सोमवार, 22 अगस्त 2011

बड़ा हिम्मत करके डाका डाले हैं सलिल भैया के ब्लोग पर



आज का पोस्ट हम सलिल भैया को समर्पित कर रहे हैं ....काहे से की ई उन्हीं का अस्टाइल है . नहीं नहीं एकदम ओईसन ही त नहिंए है बाकी कोसिस ज़रूर किये हैं. का करें, हम भोजपुर त छोड़ दिए पर भोजपुरी हमको छोड़े तब न ! भोजपुरिया बोली के मिठास का मोह छोड़ना एतना सरल है का !
       एगो बात याद आ गया, भोजपुरी बोली के एगो अइसन बिसेसता  है जो हमको अउर कहीं नहीं मिला. जब हम पढ़ते थे त पटना के बेली रोड पर लिट्टी-चोखा खा-खा के खूब धरना, परदरसन आ अनसन किये. खड़ा हिन्दी वालों को मजाके मज़ाक में कहते थे के भोजपुरी मं भासन  दीजिये त कभी अटकिएगा नहीं....ई हमारा गारंटी है. नेता बनने का बहुत सारा ट्रेनिंग त विद्यार्थी जीवन में ही लेना पड़ता है न ! ख़ास करके भासन देने आ पुलिस से निपटने का. भासन एकदम परभावसाली होना चाहिए .......बिना रुके ...बिना अटके......एकदम धुंआधार  तभिये न लोग कहेगा के ई है नेता के लायक. तब विद्यार्थी जीवन में नेता का ई गुण ही जादा आकर्सक लगता था.
     लेकिन पहिले ई बता देते हैं कि ई बिसेसता का भासन में एप्लीकेसन का बिचार हमको कइसे आया. हमारे मकान मालिक थे केसरी जी ! ऊ जब बतियाते थे त एतना अटकते थे कि उनका आधे से जादा बात तो "एथी-एथी" में ही बूझना पड़ता था. कभी-कभी बड़ा खीझ भी लगता था के आपके कौन सा वाला एथी को का समझा जाय ? हमारे एगो साथी थे बिरजेस जी,  उनको गोलमोल जबाब देने में बड़ा मजा आता था. केसरी जी का "एथी" उनको एतना पसंद आया के अपना धारा-परवाह बार्ता में उसका एतना तड़का मारना चालू कर दिए के सुनने बाला सर खुजाता रह जाय पर मजाल है कि समझ में कुच्छो आ जाय. ई सब त लड़कपन का बेवकूफी था पर एक दिन हम गंभीरता से बिचार किये त लगा के "एथी" भोजपुरी का बड़ा महत्वपूर्ण सब्द है. कहीं अटक जाइए त जादा माथापच्ची का ज़रुरत नहीं है...संकटमोचन बनके "एथी" आपको बिस्मृति के भंवर से फिलहाल त बाहर निकालिए देगा ..आ भासन का परवाह बना रहेगा. सबके सामने किसी को कोई गोपनीय बात कहना हो तो एक्सक्यूज मी कहके कोने में जाके फुसफुसाने का ज़रुरत नहीं है . आपका मदद के लिए "एथी" का कवच है. बुझने बाला बूझते रहेगा आ आप अपना बात सबके सामने अपना टार्गेट तक पहुंचा भी दिए. किसी को टालना हो त ख़ास सब्द केलिए "एथी" कह के बाद में घुमा दीजिये के अरे नहीं हमारा मतलब "ऊ" नहीं "ई" था. एतना मल्टीडाइमेंसनल सब्द कहीं मिलेगा ? सलिल भैया आ मनोज जी ! का कहते हैं आप !

गुरुवार, 18 अगस्त 2011


सावन 

सबहिं कहत सखि सावन आये
पुलकित मन, तन खिल-खिल जाए. 
सुन रे सखी घन भेद करत ये
कभी मन भाये कभी अगन लगाए .

श्याम-श्याम घन तोहे मन भावन 
घन घिर आये सखि मोहे न सावन.
गरजत बरसत घनन छनन घन
तड़पत हूँ ज्यों दामिनि छन-छन.

आज सखी क्यों केश  सँवारे 
आवत क्या घनश्याम तुम्हारे. 
रहस छिपावत मन अकुलावत  
चितचोर बने क्यों नयन तुम्हारे.

