गुरुवार, 2 अगस्त 2012

भागते शहर का ठहराव

लोग कहते हैं ....

कि मुम्बई कभी सोती नहीं, जब देखो तब जागती ही रहती है ।

क्या सचमुच मुम्बई जागती रहती है दिन-रात ?

मगर ....

मुम्बई जागती रहती है तो उस दिन क्यों सो गयी थी

जब कसाब ने कसाई बन कर मुम्बई को तबाह करने की ज़ुर्रत की थी ?

मैंने मुम्बई से ये प्रश्न बारम्बार पूछा, मुम्बई हर बार ख़ामोश रही।

मैंने मुम्बई की भागती मेट्रो ट्रेन्स से पूछा, वे ख़ामोश रहीं। 

तब मैंने बज़बज़ाती धारावी से पूछा, वहाँ भी वही ख़ामोशी !

भीड़ भरी सड़कों से लेकर

अरब सागर के तट पर अपना सर पटकती लहरों तक

हर कहीं ख़ामोशी थी।

अद्भुत थी यह ख़ामोशी।

आख़िर इस ख़ामोशी ने ही मुझे राज बताया,

कहा - जब शहर भागता है तब लोग ठहर जाते हैं।

जब लोग भागते हैं तो उनका विवेक ठहर जाता है।

जब विवेक ठहर जाता है

तब कभी नादिर शाह आता है, कभी चंगेज़ ख़ान तो कभी कसाब।

और............

और इन सबके बीच साध्वी प्रज्ञा सिंह चीखती रहती है।         


 
मुम्बई का छत्रपति शिवाजी टर्मिनस यानी पुराना बॉम्बे वी.टी. रेलवे स्टेशन


उच्च न्यायालय मुम्बई

समुद्री मार्ग से विदेशी व्यापारियों का प्रवेश द्वार
यानी गेट वे ऑफ़ इण्डिया


होटल ओबेराय और ताज
 तबाह करने आये थे जिसे
पाक से कुछ नापाक  

कैसे कहूँ....
तुम मुझे कितने अपने लगते हो सागर !

सागर
रेत पर छोड़ गया है अपने पद चिन्ह
ऐ! नदी!
तुम भटक मत जाना  

रेत पर बिखरा है सागर का ख़जाना

पता नहीं..... कौन किससे टक्कर लेने को तैयार है


लहरें
मेरे भीतर हैं
और ख़ामोशी
मेरे बाहर
मैं
तुझे ये कैसे समझाऊँ ?
बोलो  ना सागर !  

गिरता भी है उछलता भी है
कहीं ख़ामोश
तो कहीं गरजता भी है।
बात समय-समय की है
कभी  नदिया में बहता
तो कभी सागर में समाता भी है
कभी डुबोता है हमें
तो कभी ख़ुद भी डूब जाता है।

हम सागर मथते रहते हैं
सारे विष उसमें डाल-डाल
अमृत सब छीना करते हैं
इन काली-काली करतूतों पर
जब सागर शोर मचाता है
लहरों के पाँव थिरकते हैं
धरती धड़क-धड़क उठती
हम अहंकार में चूर-चूर
अपने में खोये रहते हैं
उपहास शक्ति का देख, विकल तब
 शिवजी ताण्डव करते हैं।
हम सागर मथते रहते हैं।  

लहरों ने अवगुण्ठन डाला
नयनों का खारा नीर छिपाया।
तुम आये
कुछ सपने लेकर
मुझको
धीरे से सहलाया।
जैसे ही उमड़ा सागर पीड़ा का
तुमने मेरा
हर राज उछाला।

जो किताबें नहीं सुना पातीं
वो सुनाती हैं
ये लहरें।
 
कभी
गौर से सुनने की कोशिश कीजियेगा
ये ख़ामोशी
बहुत शोर करती है।

बुधवार, 1 अगस्त 2012

चलो, चलें गोराई

मुम्बई का गोराई बीच ..यानी मुम्बई में मेरी सबसे पसन्दीदा जगह .....इसके आगे तो गोआ के बीच भी कुछ नहीं ...यह मेरी दृष्टि है वरना दुनिया तो पागल है गोआ के बीचेज के लिये।


बोरीवली खाड़ी से फेरी पर हो कर सवार आप पहुँच सकते हैं गोराई द्वीप। फेरी से उतरते ही बीच पर जाने के लिये ऑटो रिक्शा के अतिरिक्त टम-टम भी आपकी प्रतीक्षा में खड़े मिलेंगे आपको। दोनो में से कुछ भी चुनिये और पहुँच जाइये गोराई बीच।   

