क्या हमें हिंदुत्व के नाम पर अभी तक अफीम खिलाई जाती रही है? यह प्रश्न सनातन समाज के उस निरंतर होते क्षरण के कारण उत्पन्न हुआ है जो भौतिक तो है ही, सांस्कृतिक और धार्मिक भी है। बहुसंख्यक-अल्पसंख्यक, दलित, अनुसूचित जाति, अनुसूचित जनजाति, पिछड़ा वर्ग, और सवर्ण में खंड-खंड किए जाते रहे सनातनी समाज का जनसांख्यिकीय क्षरण जितना चिंतनीय है उससे भी अधिक चिंतनीय है सनातन समाज का सांस्कृतिक क्षरण। सातवीं शताब्दी से लेकर आज तक हम संभल नहीं पा रहे हैं, क्यों? इस बीच कई मत-मतांतरो के साथ कई जीवनशैलियों ने भारत में प्रवेश पाया और स्थापित ही नहीं हुयीं, भारत के पारंपरिक मतों और जीवनमूल्यों को क्षरित करने में भी सफल होती रहीं। ब्रिटिश पराधीनता के समय हिंदुत्व रक्षण के नाम पर राष्ट्रीय स्वयं सेवक संघ ने जन्म लिया जो हिंदुत्व की बात करते-करते जातिगत अवमूल्यन और फिर इस्लाम के संरक्षण और संवर्धन की बात करने लगा। एक और विश्वासघात! हिंदू समाज और संस्कृति पर निरंतर होते आक्रमणों में यह एक ऐसा सांघातिक आक्रमण है जिसने सनातनी समाज के नेत्र उन्मीलित कर दिये। किंतु... लोगों को अभी भी लगता है कि संघ और भाजपा माने हिंदुत्व। संघ और भाजपा नहीं तो हिंदू भी नहीं, हिंदुत्व भी नहीं। शास्त्रों में ऐसी स्थिति को प्रज्ञापराध कहा गया है जो चीनी शैली में कहा जाए तो अफीम की पिन्नक का परिणाम है। सच तो यह है कि ऐसे हिंदूभक्त हिंदुत्व के तात्विक दर्शन को समझ ही नहीं सके, न ऐसे लोगों पर हिंदुत्व टिका है। हिंदुत्व की अवधारणा इतनी संकुचित और अपरिपक्व नहीं कि वह केवल मोहन भागवत और नरेंद्र मोदी तक ही सीमित होकर रह जाय। कुछ व्यक्तियों को हिंदुत्व का पर्याय नहीं माना जा सकता। जहाँ तक हिंदुत्व पर छाये संकट का प्रदर्शन है वह मात्र सत्ता के लिए चली जाने वाली कूटनीतिक गतिविधियों का अंश भर है। संकट हिंदुओं पर हो सकता है, हिंदुत्व पर कभी नहीं। क्या कोई कह सकता है कि असुरत्व, राक्षसत्व, नक्सलवाद और माओवाद जैसी विचारधारायें समाप्त हो गई हैं या हो सकती हैं? समाप्त कुछ भी नहीं होता, न अंधकार और न प्रकाश, सबकी लुका-छिपी चलती रहती है। जब अंधकार नहीं समाप्त हो सकता तो प्रकाश भी नहीं समाप्त हो सकता। संकट हिंदुत्व पर नहीं, हिंदूजनसांख्यिकी पर है। हमारी चिंता का विषय यही होना चाहिए।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणियाँ हैं तो विमर्श है ...विमर्श है तो परिमार्जन का मार्ग प्रशस्त है .........परिमार्जन है तो उत्कृष्टता है .....और इसी में तो लेखन की सार्थकता है.