मंगलवार, 16 अगस्त 2011

अन्ना का विरोध कितना न्यायिक ?


   आज दिनांक १६ अगस्त की भोर से ही भारत और विश्व की दृष्टि अन्ना और सरकार की गतिविधियों पर लगी रही. अन्ना और उनके दो सहयोगियों को उनके आवासों से बंदी बना लिया गया. दोपहर बाद तिहाड़ कारागार में भेज दिया और सूर्य डूबते-डूबते वापस उनके घर......और इस तरह एक राजकीय नाटक की यवनिका अगली भोर तक के लिए गिरा दी गयी.
    अब कल सुबह नाट्यगृह के पट खुलने पर नवीन दृश्य की सभी को प्रतीक्षा है. चलिए,  इस बीच हम कुछ आवश्यक बातें कर लें. प्रारम्भ करते हैं अन्ना के पूर्व समर्थक रहे और अब विरोधी विश्वबन्धु गुप्त से. वे भरपूर कुपित हैं अन्ना, किरण बेदी, पिता-पुत्र युगल अधिवक्ता और अरविंद केजरीवाल से. उनके अनुसार ये सभी लोग स्वयं लोकपाल बनने के स्वप्नदर्शी हैं ......नौकरी पाना चाहते हैं पर इसके लिए उन्हें जब विज्ञापन निकले तभी आवेदन करना चाहिए . उनके कुपित होने का एक कारण यह भी है कि "जाहिल" केज़रीवाल, अछूत राष्ट्रीय स्वयमसेवक संघ और सरकारी दलाल स्वामी अग्निवेश अन्ना को अपना समर्थन दे रहे हैं. अर्थात सच किसे बोलना है ...सत्य का समर्थन किसे करना है यह सब गुप्त जी तय करेंगे. हर व्यक्ति को सत्य बोलने का अधिकार नहीं है क्योंकि इससे लोकतंत्र की मर्यादा भंग होती है.
   गुप्त जी और बहुत से अन्य बुद्धिजीवियों के मत से लोकपाल बिल बनाने का अधिकार मात्र प्रजा द्वारा ईमानदार  उम्मीदवारों के अभाव की विवशता में निर्वाचित शासन के निकम्मे सांसदों को ही है, स्वयं प्रजा को नहीं. प्रजा जनहित के अनुरूप किसी विधि निर्माण के लिए शासन पर दबाव नहीं डाल सकती...यह अलोकतांत्रिक है. समाजसेवी और स्तंभकार शबनम हाशमी ( जो कि साम्प्रदायिक हिंसा अधिनियम के लिए संघर्षरत हैं ) और भ्रष्टाचार विरोधी मंच के संस्थापक डॉक्टर पुरुषोत्तम मीणा के विचार भी कुछ इसी तरह के हैं. अन्ना विरोधी अभियान से दो प्रमुख बातें उभर कर सामने आयी हैं जो कि अत्यधिक चिंतनीय हैं ...और उन पर पूरे राष्ट्र के जनमानस को गंभीर चिंतन करने की आवश्यकता है.
       पहली बात है दक्षिणपंथियों के प्रति अछूत जैसी मानसिकता में निरंतर वृद्धि. यह कितनी विचित्र बात है, जो लोग लोकतंत्र की दुहाई देते नहीं थकते वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ, भारतीय जनता पार्टी और इसके साथ ही भारतीयता, सनातन धर्म, भारतीय संस्कृति, प्राचीन भारतीय आर्ष साहित्य, भारतीय दर्शन आदि की चर्चा या इनकी उपस्थिति का आभास होते ही इनके साथ अछूत जैसा व्यवहार करने लगते हैं. आप मानवीय मूल्यों की स्थापना की बात करिए या भ्रष्टाचार के विरोध की ...यदि आप "अहिंदू" हैं या "छद्म" धर्मनिरपेक्षतावादी हैं तभी अन्य लोगों द्वारा आपकी बात स्वीकार्य है अन्यथा नहीं. शबनम हाशमी और विश्व बन्धु गुप्त के ये तर्क कि अन्ना का आन्दोलन आर.एस.एस.  