शुक्रवार, 15 जुलाई 2011

प्रतीक्षा (..प्रथम भाग से आगे )

   
     आधुनिक सुख सुविधाओं में जीने के अभ्यस्त हो चुके हम कितने असहिष्णु होते जा रहे हैं यह आये दिन की घटनाओं से प्रमाणित होता रहता है. हमारी सहनशीलता के घटते स्तर ने हमारे अन्दर उग्रता और हिंसा भर दी है. हमारे मन के विपरीत तनिक कुछ हुआ नहीं कि हम आर या पार की बात सोचने लगते हैं. 
    ...........तो मैं आपको विवाद का मूल कारण बता रहा था.....वह कारण जिसे जानकर मैं भी आश्चर्य चकित रह गया कि बस इतनी सी बात ! ...... इतनी सी बात इतनी बड़ी घटना का कारण भी बन सकती   है भला. किन्तु सत्य तो यही है .......नयी और पुरानी पीढ़ी के बीच बढ़ते जा रहे शून्य का विस्तार आत्मदाह की सीमा तक पहुँच जाय तो यह एक चिंतनीय विषय हो जाता है. जीवन जीने के तरीकों में स्वेच्छाचारिता और उच्छ्रंखलता की स्वतंत्रता का अधिकार चाहने वाली नयी पीढ़ी का एक एक वर्ग उत्तेजना और निराशा का शिकार होता जा रहा है....राहुल की ब्याहता ने इसे प्रमाणित कर दिया था.  रसायनशास्त्र में परास्नातक बहू ने विद्रोह भी किया होता तो ठीक था, पर उसने तो ........ 
     सास-श्वसुर के दिशा निर्देशों से आहत बहू को लगा कि हमारी स्वतंत्रता का तो अपहरण कर लिया इन लोगों ने ...अब जीने का क्या औचित्य ?  ये रोज-रोज सास के ताने वह क्यों सहे भला .....सहना है तो पति सहे ..........उनका खून जो ठहरा. और फिर किसी को क्या अधिकार अपने विचार दूसरों पर थोपने का ? और सच पूछो ....तो राहुल को भी पसंद नहीं था यह सब.... पर लोक-लाज का डर जो ठहरा ! क्या कहेंगे पड़ोसी ...क्या कहेंगे नाते-रिश्तेदार ....अभी साल भर हुआ नहीं ब्याह का कि अलग हो गया जोरू को लेकर ...जोरू का गुलाम कहीं का ! 
      जोरू का गुलाम .......यह एक ऐसी गाली है जिसे जोरू का गुलाम भी सुनना पसंद नहीं करता. तो राहुल ने पत्नी जी से सीमित सम्बन्ध रखना ही उचित समझा...कौन झंझट में पड़े...अपना मतलब निकालो और बाकी जय राम जी की. पत्नी को पति की इस भीरुता से और भी कष्ट. 
      दिन में राहुल की अम्मा ने रो-रो कर कलह गाथा का विस्तृत विवरण दिया था मुझे. क्यों दिया था ...इसका भी एक कारण है. एक तो हमारे समाज में सासें कुछ हैं ही बदनाम उस पर पिछले कुछ दशकों से जल कर मरने वाली बहुओं ने इस धारणा की पुष्टि ही की है. तो राहुल की अम्मा का एक तरह से स्पष्टीकरण था यह. 
       मैं सोचता था कि सासें अपनी बहुओं को खाना नहीं देती होंगी . बेचारी बहूयें एक फटी साड़ी पहने सारे दिन चूल्हे-चौके से खटती रहती होंगी और खूसट सासें पान की गिलौरी मुंह में दबाये पलंग पर बैठी आदेश देती रहती होंगी. फिल्मों के ऐसे दृश्य देख-देख कर मेरे मन में बनी यह धारणा कितनी सत्य थी और कितनी अतिशयोक्तिपूर्ण यह तो ऊपर वाला ही जाने. पर मेरे मन में एक बात सदा से उठती रही है कि क्या सासें सचमुच ही इतनी ही अमानुष होती हैं ? आखिर वे भी तो बहू रही होंगी कभी किसी की. तब ...? तब क्यों होता है यह गृहकलह ...क्यों आत्मह्त्या कर लेती हैं बहुएं ....और बहुएं ही क्यों ...सासें क्यों नहीं करतीं ?  क्या इसलिए कि बहू पराई जायी है ?  
      पर सासों के प्रति मेरी यह धारणा तब की है जब हमारी उम्र गधापचीसी की थी.......जब मैं निरा नासमझ था और इस बहुरंगी ...छली जगत के व्यावहारिक स्वरूप से अनभिज्ञ था. आज तो बहुत कुछ देख सुनकर सही गलत का निर्णय कर सकने में समर्थ हो गया हूँ. जहाँ तक राहुल की अम्मा का प्रश्न है......मेरे अनुमान से झूठ नहीं कहतीं वे. ठीक वैसा ही तो होता है मेरे भी घर में . मेरी पत्नी को भी पसंद नहीं हैं माँ की पुरानी मान्यताएं. सड़क की ओर खुलने वाली खिड़की के सामने खड़े होकर बहू को बाल संवारते देख टोके बिना रहा नहीं जाता मेरी अम्मा को .  पत्नी भी खीझ कर कहेगी - "अरे अम्माँ ! आदमी अंतरिक्ष में पहुँच रहा है और आप हैं कि अभी तक उन्हीं दकियानूसी मान्यताओं से चिपकी चल रही  हैं " 
     बहू को इसमें कुछ भी गलत नहीं लगता और अम्मा को अपने समय की मान्यताओं के आगे सब कुछ थोथा लगता है. तुरंत कहेंगीं -"मगर बहू ! अंतरिक्ष की यात्रा करने वाले आदमी भी यान के भीतर सुरक्षित बैठकर ही तो यात्रा करते हैं ...न कि उसके ऊपर बैठकर. बहू-बिटिया को घर ही शोभा देता है ..सड़क या मैदान तो नहीं." फिर तो महाभारत छिड़ते देर लगती है भला ! माँ कहेंगी, हमारे घर में आज तक कभी छिपकली नहीं पड़ी दूध में, जब से ये महारानी जी आयी हैं आये दिन दूध में छिपकली ही पड़ती रहती है. पढी लिखी बहू को भला सहन होगा यह आरोप ? उस पर मेरी पत्नी को तो अपनी परास्नातक उपाधि का बड़ा ही गर्व. तुरंत उत्तर देगी, मैं क्या जानबूझ कर छिपकली पकड़ कर डाल देती हूँ दूध में ?  
      माँ को पत्नी का उन्मुक्त स्वभाव , सभी के सामने सर खोले बातें करना ....चाय का जूठा कप दिन भर पड़े रहना ......न जाने कितनी ही बातें हैं ऐसी जो उन्हें बिलकुल  भी पसंद नहीं हैं. और पत्नी को माँ की सारी बातें ही दकियानूसी लगती हैं.   
