मंगलवार, 10 नवंबर 2026

विस्फोटित ज्ञान

होली में पानी का दुरूपयोग, दीपावली में तेल का दुरुपयोग, पटाखों से वायु और ध्वनिप्रदूषण, पटाखों की गूँज से निरीह पशु-पक्षियों का भयग्रस्त होने का संकट, पटाखा वाले वायु प्रदूषण (औद्योगिक प्रदूषण?) से बच्चों और वृद्धों में व्याधियों का प्रकोप...

निस्संदेह, इन चिंताओं और आरोपों की उपेक्षा नहीं की जा सकती, किंतु जो लोग चिंतित हैं उसमें से अधिकांश चिंतातुर बुद्धिजीवी श्वानप्रेमी-पशुप्रेमी होते हुये भी पशु-पक्षियों के मांस भक्षण, जिसमें गोमांस शीर्ष पर है, को अपनी जीवनशैली मानते हैं। क्या इन चिंताओं की बायोप्सी नहीं की जानी चाहिए!

अच्छाई हो या बुराई, वह सार्वदेशज होती है... और तत्कालीन संदर्भों से परे भी। इसका अर्थ यह हुआ कि दीपावली ही नहीं, ख्रीस्तनववर्ष, चुनावपश्चात् विजययात्रा, बारातों और अन्य अवसरों पर भी इनके व्यवहार का निषेध होना चाहिए। वायु और ध्वनि प्रदूषण तो हर स्थिति में हानिकारक है न! हम पर्यावरणप्रेमियों और पशुपक्षीप्रेमियों का स्वागत और समर्थन करेंगे यदि वे वायु और ध्वनि प्रदूषण के विरोध में, और अन्य त्योहारों पर होने वाली व्यापक पशुहत्या के विरोध में एक व्यापक आंदोलन करने का संकल्प करें। 

कोई भी निषेध, समाज सुधार या कुरीति के उन्मूलन का प्रयास यदि व्यापक और सार्वकालिक व सार्वदेशज नहीं होता तो वह निष्फल होता है और एकांगी लक्ष्य होने से  समाज को विघटित ही करता है। 

कोई टिप्पणी नहीं:

एक टिप्पणी भेजें

टिप्पणियाँ हैं तो विमर्श है ...विमर्श है तो परिमार्जन का मार्ग प्रशस्त है .........परिमार्जन है तो उत्कृष्टता है .....और इसी में तो लेखन की सार्थकता है.