द्वारा समर्थित या प्रायोजित होने के कारण समर्थन योग्य नहीं है ...बड़े ही विचित्र लगते हैं. अभिप्राय यह कि सत्य मार्ग पर चलने का अधिकार या न्याय की बात करने का अधिकार केवल वामपंथियों और छद्म धर्मनिरपेक्षतावादियों को ही है अन्यों को नहीं........सनातनधर्मियों को तो कदापि नहीं. भारतीयता के प्रति अस्पृश्यता का यह व्यवहार इस देश को रसातल में ले जाए बिना नहीं छोड़ने वाला. इस अस्पृश्यता के दुर्भाव का उन्मूलन आवश्यक हो गया है अब.
        दूसरी बात है यह कथन कि  " अन्ना और उनके सहयोगी कौन होते हैं सरकार से अपने बनाए क़ानून को लागू कराने वाले ? ये सरकार को ब्लैकमेल कर रहे हैं. इनकी सारी प्रक्रियाएं अलोकतांत्रिक हैं ".......इसलिए इनके शांतिपूर्ण आन्दोलन को अवैध और अलोकतांत्रिक घोषित करते हुए होने ही नहीं देना चाहिए. - यह बात सरकार, वामपंथियों और भारत विरोधी मानसिकता वाले लोगों के समूहों द्वारा प्रचारित की जा रही है. निर्विवादित रूप से ये लोग परम्परावादी और यथास्थितिवादी हैं. विचारणीय बात यह है कि जिस देश में सुशासन के लिए लोक द्वारा निर्वाचित कर अधिकृत किये गए लोगों द्वारा ही यदि निर्लज्ज लूटमार की परम्परा स्थापित कर दी जाय, चुनाव प्रक्रिया ही दूषित हो और योग्य लोग चुनाव में खड़े होने के लिए अघोषित रूप से अयोग्य स्वीकार कर लिए गए हों तो फिर निरीह लोक के पास अपनी रक्षा और मूल्यों की स्थापना के लिए और क्या उपाय रह जाता है ?  अन्ना ने एक सात्विक माँग रखी है.....उस माँग का प्रस्ताव दिया है कि इसे विधि द्वारा स्थापित किया जाय. अन्ना स्वयं विधि निर्माण नहीं कर रहे हैं...जिन्हें करना चाहिए  वे कर नहीं रहे हैं और न ही उनकी कुछ करने की मानसिकता है ...उन्हीं के द्वारा कराये जाने का एक लोकतान्त्रिक आग्रह है अन्ना का.  इसमें अनैतिक क्या है ? राजा जब प्रजा के हित के विरुद्ध कार्य करने वाला हो तो उसे रास्ते पर लाने या अपदस्थ करने का नैतिक और नैसर्गिक अधिकार प्रजा का होता है यह एक सुस्थापित ऐतिहासिक तथ्य है जिसकी अवहेलना करना आत्मघाती होगा.
         हम भविष्यवक्ता नहीं हैं और न अन्तर्यामी ....पर अभी की स्थितियों में अन्ना और किरण वेदी की नियति पर संदेह का लेश भी कारण दिखाई नहीं देता. ये दोनों ही व्यक्ति शासकीय सेवा से स्वेच्छया सेवा निवृत्ति ले चुके हैं ..............क्या इसलिए कि लोकपाल बनने की आकाशवाणी उन्हें वर्षों पूर्व सुनायी दे गई थी ? इस देश का लोक यह जानना चाहता है कि विश्वबन्धु गुप्त की दिव्यदृष्टि में लोकपाल के लिए ( जिसके बिल का ही अभी कोई पता ठिकाना नहीं है, सूत न कपास कोरी संग लठी-लठा ) किरण वेदी और अन्ना से अधिक राष्ट्रभक्त और ईमानदार व्यक्ति और कौन है जिसे वे लोकपाल के रूप में देखना चाहते हैं ? किरण वेदी की नियति पर संदेह करने वाले गुप्त जी को यह देश कभी क्षमा नहीं कर सकेगा...उनका अपराध अक्षम्य है.