    खैर !  कुछ भी हो, मेरा अक्खड़ मन द्रवित था राहुल की आग में जल कर भुन गयी बहू के प्रति . वस्तुतः, कल जब लोकाचारवश  मैं भी रुग्णा को देखने चिकित्सालय पहुंचा तो देखा कि बहू अपने पलंग पर पड़ी तड़प रही है और सम्बन्धियों में से कोई भी पास नहीं फटक रहा उसके. सभी को दुर्गन्ध और घृणा लग रही थी. सब दूर बैठे तड़पता हुआ देख रहे थे उसे. मुझे समझ में नहीं आ रहा था  ...... फिर लोग आये ही क्यों हैं यहाँ ? पड़ोसी भी आकर घर वालों से ही थोथी सहानुभूति प्रकट कर और चलते-चलते कान में कुछ खुसुर-फुसुर करके चले जाते थे वापस. कल तक बहू की सुन्दरता की प्रशंसा करने वाले लोगों को बहू के वीभत्स हो गए चेहरे से डर लगने लगा तथा अब. ऐसे में अपने आपको रोक पाना संभव न था मेरे लिए. पड़ोस में रहकर भी जिस बहू को आज तक देखा नहीं कभी उसी के समीप बैठकर मैंने निःसंकोच उसका शरीर तो छुआ ही मन भी स्पर्श किया...और तभी  निर्मल स्पर्श की ऊष्मा से उसके मन के सारे छाले एक-एक कर फूट कर बहने लगे. 
       " आक्कर................कैसे ई अशा लो उन्झे    ..." ( डॉक्टर ......कैसे भी बचा लो मुझे ) 
       उसका अस्पष्ट करुण चीत्कार सुनायी पड़ता है . मैं फिर निरुपाय हो देखने लगता हूँ उसकी ओर. ......उफ़ ! अपने ही हाथों कैसे दुर्गति कर ली है इसने ! चेहरा कितना वीभत्स हो गया है. सूजन के बाद अंगों में कठोरता प्रारम्भ हो चुकी है अब . निचले जबड़े से लेकर वक्ष तक और दोनों भुजाओं में कठोरता बढ़ती ही जा रही है. कठोर और विदीर्ण हो गए होठों से निकले अस्पष्ट शब्दों को बड़े प्रयास से ही समझा जा सकता है. बोलने में भी कष्ट हो रहा है उसे, फिर भी वह बराबर अपनी पीड़ा को शब्दों से ही अभिव्यक्त करने का प्रयास कर रही है. सोचने और समझने की विवेक शक्ति भी अभी तक यथावत है उसमें ....जबकि काल का क्रूर पंजा निरंतर उसकी ओर बढ़ता चला आ रहा है. 
   अनायास पूछ बैठता हूँ, " यह क्या हो गया था आपको ....अपने ऊपर इतना अत्याचार ....ऐसा भी क्रोध किया जाता है भला ? "
    वह  रो पड़ी . परन्तु रुदन के करुण स्वर के अतिरिक्त अब कोई और ऐसा चिन्ह शेष न रहा जिससे उसके रोने का अनुमान भी किया सकता. शारीरिक जैव रासायनिक परिवर्तन से उत्पन्न कठोरता की जड़ता ने चेहरे को भाव शून्य कर दिया है . रुदन की विकृत रेखाएं चेहरे को अब और विकृत कर पाने में असमर्थ हो चुकी हैं. नेत्रों की अश्रुग्रंथियों की भी कार्यशक्ति क्षीण हो चुकी है ....मृत्यु पूर्व कितनी यातना सहनी पड़ रही है उसे. उसकी यह दुर्दशा देख मेरी आँखों की सहनशीलता समाप्त हो गयी ...झर पडीं झर-झर.........
    मेरा विचार था कि आत्महत्या करने वाला व्यक्ति जीवन से निराश और कायर होता है अतः वह सहानुभूति का पात्र नहीं है. पर जब उसने अपनी खंड-खंड आवाज़ में पूछा  -" मैं बच तो जाऊंगी न ! "  तो मेरा ह्रदय भी कंठ को आ पहुंचा...ह्रदय में एक हूल सी उठी........मैं कितना गलत हूँ, आवेश में उसने कर कुछ भी लिया हो पर जिजीविषा पूरी तरह समाप्त कब होती है मनुष्य में. आत्मह्त्या के क्षणों में व्यक्ति की निराशा और कायरता का क्षणिक आवेग अपने चरमोत्कर्ष  पर पहुँच जाया करता है. इन चरम क्षणों में ही घटित होती हैं ऐसी अमानवीय घटनाएँ . ऐसा व्यक्ति यदि बच जाय किसी तरह तब जीवन से सर्वाधिक प्यार करने वाला वही होता है.   
    यह जीवन से मोह ही तो है उसका जो बार-बार रटे जा रही है ......"मुझे बचा लो किसी तरह". इस मोह का एक रूप और भी देखने को मिला मुझे. सुबह उसने असहनीय पीड़ा में गिड़गिड़ा कर कहा मुझसे..."यदि बचा नहीं सकते तो यूँ तड़पा कर क्यों मार रहे हो मुझे ...कुछ नहीं तो ज़हर ही दे दो न ! "
   पर उसे क्या मालुम कि चिकित्साशास्त्र में मरते हुए रोगी को शान्ति से मरने देने का विधान नहीं है. डॉक्टर तो अंतिम साँस तक दवाइयां देता रहेगा ...भले ही रोगी में अरिष्ट लक्षण स्पष्ट क्यों न हो चुके हों.
    " आनी  ..............." उसके विदीर्ण होठों से एक शब्द निकलकर बर्न यूनिट के वार्ड में तैर गया. मैं उसके मुंह में गंगा जल की कुछ बूँदें टपका देता हूँ ( घर वालों का ऐसा ही निर्देश था ) . उसने हलके से सर हिला दिया -"अस्स ......."
     उफ़ ! मृत्यु कितनी भयानक होती है ...और उसकी प्रतीक्षा ......!  वह तो और भी यंत्रणादायक होती है . मृत्यु की आसन्नता निश्चित हो चुकी है. आगरा में माघ की शीतरात्रि  में सब लोग उसकी टूटती साँसें बंद होने की प्रतीक्षा कर रहे हैं ...कितने दिन हो गए ....ग्रीष्म ऋतु होती तो कब का राम-नाम सत्य हो गया होता. सच ही तो ....शीघ्र मृत्यु हो तो इस यंत्रणा से तो मुक्ति पा जाय बेचारी. पर क्या मृत्यु इतनी सहज है ? 
    रात्रि के दो बज चुके हैं, पूरे वार्ड में शान्ति है. मृत्यु संभवतः चुपके-चुपके अपने पैर बढ़ा रही है. एक ओर बहू अपनी मृत्युशैया पर पड़ी अपनी अंतिम साँसें गिन रही है वहीं दूसरी ओर कुछ दूर हटकर दीवाल के सहारे फर्श पर बिस्तर बिछाए उसका पति और सास खर्राटे भर रहे हैं. मुझे कष्ट हो रहा है और आश्चर्य भी कि लोग ऐसे में सो कैसे लेते हैं ? 
    मैं देख रहा हूँ .....बहू के विकृत और वीभत्स हो गए डरावने चेहरे को ...सुन रहा हूँ उसके अस्पष्ट स्वर .....और अनुभव कर रहा हूँ दो पीढ़ियों के बीच पड़ी खाई की गहराई और उसकी भयानकता को. मुझे एक बात बार-बार खटकती है.....राहुल को भी नींद आ गयी !  कहीं उन दोनों के बीच में भी तो नहीं बन गयी थी कोई खाई ? 