गोराई बीच में बना एक बौद्ध पगोडा ...यानी चंचल मन को शांत होने देने के लिये एक सुअवसर ... 
अरब सागर की तटीय रेत पर हिलोरें मारती सागर की लहरें और किनारे-किनारे उगे दीर्घकाय नारियल के वृक्षों के झुरमुट .......... मेरे लिये तो मन की शाँति के लिये यह स्थान सबसे उपयुक्त है

सागर को निहारने और लहरों से बातें करने का आनन्द अनुपम है

ये हैं हमारे दद्दू। मैंने उन्हें छेड़ते हुये कहा कि दद्दू आपके सिर पर चोटी की जगह नारियल उग आया है, वे चौंक गये और उनका हाथ सचमुच चोटी की जगह चला गया। ऐसी शरारतों का मज़ा लेने का अवसर मैं कभी नहीं छोड़ता।

दद्दू का घर बोरीवली में ही है। उनके घर की खिड़की खोलते ही जो दृश्य सामने दिखायी देता है वह है अरब सागर। उस दिन गोराई पहुँचकर उन्होंने हाथ उठाकर बताया कि इस दिशा में सीधे चले जाओ तो कैप ऑफ़ गुड होप पहुँच जाओगे। शायद उन्हें यकीन था कि मैं अभी उठकर उनकी उंगली की दिशा में सीधे चलने वाला हूँ ......कैप ऑफ़ गुड होप के लिये।   

"इन लहरों की सौगन्ध जो कभी साथ छोड़ा तुम्हारा ....."
शायद यह नव युगल यही कह रहा है ...... 

सागर की लहरों का झुककर अभिवादन करता नारियल का एक पेड़।
नारियल कृतज्ञ है सागर की लहरों का ....
क्योंकि ये लहरें ही हैं जो सुदूर निर्जन टापुओं में नारियल के फल लेजाकर
उनकी वंशवृद्धि का पुण्य कार्य करती हैं।
ये लहरें न होतीं
तो न जाने कितने द्वीपों-महाद्वीपों के लोग नारियल से वंचित रह जाते।
इन लहरों को मेरा भी विनम्र अभिवादन !

नारियल के झुरमुटों के बीच एक झुरमुट केतकी का भी।
कंटीली पत्तियों से घिरे.........
ख़ुश्बू बिखेरने पर आमादा.........
केतकी की पुष्प मंजरी को देख भला कौन न इस पर मोहित होगा !

ऊपर
बादलों से आच्छादित नील गगन
और नीचे
समुद्र के नीलेजल का विस्तृत साम्राज्य.......
सचमुच,
हमें अपने सारे अहंकार बौने लगने लगे हैं।

दद्दू शायद लहरों पर बैठ कर कैप ऑफ़ गुड होप जाने के लिये गम्भीर हो उठे हैं....
जाइये-जाइये ....ज़रूर जाइए ....
आपकी यात्रा मंगलमय हो दद्दू जी!

"लेकिन जाने से पहले रास्ते के लिये कुछ जड़ी-बूटियाँ तो चुन लूँ....."
दद्दू शायद यही सोचकर इस द्वीप में आकर कुछ खोज रहे हैं।

लीजिये, मिल ही गया ।
जिन खोजा तिन पाइयाँ ......
मार्ग के लिये इससे अच्छा पाथेय और क्या हो सकता है भला!
सफ़ेद फूल और लम्बी-लम्बी पत्तियों वाला यह है सफ़ेद मूसली यानी Chlorophytum arundinaceum

गहरे कत्थई रंग के पतले सूत्राकार तने पर लगी
जिव्हाकार, लम्बी, गहरी हरी पत्तियों में सफ़ेद शिराओं वाले आकर्षक पादप का नाम है  
सारिवा यानी अनंतमूल यानी Hemidesmus indicus.  
डायरिया, ख़ूनी पेचिश, ज्वर एवं सप्युरेटिव वूण्ड्स की औषधि।
यह एक उत्तम रक्त शोधक औषधि के रूप में सुविख्यात है।

यह ख़ूबसूरत पुष्प है जिस वनौषधि का उसका नाम है ...
वन हरिद्रा यानी जंगली हल्दी यानी Curcuma aromatica

बहुत हुआ ....
मैं तो थक गया भाई .....अब और नहीं ......

कुछ देर आराम कर लूँ फिर चलूँ .....

