शुक्रवार, 31 दिसंबर 2010

बीत गया पहला दशक..झोंक कर आँखों में मिर्च





पूरा हो गया 
इक्कीसवीं सदी का पहला दशक 
जूझते हुए ....
देशी-विदेशी आतंकों से, 
करते हुए सामना ....
तबाही और बेगुनाहों के खून का, 
सहते हुए उत्पीडन......
हर बार की तरह , 
देखते हुए ...
सैनिकों की लाशों पर बनते महलों को,
हड़पते हुए .......
शहीदों के हिस्से को,....... 
और करते हुए इंतज़ार ......
किसी सैनिक की विधवा को 
कि मिल जाय 
शहादत की कीमत 
तो करवा सके ...
बूढ़े सास-ससुर का इलाज़.
करा सके 
स्कूल में बच्चे का दाखिला, 
खरीद सके 
मुनिया के लिए किताब, 
और ले सके 
अपने लिए दमे की दवा .......
अब तो सरकारी वादे के पूरे होने पर टिकी है 
आगे की ज़िंदगी .
नया साल तो 
और भी खतरनाक है उसके लिए 
कल ही 
नक्सलियों नें लाल स्याही से लिखी 
चस्पा की है एक चिट्ठी 
फरमान है 
कि भेजना होगा ......
बड़े बेटे को 
उनके कबीले में 
..........मुनिया को नहीं खोना है अगर 
...............और छोटे का बनाना है भविष्य उज्जवल .
पति नें जान दे दी देश के लिए 
अब उसी का खून जाएगा .....
देश से बगावत करने.....
उसे भेजना ही होगा ....... 
कोई सरकार ......
नहीं रोक सकती ऐसा होने से
रोक पाती 
तो क्या खून करता 
कोई खून 
अपने ही खून का 
और पसार पाता ड्रैगन 
अपने खूनी पंजे 
यहाँ 
बस्तर की खामोश वादियों में ?  
हमारे लिए 
आज़ादी का क्या अर्थ है ? 
आप ही बताइये ....
साल नया हो या पुराना 
क्या फर्क पड़ता है !     

गुरुवार, 30 दिसंबर 2010

उस मां ने कहा , हां मुझ जैसी ही कोई मेरी कोख में है…..

उस मां ने कहा , हां मुझ जैसी ही कोई मेरी कोख में है…..

सैनिक

पिछली शताब्दी के अंतिम वर्ष में, जबकि हम पाकिस्तान के पास अमन के पैगाम भेजने में व्यस्त थे, उसने हमारी शराफ़त का मज़ाक उड़ाते हुए हमारे सैनिकों के साथ अमानवीय व्यवहार कर अपनी नीयत साफ कर दी थी ..हमारी योजनायें  कई मोर्चों पर बुरी तरह असफल हो रही थीं  .....वहीं देश के अंदरूनी हालात भी देश को शर्मशार करने में पीछे नहीं थे. उसी समय की एक रचना प्रस्तुत है आज आपके लिए -
१-
किसकी खुशी के लिए 
अपने बुढ़ापे की लाठी को 
जवान बहू के सपनों को 
गर्भस्थ भ्रूण के पिता को 
किसकी खुशी के लिए भेज दिया उन्होंनें 
सीमा पर शहीद होने के लिए 
किसकी खुशी के लिए !
और.... क्या कीमत दे सकती हैं किसी की शहादत की 
तुम्हारी वेदनाहीन संवेदनाएं ?
हो सके
तो देश को चबाना बंद कर दो 
वीर की आत्मा को श्रद्धांजलि मिल जायेगी.
बूढा बाप 
अपना दूसरा और तीसरा बेटा भी भेज देगा 
मौत के मुह में 
ताकि तुम 
चैन से जी सको.
२-
 बीसवीं शताब्दी में बोये 
न्यूक्लियर रिएक्टर्स  में पल रहे रक्तबीज 
पल्लवित-पुष्पित होने के लिए 
बेताब हैं इक्कीसवीं सदी में .
रक्तबीजों के रथ पर बैठे सारथी 
शकुनी हो गये हैं ...और 
विकसित मनुष्य की प्रगतिशील विचारधारा से 
भयभीत हो उठी है धरती 
क्योंकि यह धारा
बड़ी तीव्रता से खतरनाक होती जा रही है.
और व्यवस्था ऐसी  
कि जीवन भर पीसते हैं अंधे 
फिर भी कम पड़ जाती है कुत्तों की खुराक .
कोई क्या देगा श्रद्धांजलि   
शहीदों की आत्माओं को ....
कोई क्या देगा सम्मान 
उनकी विधवाओं को ...
उन्हें तो फुर्सत नहीं है 
भौंकने .....और एक-दूसरे को 
काट खाने के काम से ही .
३ -
संवेदनाएं 
उत्तरदायित्व 
बार-बार किये गये संकल्प  
आँखों का पानी
मौसम ...और ...
और भी बहुत कुछ
ठिठुरता रहा ...जमता रहा 
सिवाय ...रूठने और मनाने की व्यस्तता के.
दिन व्यस्त होते चले गये रूठने -मनाने के खेल में 
पश्चिमोत्तर सीमान्त पर कब डूब गया सूरज 
और बर्फीली बौछारों में 
उन्होंनें कब बना डालीं छतें 
हमारी खामोश दीवारों पर ...
हमें पता ही नहीं चल सका.
सीता की रक्षा नहीं कर सकी 
लक्ष्मण रेखा
और.....
जासूसी उपग्रहों की अति संवेदनशील व्यवस्था.
फिर एक दिन ..
दीवारों से होते रहे बलात्कार से नहीं ....
सैनिकों के शरीर पर बह आये 
रक्त की उष्णता से समाप्त हुई हमारी ठिठुरन.
सर्दियों में 
खुशियाँ और फूल लेकर गयी थी ज़ो बस
गर्मियों में 
सैन्य अधिकारियों के क्षत-विक्षत शवों के साथ 
अमानवीय यातनाओं का पुरस्कार लेकर 
वापस आ गयी है.
शीघ्र ही हम 
एक और बस
पूरब में भी भेजेंगे
और ........इससे पहले कि हम उन्हें बुलाकर 
गजलें सुनें 
मैं 
इस ठिठुरती व्यवस्था की पुनरावृत्ति को 
विराम देने के लिए बाध्य हो गया हूँ 
आओ .....कुछ आग जलाएं ....अपने भीतर भी .....
ताकि कुछ तो गर्मी आए हमारे खून में 
सीमा पर इतनी गर्मी में भी ठण्ड बहुत रहती है.    

