शुक्रवार, 31 अगस्त 2012

सबकी एक ही पहचान होती


काश!
मैं भारत का सम्राट होता
तो
भारत का नाम इण्डिया नहीं
भारत ही होता।
जो हठ से इसे इण्डिया कहता
उसे मैं भारत से बाहर करता।
 
भेज देता वापस
चार देशों के आयातित संविधान
उनके अपने-अपने देशों में
लिखकर यह टीप
कि अशोक नहीं लाये थे
बाहर से कोई संविधान
अब और नहीं सहेंगे यह वैचारिक अपमान।
हम फिर से
अपना संविधान बना सकते हैं
और भारत को
सोने की चिड़िया बना सकते हैं।
 
तोड़ देते वे बैसाखियाँ
जो बाँटी जा रही हैं
सही सलामत पैरों को।
नहीं रहता कोई आरक्षण।
देते हर किसी को
शिक्षा का समान अवसर।
नहीं होती कोई शिथिलता
योग्यता के धरातल पर
सुपात्र को ही मिलते अवसर।
होती समान नागरिक संहिता
धर्म और जाति पर नहीं होते
बवाल
वर्णाश्रम व्यवस्था पर नहीं उठते
इस तरह सवाल।
 
सारे धर्मों का सम्मान होता
न कोई अल्पसंख्यक
न कोई बहुसंख्यक होता
हर व्यक्ति
केवल भारत का नागरिक होता
सबकी एक ही पहचान होती
और भारत
केवल हिन्दू राष्ट्र होता।
 
करते जो भ्रूण हत्या
मृत्युदण्ड उन्हें मिलता।
आशीर्वाद में कहते - 'दूधों नहाओ'
पर पूत एक ही
सपूत होता।
 
जंगल का सम्मान होता
नदियों का उपचार होता
नहीं अटकती गंगा
बारबार शिव की जटाओं में।
हिमालय से गंगा का
फिर से अवतरण होता
गंगा के लिये साधु का
न आमरण अनशन होता।
नदियाँ सब भरी होतीं
कोख सब हरी होतीं।
धरा खिलखिलाती
फसल लहलहाती
अन्नपूर्णा का भरा
सदा भण्डार होता।
 
मानसरोवर अपना होता
नहीं लेनी पड़ती अनुमति
छोटे-छोटे चीनियों से।
हर नागरिक में
भारत का स्वाभिमान होता
देश पर मिटने को सदा तैयार होता।
 
माँ "माँ" होती
बेटी "बेटी" होती
कोई रिश्ता कलंकित न होता
तलवार में धार होती
पर धार में प्यार होता।
 
मंच तो होता
पर मंच पर नंगा
'परिधान' न होता।
कला "कला" होती
संगीत ध्रुपद होता
नारी के चरणों में पुरुष का नमन होता।
 
विचरते
सभी प्राणी होकर उन्मुक्त
नहीं होती कोई भी प्रजाति विलुप्त।
हर शेर को जंगल मिलता
हर आदमी को घर मिलता
हर हाथ को काम मिलता
कोई भूखों न मरता
कोई फ़र्ज़ी बिल न बनता
रिश्वत का जोर न होता।
 
उद्योग देशी होते
विदेशी भाग जाते।
भारत का राष्ट्रपति
सोनिया नहीं
भारत में जन्मा
भारत का ही नागरिक तय करता।
देश का पैसा देश में होता
साधु का सम्मान होता
दुष्ट का अपमान होता
शिक्षा में संस्कार होता
घोटालेवाज जेल में होता।
अपनी भाषा
अपना संस्कार होता
सच्चे अर्थों में
भारत आज़ाद होता।

रविवार, 19 अगस्त 2012

आज के समाचार ...

यूँ ही नहीं था
ये चमन मुरझाया। 
किसी ने लक्ष्मी को
तो किसी ने मौत को गले लगाया।
गवाह एक-दो नहीं
थी पूरी बस्ती
मगर अफसोस
कि लोगों के मुहों में
आजकल जीभ नहीं होती
अगर होती
तो ये संसद
यूँ बदनाम न रोज होती।  