ठीक है दद्दू जी! आप आराम फ़रमाइये ...तब तक मैं आँखों में समुद्र भर लूँ

ये ख़ूबसूरती और कहाँ मिलेगी !
 
सागर का किनारा हो
उबलती जवानी हो
साथ में एकांत भी हो
तो पानी में आग लगने से कौन रोक सकता है भला!

सोमवार, 30 जुलाई 2012

प्रकृति के ये अद्भुत चितेरे

हैं तो ये अद्भुत चितेरे, पर किसी कला महाविद्यालय में जाकर इन्होंने कभी कुछ नहीं सीखा। सीखें भी क्यों ? इन्हें तो प्रकृति ने पहले से ही सब कुछ सिखा कर भेजा है यहाँ। तनिक आप भी देखिये इनके बनाये चित्र...  

इन्हें अपने चित्र बालू पर ही बनाने का शौक है।



यूँ ही नहीं बन जाते ये चित्र। जान जोख़िम में डालनी पड़ती है.... पर जाने दीजिये...
आप तो कलाकारी देखिये।

इस चित्र को देखिये... लगता है जैसे किसी फ़ॉसिल का चित्र हो।

ये चित्र हमेशा ही मुझे आकर्षित करते रहे हैं। 

रेत पर रेत बिखेर कर बनाये गये ये चित्र किसे नहीं आकर्षित करते होंगे।

कुछ बने कुछ अधबने चित्र ....

एक-दो नहीं ...असंख्य चित्र ...


न-न.... ,गिनने का प्रयास व्यर्थ है, क्योंकि थक जायेंगे आप और गिनती पूरी नहीं हो सकेगी।

आप यह जानने के लिये उत्सुक हो रहे होंगे कि आख़िर ये चित्र लिये कहाँ से हैं मैंने ! इस चित्र को ध्यान से देखिये, शायद कुछ अनुमान लगा सकें आप। पीछे की ओर पतली श्वेत रेखा एक लहर है। शेष विवरण नीचे देखिये ....   


ये चित्र जहाँ से लिये गये हैं वह है मुम्बई का ख़ूबसूरत गोराई बीच...यानी मुम्बई में मेरी पसन्दीदा जगहों में से पहले क्रम पर। और ये चितेरा है एक समुद्री कीट जो तटीय बालू पर ऐसे चित्र बनाता रहता है। यह अपना काम बहुत ज़ल्दी-ज़ल्दी करता है फिर भी यदि तनिक सी असावधानी हुई और काले कौवे की दृष्टि इन पर पड़ी तो इन्हें कौवे का निवाला बनते देर नहीं लगती। तो अगली बार आप जब भी मुम्बई जायें तो गोराई बीच जाकर इन चितेरों से मिलना मत भूलियेगा। पर ध्यान रहे, कृष्णपक्ष में ही जाइयेगा अन्यथा समुद्र का गुस्सा झेलने के लिये तैयार रहियेगा।     

रविवार, 8 जुलाई 2012

खजूर थी नीम हो गयी

   दूसरी कोपल कब फ़ूट गयी पता ही नहीं चला, उस समय तो मैं कोमल कोपल के स्पर्श की सुखद अनुभूति में डूबती उतराती रही थी। कोपलें बढ़ती गयीं, और उनके झूमने से जो सुखद बयार बही उसने मुझे एक मोहक स्वप्न लोक में पहुँचा दिया। सम्मोहित सी मैं स्वप्नलोक में भ्रमण करती रही ....दुनिया की रीति-नीति से भिज्ञ होकर भी अनभिज्ञ  बनी रही और जब होश में आयी तब तक मैं खजूर से नीम हो चुकी थी। खजूर अब मुझसे खाया नहीं जाता और नीम मुझसे छोड़ा नहीं जाता। उफ़्फ़ ! जाने किस घड़ी में फूटी थी वह कोपल ! 

   रीति है खजूर होने की ...नियति है नीम होने की।  नारी की यह कथा किसी त्रासदी से कम है क्या ? 
   हाँ ! मैं इसे त्रासदी ही कहूँगी। क्यों न कहूँ ? माना कि मीठा है खजूर, पर तीक्ष्ण पत्तियों की चुभन ? इस चुभन को अपनी नियति कैसे मान लूँ .....क्यों मान लूँ मैं ? नीम होने में बुरायी ही क्या है जो उसकी छाँव को छोड़ दूँ ? नीम कड़ुवा है तो क्या, उसने कब बुरा चाहा है किसी का ?
   बचपन से सुनती आयी थी, दृष्ट जगत के सारे व्यापार किसी स्वप्न से अधिक कुछ नहीं । मनीषियों के लिये जगत स्वप्न है और मेरे लिये मेरा स्वप्न ही मेरा जगत था । मेरे लिये तो मेरा स्वप्न भी अस्तित्ववान था पर उनके लिये ब्रह्म सत्य है और जगत मिथ्या ।  इन दोनो बातों में अंतर होगा, वे दार्शनिक होंगे। पर मैं तो सांसारिक हूँ और मेरे लिये जो दर्शनीय था वही दृष्टव्य था, और जो दृष्टव्य  था वही दर्शन था । मैं, मेरा स्वप्न और मेरा संसार सब एकाकार हो गये थे । इस दर्शन की अवहेलना कैसे कर पाती मैं ?