                                                                                  ..............अगले अंक में समाप्त 

गुरुवार, 14 जुलाई 2011

प्रतीक्षा


                                    
  नारी के दुखते मन को हलके से सहला भर दो एक बार फिर तो उसके अंतर्मन की कोई बात छिपी न रह सकेगी आपसे. यह मेरे अनुभव की बात है . यदि ऐसा न होता तो क्यों राहुल की साल भर की ब्याहता मुझ अनदेखे व्यक्ति के सामने सारा भेद रख देती खोलकर ! 



   कल पूछा था उसके पति ने- " तुम नाराज तो नहीं हो मुझसे ?" 
   उत्तर मिला था - "नहीं "
   फिर उसने भी यही प्रश्न पूछा था राहुल से और उत्तर मिला था - "नहीं" . 
   जीवन के अंतिम क्षणों में भी यह नाटक मेरी आँखों के सामने खेल रहे थे दोनों पति-पत्नी. और मजे की बात यह कि दोनों ही यह अच्छी तरह समझ रहे थे कि वे मात्र एक-दूसरे का मन रखने के लिए ही झूठ बोल रहे हैं. 
   चलो, झूठ ही सही, दोनों ने एक-दूसरे के बारे में सोचा तो सही. मैं स्पष्ट अनुभव कर रहा था, तेज आंधी के बाद की शान्ति है यह जिसमें किसी को हवा से कोई परिवाद नहीं, और हवा को भी किसी से कोई बैर नहीं. 
   अभी कुछ ही समय पूर्व राहुल की ब्याहता ने किसी से न बताने की कसम दे कर वास्तविकता बतायी थी मुझे. कैसी विचित्र है नारी ! जो भेद पुलिस अधिकारी के सामने नहीं खोला, किसी डॉक्टर से भी नहीं कहा, वही मुझसे कह डाला सब कुछ. एक अनदेखे व्यक्ति पर इतना विश्वास ! बार-बार पूछा था सभी ने, आखिर ऐसा किया ही क्यों था तुमने ? पर बहू का हरबार वही रटा रटाया उत्तर मिलता- " तुम लोग अपने मन से चाहे जो गढ़ते रहो, मैं तो चाय बना रही थी , धोखे से आग लग गयी थी कपड़ों  में."
   उधर सास सबको यह बता-बता कर परेशान कि आखिर यह सूझा क्या बहू को ? छोटी-मोटी बातें तो हर घर में होती ही रहती हैं. मन नहीं मिलता था तो अलग हो जाती अपने पति को लेकर, मना तो किया नहीं था किसी ने. इधर समाज में एक मत से यह चर्चा चल पडी कि सास ने ही मिट्टी का तेल डालकर जला डाला बहू को . पर बहू ने चुपके से जो बताया था मुझे उसका आशय यह था कि आखिर वह अलग भी हो जाती तो किसे लेकर ? जब पति ही अपना न हो तो जिए भी तो किसके सहारे ? 
    मैं आश्चर्यचकित !  तो क्या विवाद सास -बहू का नहीं ? परन्तु यह तो बाद में स्पष्ट हो सका कि विवाद का मूल न तो पति-पत्नी के बीच था और न सास-बहू के बीच, अपितु विवाद का मूल तो था ...........
  "कोई है ........." 
  बहू के गले से एक क्षीण पुकार सुनकर मैं तुरंत उसके पलंग के निकट जाकर किंचित झुककर पूछता हूँ- " पानी चाहिए ?" 
  " नईं  ................करअट.." ( नहीं करवट ) उसके होठ आग की लपटों में भुन कर अपना मौलिक कर्त्तव्य छोड़ चुके थे इसीलिये उच्चारण में बाधा हो रही थी. 
मिट्टी के तेल, जले चमड़े और औषधियों की एक मिली-जुली तीव्र गंध आती उसकी देह को एक बार आपाद-मस्तक देख मैं कुछ क्षण साहस जुटाने में लगाता हूँ फिर किसी तरह उसे अपनी दोनों बाहों का सहारा देकर दाहिनी करवट लिटा देता हूँ.
   " सोने सी देह मिट्टी कर ली बहू ने "....किसी पंजाबी भाषी महिला का स्वर मेरे कानों में पडा. पलटकर देखता हूँ, सहानुभूति प्रदर्शित करने कुछ स्त्रियाँ आयी हुयी हैं.... उन्हीं में से किसी एक का स्वर था यह. 
    एक बात मैं बराबर लक्ष्य किये जा रहा था कि आने वाली स्त्रियाँ जब सास के पास खड़ी होकर सहानुभूति प्रदर्शित करतीं तो बीच में बहू की सुन्दरता की चर्चा करना न भूलतीं. तो क्या इतनी सुन्दर थी बहू ! रही होगी.............मैं तो पहली बार देख रहा हूँ उसे...वह भी ऐसी स्थिति में जबकि उसकी आँखें भी सूजकर बंद हो गयी हैं...... ....पलकें और होठ जलकर फट गए हैं......चेहरे को छोड़कर पूरे शरीर पर पट्टियाँ ...और चेहरा भी तो जलकर कितना वीभत्स हो गया है. डॉक्टर्स को आश्चर्य, नब्बे प्रतिशत जली होने पर भी वह जीवित कैसे है अभी तक !  स्वयं उसे भी कोई कम आश्चर्य नहीं. मुझसे कह रही थी, " मैं क्या जानूँ जलकर मरने में इतनी असहनीय पीड़ा होती है . अखबार में जब-तब निकलता रहता है ...सैकड़ों बहुएं तो मर गयीं आग लगाकर."
     नारी मन तो है ही विचित्र ......पर मैं अपने भी मन की क्या कहूँ . परसों जब सुना कि पड़ोस के एक घर में किसी की बहू ने मिट्टी का तेल छिड़ककर आग लगा ली अपने शरीर में तो उस क्षण मुझे उससे बिलकुल भी सहानुभूति नहीं हुयी, पर जब चिकित्सालय में आकर नारकीय यंत्रणा भोगते हुए उसे जीवन और मृत्यु के बीच संघर्ष करते देखा तो मैं सहज ही उसके प्रति अन्दर तक आर्द्र हो उठा......पर यही  एक कारण नहीं......इसके अतिरिक्त एक कारण और भी था मेरे द्रवित हो जाने का. 
                                  .................कहानी के शेषांश के लिए प्रतीक्षा करें             