बुधवार, 29 दिसंबर 2010

जीवन

दौड़ लगाते देखा सबको
लगे दौड़ने संग में हम भी.
चढ़ते देखा  हमने सबको 
लगे चढ़ाई करने हम भी.
तभी फिसलते देखा सबको 
लगने लगी सहज पीड़ा तब 
हमें फिसलने की ....अपने भी.

व्यस्त हो गये हैं हम सब ही 
दौड़ लगाने .....चढ़ने...... ,
गिरने और गिराने के निष्ठुर समरों में.
बिना ये सोचे, बिना ये समझे 
लक्ष्य दौड़ का क्या है हमारी 
कौन दिशा है हमारे पथ की 
क्या होगी परिणति इस गति की.
लक्ष्यहीन हो भाग रहे सब
कहाँ और किस लिए न जाने 
किसके लिए...... किस लिए जी रहे 
हम में से ये कोई न जाने 


और अंत में इस जीवन के ......
मिला शून्य जब इस मुट्ठी से 
प्रश्न एक तब उठा विराट ये 
क्यों आए थे यह जीवन ले ?
उपलब्धि रही जीवन भर की क्या ?


हुआ निरंतर प्रश्न विराट ये 
मौन हुए सारे प्रतियोगी
छिपा शून्य में उत्तर है ज़ो  
नहीं सुनायी देता सबको
जन्म और भी लेने होंगे. 
हर जन्म साधना करते -करते  
जब सत्य शून्य का मिल पाएगा  
तब ज्ञान अचम्भित यह कर देगा-
पाना है सब कुछ यदि हमको  
है उपाय सब कुछ खोना ही 
सोने को माटी मानो तो  
सारी माटी है सोना ही 
है लक्ष्य यही ...सुख चरम यही.



सोमवार, 27 दिसंबर 2010

कुपथ-गामिनी

वर्ष २००१० की तीन सबसे विवादित महिलाओं के नाम समाचार-पत्रों की सुर्खियाँ बने रहे ....दुख हुआ यह सब जानकर  ....सरकार महिलाओं को आरक्षण देने की बात करती है  .....हम भी कहते हैं कि उनका विकास होना चाहिए ..पर क्या इसी बानगी के साथ ? ...ये तीनो सामान्य महिलाएं नहीं हैं .....उच्च-शिक्षिता और प्रभावशालिनी. इनमें नीरा राडिया शासन  के प्रति उत्तरदायी नहीं हैं ......वे अपराध करें तो इतना गम्भीर नहीं है जितना गम्भीर अन्य दोनों महिलाओं का है ..क्यों कि उनमें से एक माधुरी गुप्ता भारतीय विदेश सेवा की अधिकारी हैं जिन पर देश की गोपनीय जानकारी पाकिस्तान को देने का आरोप है ...और दूसरी महिला है जस्टिस निर्मल यादव ज़ो न्याय करने के लिए उत्तरदायी हैं और जिन पर पाञ्च लाख रूपये की रिश्वत लेने का आरोप है.. हमारी संस्कृति में नारी शक्ति को पूज्य माना गया है ..उसी पूज्य नारी नें कितने अविवेकपूर्ण तरीकों से कुपथ गामिनी होकर न केवल सभी नारियों का अपितु पूरे देश का सिर लज्जा से झुका दिया है . हम तो इनका    इतना सम्मान करते हैं कि इनकी निंदा भी करने में संकोच कर रहे हैं ...पर इन्होंने ज़ो किया उसके लिए उन्हें स्वयं अपनी निंदा करनी चाहिए और अपने अपराध स्वीकार कर प्रायश्चित के लिए स्वयं को प्रस्तुत करना चाहिए 

रविवार, 26 दिसंबर 2010

आस्था

वह 
इतराती, इठलाती, बल खाती 
पत्थरों से केलि करती
पहाड़ी नदी थी
ज़ो पावस में और भी शरारती हो उठती थी 
और बदल देती थी अपना मार्ग.
बहती थी ...नये-नये रास्तों से 
करती थी चुहुल...मौन खड़े वृक्षों से.
चलती थी .......निर्भीक यौवना सी.
लुटाती थी सदर्प -
पूंजी अपने सौन्दर्य की ......और बिखेरती थी हास
अपने आसपास.