   हाँ ! स्वप्न ही तो देखा था मैंने .....अंतर्जाल की आधुनिक आभासी दुनिया का स्वप्न । वह कविता बन कर आया था ...मुझे हौले से स्पर्श किया था। उसकी हर कविता उतरती चली गयी ...पहले मस्तिष्क में फिर हृदय में। कवितायें अभी भी वहीं बैठी हैं ....वहाँ से हटने का नाम ही नहीं लेतीं । एक दिन साहस किया मैने और उसके चिट्ठे पर एक टिप्पणी लिख अपना हाथ बढ़ा दिया आगे। हाथ बढ़ा तो टिप्पणियों का आदान-प्रदान भी प्रारम्भ हो गया ।  
   टिप्पणियों का आदान-प्रदान कब चिट्ठियों में रूपांतरित हो गया यह पता ही नहीं चला। अपने सुलझे हुये और उत्कृष्ट विचारों से निश्चल ने मेरे मन-मस्तिष्क में अपनी एक सौम्य और निश्छल छवि निर्मित कर ली थी। वैचारिक साम्यता की नदी के प्रवाह में उतरने में समय नहीं लगा हमें । न जाने कब उसने विचारों की एक पोटली थमा दी थी मुझे। मैं अचम्भित थी ......सम्मोहित थी। 
   पोटली मुझे मथे जा रही थी ...मथे जा रही थी । विचार ऐसे भी हो सकते हैं ...इतने परिष्कृत .....इतने उदार ...इतने मधुर ...इतने आकर्षक ...इतने ऊर्जावान .....इतने सम्मोहक .......
   विचारों की एक पोटली मेरे पास भी थी .....पहले से ही। बचपन से तिनका-तिनका संजोकर बनायी पोटली ससुराल में आकर और भी समृद्ध हो गयी थी.....किंतु कितना अंतर था इन दोनो पोटलियों में ! पहले वाली पोटली लेकर चलने में जो असुविधा थी वह इस नयी पोटली में नहीं थी। इसके साथ मैं मुक्त गगन में उड़ सकती थी ..वह भी अपने स्वयं के अस्तित्व को खोये बिना।
    अस्तित्व ! दुनियादारी की सारी माया इसी अस्तित्व को ही लेकर तो है। सभी संघर्षों के मूल इसी अस्तित्व की रक्षा प्रक्रिया में समाये हुये हैं। परम्परा भी यही रही है कि मैं अपना अस्तित्व उनके अस्तित्व में विलीन कर दूँ। करने का प्रयास भी किया किंतु  सुमित से विवाह के इतने वर्षों बाद उस दिन सुविधा-असुविधा की तुलनात्मक समीक्षा ने पहाड़ सी एक दुर्गम समस्या खड़ी कर दी थी ।
   पता नहीं यह संयोग मेरा दुर्भाग्य था या सौभाग्य कि राष्ट्र और समाज की विकास प्रक्रिया में पुरुष की तरह मैं भी अपनी किंचित सहभागिता सुनिश्चित कर सकने में सफल हो सकी थी। किंतु इस सहभागिता के बाद भी मैं पुरुष की वर्चस्वपूर्ण मानसिकता की शिकार होने से स्वयं को बचा नहीं सकी कभी। सात फेरे लेकर भी मैं सुमित की अर्धांगिनी नहीं बन सकी ...सहचरी नहीं बन सकी । हाँ ! सम्पत्ति अवश्य बन सकी, सम्पत्ति ...जो भोग्या होती है और जिसका एक स्वामी होता है। मन में भोग्या होने का विचार आते ही अन्दर ही अन्दर पीड़ा की एक तीव्र लहर सी उठती थी और मैं पछाड़ खाकर गिर जाती थी । चोट लगती थी तो पीड़ा और भी बढ़ जाती थी ।
    निश्चल ने पंख खोलना सिखाया था मुझे ......मैं उड़ना चाहती थी ...जानना चाहती थी कैसा लगता है मुक्त गगन में उड़ान भरते हुये। किंतु मायके से लायी हुयी पोटली को सुमित ने और भी भारी बना दिया था .....उससे मुक्ति कैसे हो पाती ? 
    मन जहाज के पंछी की तरह विकल था ...विवश था ...मुक्त होने का प्रयास करता था ...फिर वापस आ जाता था। मुझे अपना घूंघट थोड़ा ऊपर खीचना पड़ा । अब लैप-टॉप मेरे सामने था और मैं लैप-टॉप के की-बोर्ड पर अपनी उंगलियाँ रोक नहीं पा रही थी, उंगलियों ने आज्ञा का पालन करना प्रारम्भ किया - 