मंगलवार, 12 जुलाई 2011

हमारे भगवान बड़े धनवान


   जब से तिरुअनंतपुरम के स्वामी पद्मनाभपुरम के गुप्तगृह से लक्ष कोट्याधिक  मूल्य की स्वर्ण मुद्राएँ प्राप्त हुयी हैं मन में एक ही प्रश्न उठ रहा है कि क्या जिस देश में इतनी निर्धनता हो वहाँ इतनी संपत्ति का मंदिरों में निरुपयोगी पड़े रहना उचित है ? अब देश में एक प्रश्न यह भी उठ रहा है कि इस अकूत संपत्ति का किया क्या
 जाय ...इसका मालिक कौन होगा...किसके संरक्षण में इसका उपयोग हो ...? संदेह भी उठ रहे हैं कि कहीं इस संपत्ति का दुरुपयोग या बन्दर बाँट न हो जाय.
समाधान के लिए हमें कुछ पीछे जाना होगा....उस युग में जाना होगा जब देवालय ही समाज की उन्नति के केंद्र हुआ करते थे. समाज, धर्म, ज्ञान, राजनीति, न्याय आदि को दिशा देने वाले केन्द्रों के रूप में देवालयों की प्रतिष्ठा थी. सूत्र रूप में यूँ कहें कि देवालय ही भारतीय समाज की सर्व गतिविधियों के संचालन की ऊर्जा के केंद्र हुआ करते थे. तब इनके संचालन के लिए जनता स्वस्फूर्त चेतना से दान दिया करती थी. दान भगवान को प्रसन्न करने के लिए नहीं अपितु जन सेवा के लिए दिया जाता था. आज उन गतिविधियों के लिए विभिन्न संस्थाएं हैं. धर्म और राजनीति पृथक हो गए हैं. सारी पूर्व संस्थाएं छिन्न-भिन्न हो गयी हैं. शिक्षा की दूकानें खुल गयी हैं, जन हित के कार्य सरकार ने अपने हाथ में ले लिये हैं, विकास और पुनर्वास भी सरकार के हाथ में है....तो कुल मिलाकर अब परिस्थितियाँ बदल चुकी हैं. इन बदली हुयी परिस्थितियों में पुरानी परम्परा का औचित्य तभी है जब उस पुराने परिवेश को पुनः जीवित किया जाय. और मुझे लगता है कि भारतीय समाज को इसकी आवश्यकता है . 
   मंदिरों के दायित्व सरकारी संस्थाओं को हस्तांतरित हो जाने के पश्चात से भारतीय समाज अपसंस्कार और बिखराव की ओर ही अग्रसर हुआ है. देवालय सक्षम हैं इस बिखराव को रोकने में. आज स्कूलों के बाहर निःशुल्क कंडोम वितरण की बात हो रही है ...यदि इस नए प्रयोग को आगे बढ़ाना है तब तो ऐसा ही चलने दिया जाय किन्तु यदि आपको ऐसा लगता है कि यह भारतीय समाज को पतन की ओर ले जाने वाला है तो शिक्षा और संस्कार के बारे में हमें नए सिरे से सोचना होगा. भारत में आज जहाँ नए निजी विश्वविद्यालय खुल रहे हैं वहाँ देवालयों की इस संपत्ति का उपयोग भारतीय ज्ञान-विज्ञान, संस्कार, भाषा आदि के संरक्षण, संवर्धन और पुनर्स्थापन के लिए किया जाना ही उचित होगा. इस संपत्ति का पहले भी यही तो उद्देश्य था. 
यह भी विचारणीय है कि पापियों की कुदृष्टि इस धन पर पड़ चुकी होगी और वे जाल निर्माण में लग गए होंगे. देवालयों की संपत्ति का पहले विदेशियों ने बलात अपहरण किया था, अब भी यदि भारतीय समाज नहीं चेता तो देशी लोग ही इसे चट कर जायेंगे. देवालयों की संपत्ति के साथ ही पुराने राजघरानों की गुप्त संपदा को भी प्रकाश में लाया जाना चाहिए ...अंततः यह सब है तो भारतीय जनता की परिश्रम से अर्जित की हुयी संपदा ही न ! जनता की संपदा जनता के हित में..... समाज के सर्वांगीण विकास में ही व्यय की जानी चाहिए, यही न्याय संगत है...इसलिए हम आव्हान करते हैं कि संत समाज इस विषय पर अपने मौन को तोड़े और भारत के बुद्धिजीवी बड़ी दृढ़तापूर्वक यह मांग रखें कि 
१- सभी देवालयों एवं राजघरानों की गुप्त एवं राजसात की जा चुकी सम्पूर्ण संपत्ति को प्रकाश में लाया जाय और इसे सरकारी संरक्षण से दूर रखा जाय.
