आसुरीवृत्ति प्रकृति के सिद्धांतों और नैसर्गिक संसाधनों पर अपने वर्चस्व की विकृतकामनाओं को जन्म देती है। आज दुनिया भर में चल रहे विनाशकारी युद्ध चिंता के विषय हैं। लोग चिंतित हैं कि घृणा और सांप्रदायिक हिंसा के विचारों का भविष्य (Prognosis of hate and thought of communal violence.) क्या होगा!
घृणा और सांप्रदायिक हिंसा मनुष्य की मनोवृत्तियाँ है। न्यायालय में ऐसी किसी "मनोवृत्ति" को "मनोविकृति" बताकर अपराधियों को मुक्त कराने के प्रयास अतिबुद्धजीवियों का अतिप्रिय विषय है। हिंसक मनोवृत्ति अपने आप में अपराध का एक बीज है। किंबहुना, यहाँ सांप्रदायिक घृणा पर आधारित समाजों और राष्ट्रों के भविष्य पर चिंतन अपेक्षित है। हमास, हिजबुल्लाह, आइसिस आदि दुनिया भर में हिंसा क्यों करते हैं? यह हिंसा कब तक होती रहेगी? और पाकिस्तान, जिसका जन्म ही सांप्रदायिक घृणा और हिंसा के गर्भ से हुआ है, कब तक हिंसा करता रहेगा?
यद्यपि बहुत से शक्तिशाली असुर "साधु" और "बुद्धिजीवी" बनकर मानवता की आड़ में इन आपराधिक समूहों के समर्थन में खड़े होते रहे हैं, करुणा के नाम पर उन्हें संरक्षण देते रहे हैं, और सद्भावना के नाम पर उनके पापकृत्यों को प्रोत्साहित करते रहे हैं तथापि सभी आतंकवादी संगठनों का अंत होना निश्चित है। पाकिस्तान का खंडित होकर भौगोलिक और सांप्रदायिक रूपांतरण भी अवश्यंभावी है। ईरान एक बार पुनः अपने अतीत के गौरव को प्राप्त करेगा। इज्रेल भी पश्चिमी जगत के लिए सर्वमान्य धार्मिक देश के रूप में उभर कर सामने आने के लिए स्वयं को तैयार कर रहा है।
क्या यह ज्योतिषीय घटनाओं या किसी अंतःज्ञान पर आधारित भविष्यवाणी है! नहीं, इनमें से कुछ भी नहीं, यह तो "समाज-मनोवैज्ञानिक चिकित्सा" के दार्शनिक तत्वों पर आधारित अनिवार्य परिणमन का सत्य है। 'अहिंसा' और 'शांति' प्रकृति के घटक हैं, 'हिंसा' और 'अशांति' विकृति के घटक हैं। विकृति की दो ही गतियाँ हैं, ...उसका अंत या फिर प्रतिगमन होकर प्रकृति में रूपांतरण। यह वृक्ष से बीज बनने की प्रक्रिया है।
कोई टिप्पणी नहीं:
एक टिप्पणी भेजें
टिप्पणियाँ हैं तो विमर्श है ...विमर्श है तो परिमार्जन का मार्ग प्रशस्त है .........परिमार्जन है तो उत्कृष्टता है .....और इसी में तो लेखन की सार्थकता है.