दोपहरी में चढ़ी अटारी
मैं मन हारी
घोंप हृदय में एक कटारी 
घूम रही हूँ ...घूम रही हूँ .....
चाँद दूर है सूर्य निकट है 
शीतल छाया की आशा में 
झुलस रही हूँ ...झुलस रही हूँ ....



   उंगलियों ने बटन को दबाया और निश्चल को लिखी पहली चिट्ठी अंतर्जाल की माया ले उड़ी । अब उत्तर की प्रतीक्षा में विकल हो मैं अन्यमनस्क हो उठी थी। निश्चल कहीं अन्यथा न ले ले।
   कई दिन हो गये, निश्चल का कोई उत्तर नहीं आया। मन में उठी व्यग्रता भी व्यग्र हो उठी। अब मुझे अपना चिट्ठी लिखना ही बचकाना सा लगने लगा था पर अब क्या हो सकता था, तीर तो छूट चुका था।
  
  परम्परावादी पतिदेव को आधुनिक चीजें लेश भी अच्छी नहीं लगतीं, और मेरा लैप-टॉप तो जैसे उनका शत्रु ही था सो रात में उनके सोने के बाद ही उसे प्यार कर पाती थी। उस दिन जैसे ही खोला तो यंत्रजाल की पत्रमंजूषा में निश्चल के नाम की चिट्ठी देखकर मेरी तो जैसे धड़कन ही बढ़ गयी। खोलने का साहस नहीं हुआ। यंत्रपटल को आवृत कर उठ गयी । सोने का प्रयास किया पर आँखों में नींद कहाँ ? बहुत देर तक शय्या पर छटपटाने के बाद फिर उठ बैठी। पैर यंत्रवत लैप-टॉप की ओर बढ़ते चले गये, किसी तरह यंत्र के पट पुनः अनावृत किये और अंत में पत्रमंजूषा भी .....
   की-बोर्ड पर क्लिक करते समय अचानक ही पलकों ने आँखों पर पहरा देना प्रारम्भ कर दिया था, किसी तरह   पहरेदारों को भी मनाया । अब आँखें जो पढ़ पा रही थीं वह कुछ यूँ था-

चाँद चाँद है
सूर्य सूर्य है
दोनो के संग क्यों उलझन है ?
शीत-ताप
सब अटल सत्य है
जीवन का पल-पल स्वर्णिम है।

   थमी हुयी श्वासों ने अपनी राह पकड़ी.....सशंकित हृदय ने अपनी स्वाभाविक गति पकड़ी...मन शांत हुआ और मैने ईश्वर को कोटि-कोटि धन्यवाद दिया कि निश्चल ने कुछ अन्यथा नहीं समझा।  
   बाद में मैने अनुभव किया कि इतना होने पर भी सब कुछ स्वाभाविक और सामान्य नहीं था। जहाज का पंछी एक निश्चित् दिशा में उड़ जाने के लिये व्यग्र होता जा रहा था। बचपन की पोटली को सिर से उतार फेकने के लिये मन बेचैन था ।
   कॉलेज के दिनों में लड़कों को लेकर किसी भद्र लड़की की मानसिकता बड़ी विचित्र होती है। स्वयं के सजने-संवरने में तो कोई कमी नहीं होती, राह में कोई पलट कर देख ले तो मन "हुँह ....लफ़ंगा कहीं का" की उपाधि वाला एक प्रमाण पत्र देने में लेश भी देर नहीं करता। कोई न देखे तो मन उदास हो उठता है - "सजने-संवरने में इतना समय व्यर्थ ही जाया किया ...कोई देखता तक नहीं"
   निश्चल के प्रति आज मेरा भी मन कुछ ऐसा ही हो रहा था- "अच्छा ! तो बड़े साधु बन रहे हैं आप ! किसी स्त्री के हृदय को इतना भी नहीं जान सकते कि वह चाहता क्या है ।"
   मैंने अनुभव किया, शायद मैं बहकने लगी थी ।  मन तो संस्कारित था मेरा पर हृदय ....? वह किसकी मानता है भला ! उफ़्फ़ ! यह कैसा नाता बन गया था निश्चल जी आपसे मेरा । अंतर्जाल की आभासी दुनिया का नाता .....जो स्वयं में कतई आभासी नहीं है। सच ही तो... निश्चल के अस्तित्व ने मेरे मन-प्राण-हृदय को अन्दर तक प्रभावित कर दिया था इस सत्य की उपेक्षा मैं कैसे कर सकती थी भला !
 