२- इस संपत्ति का उपयोग केवल और केवल सनातन धर्म के उद्देश्यों और आदर्शों के अनुरूप समाज हित में किया जाय.
३- इस संपत्ति से देव संस्कृति विश्व विद्यालयों की स्थापना की जाय जिनमें शिक्षा और संस्कार के माध्यम से भारतीय समाज के विकास की प्रतिबद्धता सुनिश्चित हो.
४- देव संस्कृति विश्व विद्यालयों का संचालन मंदिरों की अखिल भारतीय सभा द्वारा किया जाय.
५- देश पर आतंरिक या बाह्य किसी भी प्रकार के मानवीय या दैवीय संकट के समय देवालयों की संपत्ति देश के हित में व्यय किये जाने का प्रावधान किया जाय.
  हम आशा करते हैं कि भारत के लोग आवश्यकता पड़ने पर इस संपदा के सदुपयोग के लिए आन्दोलन के लिए भी तैयार रहेंगें. 
          हरि ॐ तत्सत ! ! ! 

शुक्रवार, 8 जुलाई 2011

पूत के पाँव ....

कई क्षेत्रों में छत्तीसगढ़ अपने जन्म से ही विवादास्पद रहा है  ...उनमें से दो प्रमुख हैं शिक्षा और चिकित्सा. परीक्षा में अनुचित साधनों का प्रयोग, अभिवावकों की ओर से प्रोत्साहन , भ्रष्टाचार में उच्चाधिकारियों की संलिप्तता, ...और इससे भी बड़ी बात यह कि लज्जास्पद घटनाओं की सतत पुनरावृत्तियाँ.
पिछले एक माह के अन्दर दो बार पी.एम्.टी की परीक्षा का आयोजन और निरस्तीकरण ...पुनः तीसरी बार परीक्षा की तैयारी .....मैं समझता हूँ कि इतनी लज्जास्पद स्थिति कदाचित ही किसी प्रांत में देखने को मिली हो अब तक. छत्तीसगढ़ व्यावसायिक परीक्षा मंडल और लोक सेवा आयोग ने अपकीर्ति के जो शिखर तय किये हैं पूरे देश में वैसी मिसाल असंभव है. इतने वषों में  इस भ्रष्टाचार का एक कोढ़ जो उभर कर आया है वह है अभिभावकों की संलिप्तता. मुन्नाभाई की तर्ज़ पर यहाँ मुन्नीबाई का होना और भी कष्टदायक है. मेडिकल की प्रवेश परीक्षा में अनुचित साधनों के लिए तेरह लाख रुपये तक की भारी राशि चुकाने वाले अभिभावक इस समाज के लिए कलंक हैं. नकलची छात्रों और नक़ल गैंग के कर्ताधर्ताओं के साथ ही अभिभावकों को भी दण्डित किये जाने की आवश्यकता है.   
      दैनिक भास्कर की मानें तो छत्तीसगढ़ राज्य के मेडिकल कॉलेजेस  में प्रवेश पाते ही पी.एम.टी. में टॉप करने वाले छात्र फेल हो जाते हैं. रायपुर मेडिकल कॉलेज में  ऐसे कई पी. एम. टी. टॉपर छात्र हैं जो 10-15 साल में भी एम.बी.बी.एस. की पढाई पूरी नहीं कर सके हैं. एक टॉपर जिसने सन 2005 में एडमीशन लिया था आज सन २०११ में भी सेकेंडियर का ही छात्र है. 
तकनीकी शिक्षा के क्षेत्र में इतने व्यापक भ्रष्टाचार को किसका संरक्षण मिला हुआ है यह एक अनुत्तरित प्रश्न है. किन्तु इतना तय है कि इस भ्रष्टाचार ने शिक्षा की पवित्रता को दूषित कर दिया है. एम.बी.बी.एस. की प्रतिष्ठापूर्ण शिक्षा प्रश्नों के घेरे में आ चुकी है. ऐसे छात्र डॉक्टर बनने के बाद जनसेवा करेंगे ऐसा  सोचना मूर्खता ही है. तो प्रश्न यह है कि आम जनता के स्वास्थ्य का उत्तरदायित्व क्या ऐसे ही डॉक्टर्स  के भरोसे रहने वाला है ?  प्रवेश परीक्षा में अनुचित साधन के बल पर कई योग्य छात्रों को पटखनी दे कर डाक्टर बनने वाले ये बेईमान समाज के लिए कलंक हैं. अधिकारी और अभिभावक अपने गुरुतर अपराध के लिए क़ानून के शिकंजे से भले ही बच जाएँ पर वास्तव में समाज के गुनाहगार तो  ये बने ही रहेंगे. एक ओर बाबा रामदेव भ्रष्टाचारमुक्त भारत का स्वप्न देख रहे हैं तो दूसरी ओर देश की नयी पीढी भ्रष्टाचार के नित नए मार्गानुसंधान में लिप्त है.इस दोहरे वातावरण में समाज को अपनी दिशा तय करनी ही होगी.      