रविवार, 14 अगस्त 2011

जब हम मुस्कराएँ तो समझ लेना कि यह भी हमारी विवशता है

      कभी हम भी मनाया करते थे पंद्रह अगस्त .....पूरे जोश से मनाया करते थे...........हमारे मासूम चेहरे दो दिन पहले से खिल जाया करते थे. पर तब हम बहुत छोटे थे....दुनियादारी की समझ नहीं थी इसलिए किसी स्वप्न लोक में विचरते हुए खुश हो लिया करते थे. 
    अब हम  बड़े हो गए हैं .....हमारे साथ-साथ पंद्रह अगस्त भी बड़ा हो गया है....या यूँ कहिये कि सठिया गया है. सठियाये हुए क़ी सभी उपेक्षा करते हैं. 
     अब पंद्रह अगस्त हमारी उपेक्षा करता है...हम पंद्रह अगस्त क़ी करते हैं.
     पर हम दोनों को किसी क़ी तलाश आज भी है......जिसकी तलाश है वह मिल नहीं रहा.....कौन ले गया है उसे ? ......सब पता है....सबको सब कुछ पता है.....पर कोई कुछ कर नहीं पा रहा. कब दिन आयेगा कुछ कर पाने का ? 
  शैशवावस्था से अनायास ही वृद्धावस्था में पहुंचे हुए पंद्रह अगस्त को अपने अनदेखे बचपन, किशोरावस्था और युवास्था की तलाश है. उसे तलाश है उन लोगों की भी जिन्होंने उसकी उम्र के सुनहले पलों को आने से पहले ही अगवा कर लिया है . वह बड़ी उम्मीद और ललचाई दृष्टि से विदेशी बैंकों की ओर देखता है जहाँ इस देश का रक्त और स्वेद स्वर्णमुद्राओं में बंदी होकर सिसक रहा है. वह बड़ी निराशा से आर्थिक घोटालों और भारत के नैतिक पतन को होता हुआ देखने को विवश  है. सच पूछो तो पंद्रह अगस्त की विवशताओं का कोई अंत नहीं .  
  हमें भी तलाश है ........तलाश है उस स्वप्नफल की जो पंद्रह अगस्त के बाद हमें मिलना तय था, पर न जाने क्यों कभी मिल नहीं सका........बचपन से इस बुढापे तक की यात्रा में वह स्वप्नफल निरंतर और निरंतर दूर होता चला गया है. 
  कल सुबह जब ईसवी शताब्दी के दो हज़ार ग्यारहवें वर्ष के कैलेण्डर में पंद्रह अगस्त एक बार फिर हमें सोते से उठाने की कोशिश करेगा ......हम बड़े ही बेमन से उठेंगे ....एक सरकारी नाटक में शामिल होने के लिए ......एक ऐसा नाटक जो पिछले चौंसठ सालों से पूरी दुनिया को ठग रहा है . हमारा तंत्र एक बार फिर हमें मुस्कराकर तालियाँ बजाने और अपने विषादग्रस्त चेहरे पर मुस्कराहट का नकाब ओढ़ने के लिए विवश कर देगा. 
   निस्संदेह,  अब हम गुलाम नहीं रहे....किन्तु आज़ाद भी नहीं हो सके ........हम नहीं जानते कि इस स्थिति को क्या नाम दें  जिसमें कोई किसी को सरेआम पूरी निर्लज्जता से निरंतर लूटते रहने को स्वतन्त्र  रहता है. 
   इस देश पर लुटेरों का वर्चस्व है .....निर्लज्ज लुटेरों का वर्चस्व.... जिनके पास क़ानून बनाने का अधिकार है ...अपनी  सुविधा के अनुसार हमें लूटते रहने के अधिकार का क़ानून. 
    इनका बनाया तंत्र इनकी रक्षा करता है ...और वही हमारा सर्वनाश भी.....हम हमारा सर्वनाश होता हुआ देख रहे हैं....बड़ी पीड़ा .....और बड़ी खामोशी से. यह खामोशी हमारे जले पर नमक छिड़कती है और उन्हें देती है अभय का वरदान .
   हमारी हंसी खोयी नहीं है कहीं ......बल्कि सरेआम लूट ली जाती है रोज़. 
   कल सुबह जब हम मुस्कराएं तो समझ लेना कि यह भी हमारी विवशता है.

शनिवार, 30 जुलाई 2011

तुम न होते अगर .