पहाड़ी नदी नें
इस बार भी बदल दिया अपना मार्ग .....और ......
छूकर खिलखिला पड़ी ......अपने रास्ते में खड़े गौरवशाली बरगद को. 
अपनी आस्थाओं में रचा-बसा वर्षों पुराना बरगद ...
देखता रहा चुपचाप.
नदी   
बहती रही ....पूरी बरसात भर
....बरगद की जड़ों से मिट्टी बहाती हुई,
.....गहरी और पुष्ट जड़ों से परिहास करती हुई,
........बरगद को अपने साथ बहा ले जाने की जिद करती हुई
नदी बहती रही .......पूरी बरसात भर.
बूढा बरगद 
खड़ा रहा चुपचाप .....
उसकी जड़ें गहराई तक धसी हुईं थीं ........आस्था की धरती में.
वह केवल उन्हीं को सहलाता रहा ...बड़े प्यार से
आसमान में सिर उठाये
और सहता रहा  ......अपने चिकने-चमकीले पत्तों पर 
प्रवासियों की बीट.
सहता रहा.....झुकी हुई शाखाओं के टूटने की पीड़ा....
बिना किसी परिवाद के.
किसी नें साथ नहीं दिया उसका .
किन्तु नदी 
न तो ले जा सकी बरगद को अपने साथ
न ठहर सकी उसके पास  
बल्कि छोड़ गयी .....
सूखी और आँखों में चुभने वाली ...तपती रेत 
अपने आसपास.
अंततः ........संस्कृति जीत गयी      
और हार गईं मेरे शहर की
सारी विज्ञापन बालाएं.
बेचारी  .........
पहाड़ी नदी !    

   
  
  

शनिवार, 25 दिसंबर 2010

फुनगी पर टांग दिया ......

 नीम की एक ऊंची फुनगी पर
टांग दिया है मैंने 
अपना मोबाइल फोन.
पहले दिन तो बजते ही घंटी 
फुर्र से उड़ गयीं सारी चिड़ियाँ 
पर ज़ल्दी ही वे देखने लगीं उसे बड़े गौर से 
और अब तो चोंच से प्रहार भी करने लगी हैं 
उस बेजुबान बड़बड़िया पर
जैसे कि वे भी आ गईं हों आजिज़ ...मेरी तरह. 
आख़िरकार वह भी चुप हो गया 
दम निकल गयी होगी.....
मैं खुश हूँ 
आजाद ज़ो हो गया हूँ.
पहले उस नाचीज़ सी चीज़ नें 
जीना हराम कर रखा था मेरा.
अकेले में भी नहीं था अकेला ...करता रहता था बातें 
जैसे कि भीड़ में हूँ.
बिना किसी भीड़ के फंसा रहता था भीड़ में 
सोते-जागते, उठते बैठते, खाते-पीते
कभी तो अकेला हो पाता भला मैं  ! 
यहाँ तक कि जब मैं प्राकृतिक शंकाओं के समाधान में लगा होता 
वह दुश्मन सा ललकारता रहता मुझे 
मेरे समाधान की ऐसी-तैसी हो जाती....
....फिर दिन भर का तनाव 
.....पेट साफ नहीं हुआ न !
गुस्सा अलग से ....
पर अब मैं खुश हूँ ....ख़ूब खुश हूँ ...
आराम से शौच के लिए तो जा सकूंगा .
क्या हुआ ज़ो अब मैं 
अपने अजीजों से बहुत जरूरी बातें भी नहीं कर सकूंगा 
कुछ व्यवधान तो आएंगे ...पर 
दस साल पहले की ज़िन्दगी जीने का मज़ा तो आयेगा !
पत्नी की चिट्ठी के इंतजार में डाकिये का इंतजार 
किसी फरिश्ते से कम नहीं लगता था 
फिर मिलने पर चिट्ठी .......एक-एक हर्फ़ को पढना 
उंगली से छू कर महसूसना ....जैसे कि छू रहे हों उसके रेशमी बाल
हर्फ़-हर्फ़ बोलता था चिट्ठी का ......ठीक उसी की आवाज़ में
फिर  खोये  रहना कई-कई दिनों तक उस आवाज़ में 
जैसे कि भाँग का नशा हो ....
आज के लोग क्या जानें ...
ये तो कबूतर की पाती की तरह भूल जायेंगे 
डाकिये की पाती को भी 
और  
नहीं जान सकेंगे ...पत्र लिखने और पढने का
अवर्णनीय मज़ा.
तो आप कब टांग रहे हैं अपना मोबाईल ?