शनिवार, 18 जून 2011

ये आवारे ....

शायद पिछले वर्ष की ही बात है, एक दिन जगदलपुर में देखा कि आवारा कुत्तों को पकड़ने वाली गाड़ी आयी और शहर के बहुत सारे आवारा कुत्तों को बोरे में भर कर ले गयी. लोगों ने कहा कि नागालैंड की फ़ोर्स के लिए भोजन की व्यवस्था की जा रही है. बस्तर में नक्सलियों से निपटने के लिए पूरे हिन्दुस्तान से फौज आती रहती है...फिर कुछ महीनों बाद अपने कुछ साथियों को खोकर ...शरीर और मन पर कभी न मिटने वाले घाव लेकर वापस चली जाती है .......पर उनके जाने से पहले आ जाती है एक और नयी बटालियन .....फिर अपने कुछ साथियों को खोने और   अपने शरीर के कुछ अंगों को खोने की अलिखित शर्त पर. 
 मैं कुत्तों की बात कर रहा था ....आवारा कुत्तों की बात ....राष्ट्रीय कुत्तों की बात नहीं. राष्ट्रीय कुत्ते ! आप नहीं जानते ? अरे वही दो पैर से चलने वाले दोपाये ....देश को रसातल में ले जाने वाले. 
हाँ ! तो जगदलपुर के आवारा कुत्ते एक बड़े से बोरे में बंदी बनाकर ले जाए जा रहे थे .....उन्हें मालुम था कि अब उनके जीवन का अंत निकट ही है. बंदी भूरे कुत्ते का एक रिश्तेदार नागालैंड में है उसी ने भूरे को कभी यह बात बतायी थी कि वहाँ के लोगों को कुत्तों का मांस अधिक प्रिय है ...भूरे ने अगले दिन अपने सभी आवारा साथियों को बता दिया कि हम बस्तर के कुत्ते अधिक भाग्यशाली हैं ....पर उन्हें क्या पता कि एक दिन उनकी भी वही दुर्दशा होने वाली है. बोरे में बंदी कुत्तों के हलक सूख गए थे ...घिग्घी बंध गयी थी ...रोज बिना बात के यूं ही भौंकते रहने वाले कुत्ते अपनी आगत मृत्यु को सन्निकट जानकर भी चुप थे जैसे कि उन्होंने इसे अपनी नियत मानकर स्वीकार कर लिया हो. महाबदमाश कुत्ता मोती भी आज चुप था.....उसे अपने लिए नहीं वरन रहरह कर केवल झबरू के लिए दुःख हो रहा था. मात्र सात महीने का झबरू सबका प्यारा था. वह आवारा ज़रूर था पर बहुत ही सात्विक विचारों का था. उसे कभी किसी ने झगड़ते नहीं देखा था. आवारा किन्तु आदर्श कुत्ता झबरू ..........मोती की आँखें डबडबा आयीं .....अपने जीवन में पहली बार किसी के लिए आंसू बहाने वाला बदमाश मोती आज गंभीर था. कुत्ता कुल का दीपक झबरू आज हम लोगों के साथ अपना भी जीवन खोने जा रहा है. बीमार खजहे कुत्ते ने मोती की आँखों में आंसू देखे तो रहा नहीं गया ......दल के दादा की आँखों में करुणा और विवशता के आँसू.....खजहे ने अपना पंजा दादा की पीठ पर रखा -' क्या है दादा ?'  खजहे की शक्ल से चिढ़ने वाले मोती ने आज कोई प्रतिवाद नहीं किया. धीरे से बोला -' सब भाग्य का खेल है.  हमीं आवारे नहीं हैं. अम्बाला कैंट के टीन शेड पर पीढ़ियों से अड्डा जमाये पूरे प्लेटफ़ार्म को संडास बना देने वाले आवारा कबूतर और अनाज के बोरे के बोरे चट कर जाने वाले दादर रेलवे स्टेशन के आवारा मोटे चूहे भी तो हैं ...पर नहीं ...इन्हें तो आवारा के नाम पर सिर्फ हमीं नज़र आते हैं. ..अरे ! हम आवारा हैं तो क्या हमें जीने का हक़ नहीं है ? '......मोती फूट पड़ा.....उसकी आँखों से अविरल अश्रुधार बह चली. पूरा माहौल ग़मगीन हो गया. 
अचानक गाड़ी के ड्राइवर ने ब्रेक लगाई , झटके से रुकने के कारण सारे कुत्ते बोरे के अन्दर ही एक दूसरे के ऊपर लुढ़क गए. खजहा तो एकदम ही मोती के ऊपर जा गिरा. एक क्षण में मोती ने एक फैसला कर लिया. उसने सबके कान में कुछ कहा. सारे आवारा कुत्तों में अभूतपूर्व एकता का सूत्र निर्मित हो गया. गाड़ी का डल्ला खोला गया. एक दोपाये ने बोरे को खींच कर ज़मीन पर डाल दिया. झबरू की चीख निकल गयी. शायद उसे कहीं चोट लग गयी थी. झबरू की चीख ने मोती के गुस्से में घी का काम किया. अब उसने और प्रतीक्षा नहीं की ..गुप्त संकेत किया और पल भर में सारे आवारों ने मज़बूत बोरे के टुकड़े-टुकड़े कर दिए. जैसे ही बोरे का बंदी गृह टूटा मोती ने झबरू को भागने का आदेश दिया. पर वह अपने नेता को छोड़ कर जाने के पक्ष में नहीं था. इधर दोपायों में अफरा-तफरी मच गयी, वे लाठियां लेने दौड़े इस बीच मोती ने सबको भागने का हुक्म दिया.....सारे कुत्ते भाग खड़े हुए . सबसे पीछे मोती था ...जैसे कि सबको हाँक रहा हो. तभी पीछे से एक दोपाये ने लाठी के भरपूर वार में  अपनी सारी खीझ उड़ेल दी ..... और पहले वार में ही मोती ढ़ेर हो गया...एक हृदयविदारक चीख के साथ मोती लुढ़क गया. पर मरते समय उसे संतोष था कि उसने अपने सारे साथियों को बचा लिया. 
दोपाये खुश हो गए ...आज के भोजन की व्यवस्था हो गयी थी.                   