यूँ हमें देखकर, तुम न जलते अगर 
आग लगती न यूँ, तुम न होते अगर.
ऐ तमाशाइयो ! खूब जम के जलो 
और चढ़ जाएगा, इश्क परवान पर. 
इश्क  सागर में उठती हुयी कोई लहर 
इश्क सपनों में जीता हुआ कोई शहर.
इश्क कर दे सुधा, चाहे हो कोई जहर .
इश्क पढ़ता है कलमा, आठो पहर 
इश्क में मर गए,  हो गए हम अमर.
लोग आहें न भरते, इश्क को जानकर 
यूँ हमें देख कर, तुम न जलते अगर .
 

गुरुवार, 28 जुलाई 2011

वो क्या है जो


लो फिर छला है रात भर, मेरे चाँद ने हमें.    
नादां है दिल ये फिर भी, भूलता नहीं उन्हें.


सपनों में हम सदा ही, ढूंढा किये उन्हें.
वो भूल से ही सही, कभी दिखते तो हमें.

हम भी मगर तलाश में, चलते रहे यूँ ही.
छालों ने तो थी की खबर, थे बेखबर हमीं.

जलता रहा दिया ये, रात-रात भर यूँ ही.
वो मुस्कुरा के चल दिए, बोले - 'अभी नहीं'.

वो क्या है जो जला रहा, वो क्या है जो लुभा रहा.
वो क्या है जो चाहत बनी, वो क्या है जो बुझती नहीं.

वो प्यास है, हाँ ! प्यास ही, दिखती नहीं हमें .  
लो फिर छला है रात भर, मेरे चाँद ने हमें. 


