेख किया गया है। शुभ विचारों की भौगोलिक सीमायें नहीं होतीं ...कोई बाध्यता नहीं होती; परिस्थिति और आवश्यकता के अनुसार उनके क्रियान्वयन की दृढ़ इच्छ-शक्ति की आवश्यकता भर होती है जिसका, वर्तमान में तो अभाव ही प्रतीत हो रहा है। भारतीय ऋषि चिंतन का वैचारिक भण्डार इतना समृद्ध है कि प्रकाश के लिये हमें कहीं भटकने की आवश्यकता नहीं।
     समाजिक क्रांति के लिये एक दीप जल चुका है। इस दीप को जलाने के लिये न जाने कितनी दामिनियों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी है .....आहुति का यह क्रम अभी थमा नहीं है। अब इस क्रम को विराम देना होगा और अपने पुरुषार्थ की आहुति देने के लिये तैयार होना होगा। हम तो चल पड़े  ....और आप सभी का बड़े आदर के साथ आह्वान करते हैं कि इस यात्रा के सहयात्री बनने के लिये कटिबद्ध हो आगे आ जायें। न जाने कितनी दामिनियाँ हमारी-आपकी प्रतीक्षा में हैं। यज्ञ में अपनी-अपनी आहुति डालने के लिये आप सभी का स्वागत है।