शनिवार, 11 जून 2011

क्या करूँ ! सहन नहीं होता .....

 समाधान

बैठक के अध्यक्ष 
बहुत गंभीर दिखे .........
समस्या को 
जीवित बनाए रखने के उपायों पर.   
बैठक का नाम था 
"समस्या उन्मूलन" 

वादे

महत्वपूर्ण होते हैं 
केवल वे 
जो तोड़ दिए जाते हैं 
पूरा करने की 
शुरुआत किये बिना. 

ताकि परम्परा बनी रहे 

घर में 
मालिक की मौजूदगी में  
कोई शरीफ  
चोरी करे ...
झगड़ा करे ...
नंगा नाचे .....नगाड़े बजाये 
और मालिक को पता न चले 
यकीन मानो 
ऐसे मालिक को होना ही चाहिए 
भारत का प्रधानमंत्री    


राजनीति में 


ज़रूरी है 
समझौते करना 
पर कतई ज़रूरी नहीं है 
उन पर अमल करना.


शत्रु-मित्र


राजनीति में कोई शत्रु नहीं होता 
अर्थात मित्र होता है 
राजनीति में कोई मित्र नहीं होता 
अर्थात शत्रु होता हैं 
इन दोनों का अर्थ है 
कि राजनीति में 
कोई किसी का कुछ नहीं होता. 


लोकपाल बिल 


अन्ना के बिना ही 
बना लेंगे वे 
ताकि पलते रहें कुछ लोग 
'लोक' की आँखों में धूल झोंकते हुए .


सरकार 


पहले बाबा की आवभगत
फिर भगाने की जुगत
संग में भक्तों को चपत 
कितना प्रपंची है यह जगत ! 


जनता 


तमाशबीन है 
मामला संगीन है 
उसने कभी गवाही नहीं दी 
( देने के नाम पर वह सिर्फ वोट देती है  )
क्योंकि उसे 
किसी चमत्कार की उम्मीद है..






रविवार, 5 जून 2011

एक और जलियाँ वाला ......क्या यह इतना आवश्यक था ?