रविवार, 17 जुलाई 2011

प्रतीक्षा ......तीसरी एवं अंतिम किश्त

     
    आगरा में पूस के महीने में खूब पाला पड़ता है. कभी-कभी तो दिन के ग्यारह बजे तक भी धुंध छाई रहती है, और रात की शीत का तो पूछो ही मत. ऐसी  पालेवाली रात में आँखों में यदि नींद भी न हो तो रात न जाने  कितनी और लम्बी लगने लगती है. 
    चारो ओर सन्नाटा पसरा है और मैं कम्बल ओढ़े पूरे वार्ड में टहल रहा हूँ . सोच रहा हूँ दो पीढ़ियों के मध्य पडी मत वैषम्यता की विकराल खाई के बारे में .....सास के बारे में ....परमहंस से प्रतीत होने वाले राहुल के बारे में ....आग में भुनी शकरकंद की तरह फूल कर वीभत्स हो गयी अंतिम साँसें गिन रही बहू के बारे में .........और सोच रहा हूँ राहुल के ऊपर लगाए गए उस आरोप के बारे में भी जिसके कारण बहू इस सीमा तक निराश हो चुकी थी. 
     तो क्या राहुल सचमुच ही उसके रहते किसी और को चाहने लगा था ?  
     लगता है , सब ओर से निराश हो चुकी थी बेचारी. सास-ससुर का कड़ा अनुशासन और पति की उपेक्षा ...आखिर कोई तो हो उसके सुख-दुःख का साथी.  इस नितांत अकेलेपन को भी कहाँ तक ढोती वह !   
    बार-बार घड़ी देखता हूँ ......उफ़ ! ये रात भी ...कितने धीरे-धीरे खिसक रही है ...अभी तो तीन ही बजे हैं. बहू के प्रिय स्वजन निद्रा में डूबे हुए हैं ...और आश्चर्य कि मेरी आँखों में नींद का लेश भी नहीं. आखिर क्यों नींद नहीं आ रही है मुझे .....लगता ही कौन हूँ मैं उसका ! पहले कभी देखा भी तो नहीं उसे ...और वह अभागी ही क्या देख पा रही है मुझ अनदेखे पड़ोसी को जिसके ऊपर अंतिम समय में इतना विश्वास हो गया उसे. हे ईश्वर ! विचित्र है तेरी माया , विचित्र है मनुष्य का मन !
      सोचते-सोचते भी कितनी देर हो गयी है पर घड़ी की सुई गर्मियों की दोपहरी की तरह अभी तक बिल्कुल ज़रा सी ही बढ़ सकी है आगे.  तभी ड्यूटी रूम का दरवाज़ा खुला एक नर्स बाहर निकली और थोड़ी ही देर बाद पुनः अन्दर दाखिल हो गयी ......आते-जाते उसने गौर किया मेरी ओर ...कदाचित सोचा भी हो कि इतनी सर्दी में कौन है यह पागल जो मात्र एक कम्बल ओढ़े टहल रहा है . 
  जाड़े की रात भी जागकर काट पाना कितना दुष्कर कार्य है ....और शैय्या पर पडी बहू ...उसके लिए कितना दुष्कर होगा ....उफ़ ...अनुमान लगा सकना भी संभव नहीं मेरे लिए तो. 
    मैं पूरी निष्ठुरता के साथ प्रतीक्षा कर रहा हूँ उसके मरने की. प्रतीक्षा करना तो और भी उबाऊ काम है. सभी परिचित और व्यवहारी इतने दिनों में ही निराश हो चुके थे प्रतीक्षा कर-कर के. उन्हें शवयात्रा में सम्मिलित होना ही तो एक काम नहीं, सो बेचारे तीन दिन तक यहाँ मंडराकर अब अपने -अपने काम से लग चुके थे. सोचा होगा , जब सूचना मिलेगी मरने की तब आ जायेंगे अर्थी में सम्मिलित होने, आखिर इतना पुराना व्यवहार  है इन लोगों से ....इतना तो करना ही पड़ेगा न !  
   "इतना तो करना ही पड़ेगा" ....जिसके जीते जी कोई कुछ करने के लिए तैयार नहीं था उसीके मरने के बाद "इतना तो" करने के लिए मंसूबे बना चुके थे लोग. मुझे वितृष्णा होने लगी थी सबसे. मैंने अपने दांत भींचे और एक क्षण में निर्णय ले लिया कि अभी जब कोई नहीं है तब मैं हूँ ...और जब सब होंगे तब उस भीड़ में मैं नहीं रहूँगा ...बिलकुल नहीं ...मैं इस संवेदनहीन भीड़ का हिस्सा नहीं बनूँगा. कैसा विचित्र है संसार, बहू जीवित है अभी ...और लोग उसके अंतिम संस्कार की योजना बना रहे हैं. तीव्र आक्रोश और दुःख ने मेरी आँखों की अश्रुग्रंथियों को कसकर मसल दिया ...वे निर्बंध हो बह उठीं. कम्बल को सिर से ओढ़कर मैं एक कोने में जाकर ठंडी फर्श  पर बैठ गया. पास में राहुल को खर्राटे भरते सुन मन और भी वितृष्णा से भर गया.....अभी एक वर्ष ही तो हुआ है शादी को और अंतिम यात्रा की तैयारी देख इतना परमहंस हो गया ? स्वार्थी कहीं का.............इसका  वश चले तो कहो कल ही दूसरी शादी कर ले ...छी . 