  और सुमित ? उनकी याद आते ही पीड़ा और भी गहरी हो उठती थी, रोने-रोने का मन हो आता था मेरा । एक सीधे-सादे किंतु परम्परावादी भद्र पुरुष । बौद्धिक प्रवीणता में निश्चल के सामने कहीं नहीं ठहरते पर इसमें दोष ही क्या उनका ?
  तो क्या सुमित के प्रति मेरे प्यार और समर्पण में कुछ न्यूनता होने लगी थी ? क्या निश्चल के प्रति मेरा आकर्षण बढ़ता जा रहा था ? ओह ! कितना उलझन भरा आत्मावलोकन था यह...कितना पीड़ादायक भी। सुमित! मेरे प्रिय सुमित ! मैं तुम्हें खोना नहीं चाहती ....। और निश्चल ? तुम तो मेरे स्वप्न हो निश्चल ! कोई अपने स्वप्न को कैसे टूट जाने देगा ?  
  नहीं ......मन का भटकाव है यह। ऐसी ही स्त्रियाँ तो व्यभिचारिणी हो जाती हैं। तो क्या व्यभिचारिणी होने के बीज अंकुरित हो रहे थे मेरे अन्दर। शायद हाँ , तभी तो मैने आज तक कभी निश्चल के बारे में बताया नहीं सुमित को । मुझे डर था कि वे हमारे इस अनाम रिश्ते को स्वीकृति नहीं देंगे कभी। तो क्या यह छल नहीं था  ....अपने सर्वस्व से छल ?
   अपनी उलझन मुझे संयोगिता के सामने रखनी पड़ी । पहले तो उसने निश्चल को लेकर खूब परिहास किया, जी भर रुलाने के बाद फिर सुझाव दिया, बोली -"पति परमेश्वर नहीं हो सकता रागिनी ! परमेश्वर तो सबका केवल एक ही है। तुम्हारा उत्तरदायित्व उसी परमपिता परमेश्वर के प्रति है । सुमित यदि स्त्री-पुरुष के सम्बन्धों को केवल एक ही दृष्टि से देख पाते हैं तो उन्हें अपने अन्य किसी रिश्ते के बारे में बताने की आवश्यकता ही क्या है ?भले ही वह पवित्र रिश्ता ही क्यों न हो। अनावश्यक सन्देह तुम्हारे दाम्पत्य सम्बन्धों में आग लगाने के लिये पर्याप्त है। तुम्हें इतना छल करना ही होगा...और सच पूछो तो यह छल है भी नहीं रागिनी ! किसी पुरुष की पत्नी होने के अतिरिक्त क्या स्त्री का और कोई अस्तित्व नहीं होता ? पत्नी होने से पहले तुम एक स्त्री भी हो और तुम्हारा अपना एक स्वतंत्र अस्तित्व भी है यह मत भूलो। जहाँ तक निश्चल के प्रति तुम्हारे आकर्षण की बात है तो इसमें बुरा ही क्या है ? दोष व्यभिचार में है ...किसी से प्यार करने में नहीं...और यह अच्छी तरह समझ लो कि प्यार "प्यार"  होता है उसे व्यभिचार नहीं कहते। और प्यार सदा पवित्र ही होता है।"  
  विषाद के बादल उस समय तो छट गये पर उमड़-घुमड़ कर फिर आ गये। बचपन के दिये गये संस्कार गहरे होते हैं उनका प्रतिसंस्कार इतना सरल नहीं होता। यह एक प्रकार की शल्य चिकित्सा ही है जिसमें पुराने संस्कारों के स्थान पर नये संस्कार प्रत्यारोपित करने होते हैं, प्रत्यारोपण का पीड़ादायी होना स्वाभाविक है, उसका परिणाम कितना भी सुखद क्यों न हो।
  व्यथित हो मैने एक बार फिर निश्चल को चिट्ठी लिख कर अंतर्जाल के हवाले कर दी। इस बार प्रश्न सीधा-सीधा था, मैने लिखा - "हम पिछले छह वर्षों से आपस में विचारों का आदान-प्रदान और पत्र-व्यवहार करते आ रहे हैं, यह बात अभी तक सुमित को नहीं मालूम । मुझे लगता है कि मैं सुमित से छल कर रही हूँ। अपने मन से इस बोझ को उतारना चाहती हूँ पर तब भय है कि मुझे आपको खोना पड़ेगा। ...और मैं आपको  खो कर अपने अस्तित्व की हत्या नहीं करना चाहती। क्या करूँ कि पति के प्रति सच्ची निष्ठा भी बनी रहे और आपसे मेरा यह ख़ूबसूरत अनाम रिश्ता भी ?"