    
     देश का धन वर्षों से प्रवासी जीवन जीने को अभिषप्त है.  इधर, विकास के नए-नए आंकड़े सामने आ रहे हैं. मंत्री और सचिव अपनी पीठ थपथपा रहे हैं. और देश का आम आदमी शुद्ध जल की तो छोड़िये मध्य-प्रदेश के बुंदेलखंड में तो अशुद्ध जल की भी एक बूँद के लिए तरस रहा है.......देश के कई प्रान्तों में सबकी भूख मिटाने वाला किसान आत्म ह्त्या कर रहा है. देश का विकास अपने तरीके से चल रहा है और ऐसे में भ्रष्टाचार के विरुद्ध पहले अन्ना हजारे और फिर बाबा रामदेव बड़े सशक्त तरीके से सरकार के विरुद्ध खुल कर खड़े हो गए. किसी अवतार की प्रतीक्षा में युगों से प्रतीक्षारत भारत की जनता ने राहत की सांस ली......अब ज़ल्दी ही कोई चमत्कार होने वाला है. 
      कल ख्रीस्त की इक्कीसवीं शताब्दी के द्वितीय दशक के प्रथम वर्ष की चार जून का दिन भारत के लोकतंत्र का एक और ऐतिहासिक दिन बन गया. दिल्ली के रामलीला मैदान में भ्रष्टाचार के विरोध में और देश का धन वापस देश में लाने को लेकर सत्याग्रह में सम्मिलित होने देश भर से आयी, अर्धरात्रि में निहत्थी सो रही जनता से अचानक दिल्ली की सरकार को क़ानून-व्यवस्था पर खतरा मंडराने का खतरा दृष्टिगत हुआ. सरकारी हुक्म हुआ और रात में लगभग पांच हज़ार पुलिस के ज़वान जिनमें रैपिड एक्शन फ़ोर्स के जवान भी शामल थे सोयी हुयी जनता पर बर्बरता का कहर बरपाने पहुंच गये . स्त्री वेश में छिप कर बाबा को अपने प्राण बचाने पड़े. कई लोग घायल हुए ....जिनमें महिलायें और बच्चे भी थे. इस पूरे प्रकरण में सबसे शर्मनाक कार्य पुलिस का रहा. पुलिस विभाग में नौकरी करने के इच्छुक मेरे बेटे ने (उसने बचपन से यह सपना संजोया हुआ था ) आज इस घटना के बाद ऐलान कर दिया कि अब वह पुलिस विभाग में नौकरी नहीं करेगा.....जिस विभाग के उच्चाधिकारी इतने संवेदनशून्य और विवेकहीन हैं कि वे सही गलत का वैसा निर्णय भी नहीं कर पाते जैसा १८५७ में ब्रिटिश फ़ौज के भारतीय सिपाहियों ने किया था तो ऐसे सरकार परस्त विभाग में जाकर वह देश की जनता के साथ विश्वासघात करने का पाप नहीं करना चाहता. 
      बाबा के आन्दोलन की सफलता-असफलता और उनकी रणनीति पर टिप्पणी करने का समय नहीं है.जीत किसकी हुयी सरकार की या बाबा की ...इस पर भी मैं कुछ नहीं कहूंगा. अभी तो समय है देश के कुछ कर्णधारों की बतकही पर बतकही का. 
       तो पहले कर्णधार हैं दिग्विजय सिंह जी जिन्होंने बाबा को ठग की उपाधि से मंडित किया. उन्होंने बाबा की डाक्टरी विद्या पर भी प्रश्न उठाये. ....योग से कैंसर ठीक करने के दावे का परिहास किया गया (बाबा ने कई बार कहा है कि मैंने ऐसा दावा कभी नहीं किया )
        .......पर एक प्रश्न उठता है कि जब सरकार के एक आला नेता ने बाबा के खिलाफ इतने संगीन आरोप लगाए हैं तो उनके पास इसके प्रमाण भी होंगे. उन्होंने बाबा के योग शिविरों के विरुद्ध अब तक कोई प्रतिबंधात्मक कार्यवाही क्यों नहीं की ? दूसरी बात,  पूरे देश में सड़क किनारे बैठ कर नामर्दगी, लकवा और न जाने कौन-कौन सी बीमारियाँ ठीक करने का दावा करने वाले खानदानी शफाखाने वाले वैद्यों पर सरकार ने अभी तक कोई कार्यवाही क्यों नहीं की ? मजे की बात यह है कि इन शफाखाने वालों से आमआदमी से लेकर बड़े-बड़े अधिकारी और नेता तक नामर्दगी और हाज़मे की दवाइयां ऊंची कीमत पर खरीदते हैं. संयोग देखिये कि नेताओं के खराब हाज़मे और नामर्दगी का सबसे बड़ा प्रमाण कितना सहज सुलभ है !
        अगले कर्णधार हैं कपिल सिब्बल जी ! कल दिल्ली के रामलीला मैदान में जो स्वतन्त्र भारत का प्रथम जलियाँवाला काण्ड हुआ उसके सन्दर्भ में उन्होंने स्पष्ट शब्दों में स्वीकार किया कि हम तो शठे शाठ्यम समाचरेत वाले हैं, शठ के साथ शठ जैसा व्यवहार किया गया है. हमारे क़ानूनदां नेता अफजल गुरु और कसाब के मामले में भी यही नीति अपनाते तो कितना अच्छा होता ? देश और मानवता के इन शत्रुओं पर प्रति दिन व्यय किया जाने वाला खर्च, जो कि इस देश की जनता की गाढ़ी कमाई का एक हिस्सा है, बचता.....और जिसका उपयोग देश के शहीदों की विधवाओं और उनके बच्चों की शिक्षा पर खर्च हो पाता....क्योंकि उनके हिस्से का पैसा तो ये लोग अपने व्यक्तिगत विकास में निर्लज्जता पूर्वक खर्च कर लेते हैं. सिब्बल बोले कि बाबा ने देश और सरकार को धोखा दिया है इसलिए उनके साथ जो हुआ वह उचित है. पर सरकारों में तो न जाने कितने ऐसे लोग हैं जो वर्षों से देश को धोखा देते आ रहे हैं ...उनके खिलाफ भी कुछ होना चाहिए था...पर नहीं हुआ. 
        सुबोध कान्त सहाय ने फरमाया कि बाबा की सारी बातें मान ली गयी थीं पर बाबा ने हठ करके आन्दोलन जारी रखा इसलिए उनके साथ ऐसा (कसाब जैसा नहीं ) बर्ताव करना सरकार की विवशता हो गयी थी. बाबा के मन में क्या है वह बाबा जानें ...पर सरकार के मन में क्या है वह तो सारा देश जान चुका है. लोकपाल बिल के  प्रकरण में पूरे देश ने सरकार की नियत को देख लिया है. पिछले दो वर्षों से बाबा काले धन की बात कर रहे हैं. उनके सत्याग्रह की प्रतीक्षा क्यों की गयी ? इस प्रश्न का उत्तर सरकार का कोई भी आदमी नहीं दे सकेगा. उन्होंने बाबा का काले धन वाला एजेंडा बड़ी चतुराई से चुराने (उचित शब्द है 'छिनाने' ) का असफल प्रयास भी किया - यह कहकर कि "यह तो सरकार का और सोनिया जी का एजेंडा है, बाबा करें या न करें सोनिया ज़रूर करेंगी". भाई वाह ! क्या बात है सोनिया जी और सरकार जी ! पर अभी तक यह एजेंडा कहाँ था ? इतने वर्षों में अभी तक इस अत्यंत ज्वलनशील राष्ट्रीय महत्त्व के विषय पर मौन क्यों छाया रहा ?  
   हम न तो बाबा जी है और न नेता .....एक आम आदमी हैं. हम राजनीति की कुटिल चालों को नहीं जानते ( और न जानना चाहते हैं ),.....मंत्रियों के मिथ्या आश्वासनों के कटु सत्य को जानते हैं ...और यह भी जानते हैं कि सरकार निर्वस्त्र खड़ी है....क्योंकि उसकी व्यवस्था पूरी तरह सड़ी-गली है.