     मुझे चैन नहीं ....उठ कर फिर टहलने लगता हूँ. भोर होने में अभी देर है. टहलते-टहलते अनायास रुक जाता हूँ उसके पलंग के पास. कराह सुनायी नहीं दे रही......कहीं सांस बंद तो नहीं हो गयी !  झुककर देखता हूँ, क्षीण सांस चल रही है अभी. चेहरे और कन्धों की कठोरता और भी बढ़ गयी है. रुई से मुंह का हरा झाग साफ़ करने के लिए सिस्टर एक फोरसेप्स छोड़ गयी है. उसी से कठोरता का अनुमान लगाने के लिए मैं कान, चेहरा,और कन्धों को टोहकर देखता हूँ. कट..कट...कट...कट...नेक्रोसिस हो गयी है. मुडी हुयी एक बाँह कल से उसी तरह अधर में झूल रही है...दूसरा हाथ पेट पर रखा है. बड़े बलपूर्वक नेक्रोस्ड बांह को थोड़ा सा हटा पाता हूँ...उतने स्थान में पेट की त्वचा पर स्केमिया हो चुकी है. फोरसेप्स के तनिक से स्पर्श से ही उतनी त्वचा छिलके सी उधड़ जाती है. उफ़ ! प्रथम बार अंग-अंग की मृत्यु होते देख रहा हूँ. जीवन यात्रा खंड-खंड में पूर्ण हो रही है. जिसे तिल-तिल कर मरना कहते हैं शायद यही है. 
   मैंने पुकारा - "पानी दूं !"
   उत्तर मिला - "नईं "  
   धन्य है प्रभु ! अभी तक चेतना यथावत ! पर नहीं इतने से ही आभास हो गया मुझे कि यात्रा अब पूरी होने ही वाली है. गंतव्य अब और दूर नहीं. 
   चिकित्सालय के दो कम्बलों के अतिरिक्त घर के शेष कम्बल उसके ऊपर से हटा दिए मैंने. ऑक्सीजन थोड़ी तेज कर दी, फिर उसके पतिपरमेश्वर को जगाकर सारे बिस्तर समेट लेने को कहा. 
   उसने पूछा -"गयी ?" 
   मैंने कहा - " अभी तो नहीं ...पर अब जाने ही वाली है आप भी घर जाने की तैयारी कीजिए " 
   हमारी प्रतीक्षा की घड़ियाँ समाप्त होने को हैं अब . ट्रेन धीमी हो रही है ...गंतव्य आ ही चुका समझो .....बस ! प्लेटफोर्म आते ही सभी लोग अपना-अपना सामान लेकर उतर जायेंगे. डॉक्टर अपनी फोरसेप्स ले जाएगा. नर्स आकर ऑक्सीजन और कैथेटर हटा देगी. फिर दो डोम आयेंगे, मृत शरीर को नीचे तक पहुंचाने के लिए. मैंने उसके पति को सावधान किया, कोई सामान भूल मत जाना हड़बड़ाट में. सावधानी से  समेट लेना सारा सामान. मेरा आक्रोश व्यंग्य में बदल चुका था जिसे वह परमहंस शायद समझ भी नहीं सका.
    बिस्तर बाँध दिए गए हैं. गिलास, चम्मच, खाली हो गयीं डेक्सटरोज और नार्मल सेलाइन की बोतलें ...सभी कुछ समेटा जा रहा है. मैंने उसकी ऑक्सीजन थोड़ी और तेज़ करदी. ड्रिप बंद हो गयी थी ..उसे भी तेज़ किया.....पैर को फैलाकर हिलाया-डुलाया पर पर ड्रिप ज़रा भी नहीं खिसकी. चले भी तो कहाँ , कितने अंगों में तो नेक्रोसिस हो चुकी है. 
   उसका एक संबंधी जो अभी-अभी आया था, यह सब देखकर बाहर कैंटीन में चाय पीने चला गया. पता नहीं फिर मिल भी पायेगी या नहीं. कहो पूरे ही दिन व्यस्त रहना पड़े.......श्मशान कोई यहाँ है ...पूरे तीन मील चलना पड़ेगा पैदल.....चाय पीना आवश्यक है ...बहुत आवश्यक है....उसके बिना एक दिन भी रहा नहीं जा सकता  ........नहीं कतई संभव नहीं है.  
   क्षितिज से सूर्य भी झाँक कर परिणाम जानने के प्रयत्न में उत्सुक दिखायी देने लगा . एक स्टूल खिसकाकर मैं उसके पलंग के समीप बैठ जाता हूँ...उसकी डूबती साँसों के अंतिम दर्शन के लिए ......
    राहुल और उसकी माँ घर चले गए हैं ...सामान पहुंचाने ........बहुत आवश्यक था सामान पहुंचाना. और उसी बहाने नित्य कर्म से निवृत्त हो कर चाय पीना भी ......दिनचर्या में अधिक परिवर्तन नहीं होना चाहिए ...यह ध्यान देने योग्य बात है...एक दिन भी दिनचर्या में परिवर्तन हो जाय तो स्वास्थ्य खराब होने की संभावना रहती है....किसी संभावना को क्यों आमंत्रित किया जाय ?   
   सारी रात जागते हुए मैं भी थक चुका हूँ ....शरीर से भी और मन से भी....पर अकेला छोड़कर कैसे चला जाऊं ? अभी पूरी तरह सांस कहाँ बंद हुयी है उसकी .........
सभी की तरह मैं भी प्रतीक्षारत हूँ ....कब जाऊँ यहाँ से .......
   और बहू ! 
   कल से उसने भी जान बचाने की याचना करनी बंद कर दी है.........वह भी प्रतीक्षारत है ...............कब जा पाऊँ यहाँ से ......
                                           
                                                                    -----समाप्त ------