   निश्चल ने इस बार देर नहीं की, तुरंत उत्तर दिया, -" रागिनी जी ! जहाँ सन्देह की स्थिति निर्मित होने की सम्भावना हो वहाँ आभासी दुनिया के अनाम सम्बन्धों की बलि देना ही श्रेयस्कर है।"

   निश्चल ने वही उत्तर दिया था जो किसी सुलझे हुये व्यक्ति को देना चाहिये था। किंतु जब संयोगिता को बताया तो वह बिफर उठी, -"यह छद्मादर्श पुरुषवादी मानसिकता के अतिरिक्त और कुछ नहीं।" 
   
   सारी उठा-पटक के बाद भी अंतिम निर्णय मुझे ही करना था। चोर न होते हुये भी पुलिस से छिपते-फिरने की पीड़ा से मुक्ति पाना अब आवश्यक हो गया था मेरे लिये। निश्चल जी को मन ही मन अंतिम बार प्रणाम करते हुये मुझे स्त्री की हत्या के लिये विवश होना पड़ा था । सुमित, जो कि इस युद्ध में प्रत्यक्ष कहीं नहीं थे, जीत चुके थे और मैं सदा के लिये मर चुकी थी।                  
  

 
  

शनिवार, 7 जुलाई 2012

होकर भी नहीं है


बरगद
अभी भी है
वहीं
जिसकी छाँव में
बैठा करते थे सभी
कभी
    दशकों पहले

वह
और भी सयाना हो गया है
देख-सुनकर वैरागी हो गया है

बरगद
होकर भी नहीं है अब
उसकी छाँव में बैठने का समय
किसी के पास नहीं है अब

वह तो
जीते जी
किसी संत की समाधि बन गया है
क्या पता
कल वहाँ भी खुल जाय
कोई  नई दुकान

बरगद का
होकर भी नहीं होना
परिवार की नयी परिभाषा है
विकास का नया मापदण्ड है
   समाज का एक और विचलन है

आपकी
सारी बातें सच हैं
किंतु यह मान लेने में
क्या हर्ज़ है
कि हमारी आँखों का मोतियाबिन्द
     किसी शल्य चिकित्सक की प्रतीक्षा में है।



    

शुक्रवार, 6 जुलाई 2012

बिन पानी वारिश

मानसून तो आ चुका है बस्तर में भी पर आज कल पता नहीं क्यों वह कुछ रूठा-रूठा सा रहता है

और लोगों की गुस्ताख़ी तो देखिये कि कोई उसे मनाने की कोशिश भी नहीं कर रहा

 

ये है छत्तीसगढ़ की जीवन रेखा महानदी

 

मौसम है वारिश का जो कि आवारा हो चुका है

और नदी कितनी प्यासी है ये दर्द इस रेत के सिवाय और कौन जान पा रहा है ?

 

लो जी! मिल ही गया इत्ता पानी ....इज़्ज़त बच गयी नदी की

अब मत कहना कि नदी सूखी है

लीजिये ! और करीब से दर्शन कर लीजिये महानदी की जलराशि के

 

मायूस मत होइये ......इस अमराई को तो देखिये

और किनारे-किनारे ये झाड़ हैं रतनजोत के। किसी ज़माने में इससे बायो डीज़ल बनाने का अभियान शुरू किया गया था ...बड़े जोर-शोर से।

करोड़ों रुपये की मुद्रा स्वाहा करने के बाद यह अभियान अभी आई.सी.यू में है ...बड़े जोर-शोर से.....

 

और ये है काज़ू का जंगल

यकीन मानिये इनमें काजू लगते भी हैं

 

काजू का जंगल हो  सूनसान सड़क हो पास में साइकल हो ....

तो मज़ा ही मज़ा है।

सरकार ने कन्यायों को भेंट में दी हैं साइकलें ताकि दूरदराज़ की कन्यायें शाला जा सकें .....अपना भविष्य बना सकें

 

लो ! फिर हो गया  कत्ल .........एक पेड़ का

अब तो देख लिया न! किस तरह निगला है बस्तियों ने जंगल को ..

 

ए ! इंसान कहीं के ! तुम फिर आ गये हमारे जंगल में ?  

 

देख भाई ! ये मेरा घर है ...इस पेड़ को मत काटना ...

 

चलो ! अब लौट चलें

रविवार, 24 जून 2012

फूल खिले हैं जंगल-जंगल

वर्षा में जंगल का सौन्दर्य देखते ही बनता है। चलिये न! जरा घूम कर आते हैं  ...नहीं-नहीं, मैं आपको भारत के सबसे ख़ूबसूरत "जगदलपुर-वाल्टेयर" रेलमार्ग की ओर नहीं ले जा रहा, जो बरसात में और भी मनोहारी हो जाता है बल्कि अभी तो जंगल से होकर जाते रायपुर-बस्तर राजमार्ग के दोनो ओर अनुपम छटा और भीनी ख़ुश्बू बिखेरते कुटज के जंगल के दर्शन कराने ले चल रहा हूँ जहाँ वारिश के शुद्ध जल से स्नात कुटज के पेड़ श्वेत पुष्प गुच्छ थामे आपके स्वागत में प्रतीक्षारत हैं... 


यही है कुटज (Holerina antidysentrica)
जोकि डिसेंट्री यानी आँव-पेचिश की उत्कृष्ट औषधि है। इसके तने की छाल से बनती है डिसेंट्री की औषधि, इसकी लम्बी फली में लगने वाले यव के आकार के बीजों(इन्द्रयव) से बनती है मधुमेह की औषधि और इसकी जड़ की छाल के चूर्ण का क्षीरपाक लाभ करता है ट्युबर्क्युलोसिस में।
तो देखा आपने कितना उपयोगी है यह ख़ूबसरत वनौषधि।  

विल्व (Aegle marmilose)
मामला डिसेंट्री का हो तो विल्व फल के बिना मुक्ति नहीं मिलने वाली। डिसेंट्री की प्रसिद्ध औषधि "विल्वावलेह" के लिये तो आपको शिव प्रिय विल्व की शरण में जाना ही होगा। इसके कच्चे फ़लों के गूदे से बनता है विल्वावलेह। इसके पत्ते के स्वरस से बनती है मधुमेह की औषधि। यह विषघ्न भी है तभी तो शिव जी को अत्यंत प्रिय है विल्वपत्र।

गिलोय Tinospora cardifolia
ज्वर कैसा भी हो, साधारण, विषम या फिर टायफ़ाइड गिलोय के बिना काम नहीं चलने वाला। ज्वर के अतिरिक्त पेप्टिक अल्सर, अर्टीकेरिया, डर्मेटाइटिस आदि के लिये भी गिलोय प्रसिद्ध है तभी तो इसका नाम है "अमृता" । पेड़ पर चढ़ी इसकी लता का सम्बन्ध यदि जड़ से समाप्त कर भी दिया जाय तो शेष बची बेल से कुछ दिनों में लम्बी-लम्बी नयी जड़ें निकलकर मिट्टी से पुनः अपना सम्बन्ध स्थापित कर लेती हैं। काश! इंसान को भी अपनी मिट्टी से इतना ही प्रेम होता !

और ये रहे गिलोय के फल


पकने पर ये फल लाल और फिर सूखने पर गहरे कत्थई रंग के हो जाते हैं

पुनर्नवा (Boerhavia diffusa)
किडनी की व्याधियों की उत्तम औषधि इसके मूल से बनती है। गुर्दे की कई विकृतियों को दूर करने, रक्त को शुद्ध करने, रक्त का निर्माण करने और एडिमा की चिकित्सा के लिये पुनर्नवादि गुग्गुल, पुनर्नवादि मण्डूर और पुनर्नवारिष्ट के उपयोग से कौन अपरिचित है भला!

गगन विहारी
समय का सम्मान करना कोई इनसे सीखे। तभी तो इन्हें डॉक्टर्स के चक्कर नहीं काटने पड़ते हैं न!
चलिये, अब हम भी चलें अपने-अपने घर ...