समाचार है कि किले की सर्पिणी हज़म कर गयी अपने ही मासूम बच्चे। यह कैग की रिपोर्ट है जिसे पेश किया गया है भारत की संसद में, यह कहते हुये कि सरकार ने डुबोये देश के 1.86 लाख करोड़ रुपये। यह रकम इससे ज्यादा भी हो सकती है क्योंकि यह गणना सिर्फ़ सन् 2004 से लेकर 2009 तक के मध्य की है। सरकार ने कोल ब्लॉक बांट दिये उन्हें जो पहले से ही लक्ष्मी पुत्र थे। इन ब्लॉक्स की अगर नीलामी हुई होती तो देश के हर आदमी को उसका हक़ मिला होता। जो पैसा देश की जनता की भलाई में लगना चाहिये था ...जिस पर पूरे देश का हक़ था वो पैसा कुछ ख़ास लोगों की तिज़ोरी में कैद हो चुका है। लक्ष्मी को लूटने वाले ये लुटेरे ही शायद असली हक़दार थे इसके क्योंकि मात्र वे ही भारतवासी रहे होंगे बाकी शायद शरणार्थी हैं जिन्हें इस हक़ पर कोई हक़ नहीं। कुल मिलाकर अमीर और अमीर हुये, ग़रीब और भी गरीब हुये। कम से कम वर्तमान लोकतांत्रिक व्यवस्था ने तो देश के गरीबों की जन्मकुण्डली में यही लिख दिया है। कहा यह भी गया है कि इस बीच एक महान अर्थशास्त्री के पास कोयला मंत्रालय की बादशाहत थी।...मगर दुनिया जानती है कि उन्हें इन सब चीज़ों के बारे कभी कुछ पता नहीं रहता। शेर को नहीं पता कि उसकी माँद में आकर आख़िर शिकार किया किसने ? यह बालसुलभ भोलापन भारतीय राजनीति का एक ऐसा ऐतिहासिक गुण बन चुका है जिसका उदाहरण अन्यत्र दुर्लभ है।
इधर बस्तर के धुर नक्सली क्षेत्र के नारायणपुर जिले के एक इंजीनियर ने कुछ ही दिन पहले आत्महत्या कर ली। इसी जिले का एक क्षेत्र है अबूझमाड़, जहाँ की विषम परिस्थितियों और नक्सली आतंक के बीच रहने के लिये विवश हैं लोग। हमारी भ्रष्ट व्यवस्था से प्रताड़ित उस इंजीनियर को ज़िन्दगी की अपेक्षा मृत्यु कहीं अधिक सहज लगी। मैं मानता हूँ जब भी कभी इस तरह की कोई घटना होती है तो उसके लिये हम सब ज़िम्मेदार होते हैं...पूरा देश गुनहगार होता है...क्योंकि पूरा देश इस पूरे वाकये का एक मूक दर्शक बना रहता है। ज़िन्दगी की अपेक्षा जब मृत्यु को सहज मान लिया जाय तो प्रश्न पूरी व्यवस्था पर उठते हैं कि संविधान प्रदत्त हमारे अधिकार भी हमें ज़िन्दगी जीने की राह दिखाने में समर्थ नहीं हैं। वैज्ञानिकों, पुलिस अधिकारियों और इंजीनियर जैसे उच्चशिक्षितों को अगर आत्महत्या करनी पड़ती है तो सवाल सीधे-सीधे व्यवस्था के मालिकों से होना चाहिये।  
ज़िन्दगी और मौत में किसी एक को चुनने का फ़ैसला इतना आसान नहीं हुआ करता। इस फ़ैसले के बीच न जाने कितनी बार ज़िन्दगी और मौत को क़रीब से देखना पड़ता है। कुछ लोग ज़िन्दगी से उम्मीद लगाये रहते हैं और जीने का फ़ैसला करके जीवन भर मरने के लिये बाध्य रहते हैं। इन्हीं में हैं वे लोग भी जो पिछले कुछ दिनों से मौत से भयभीत हो ज़िन्दगी बचाने के लिये भारत के विभिन्न शहरों से अपने प्रांत असम की ओर वापस भागे जाने के लिये विवश हुये हैं। न जाने क्या हो रहा है कि एक प्रांत के लोग दूसरे प्रांत के लोगों को विदेशी मानने लगे हैं और भारत के लोग भारत में ही बेगाने होने लगे हैं। राष्ट्रप्रेम के लक्षण कहीं दिखाई नहीं देते। शायद हम अपने-अपने दिलों में और अपने-अपने इरादों में कबीला तंत्र के बीज बोते जा रहे हैं। काश! सूरज इतना तपता...इतना तपता कि ये बीज झुलस के ख़ाक हो जाते।   

बुधवार, 15 अगस्त 2012

...क्योंकि हम आज़ाद हैं

  जिला चिकित्सालय के मुख्य द्वार के ठीक सामने ही है एक ध्वजस्तम्भ जहाँ वर्ष में मात्र दो बार रौनक होती है ...शेष समय उसके पास पड़े बड़े से शिलाखण्ड को आड़ बनाकर मनुष्य नामक प्रजाति के प्राणी मुक्तभाव से मूत्रत्याग करते रहते हैं जिसकी दुर्गन्ध को सुगन्ध की तरह सदा के लिये स्वीकार कर चुके हैं जिला चिकित्सालय में कार्य करने वाले समस्त अधिकारी और कर्मचारी। आज पन्द्रह अगस्त को उसी ध्वजस्तम्भ के पास चिकित्सकों की भीड़ एकत्र हुई। मैंने एक महिला चिकित्सक से पूछा- "आपको बद्बू नहीं लग रही ?" उन्होंने मुस्कुराते हुये किंतु दीनभाव से उत्तर दिया -" लग तो रही है, पर क्या कर सकते हैं ?"

     उत्तर सुनकर मैं गद्गद हो गया । वे राग-द्वेश के भाव से परे निर्विकार हो वहीं खड़ी रहीं, उनकी सहनशक्ति स्तुत्य थी किंतु मुझे अपना स्थान परिवर्तन करना पड़ा। थोड़ी ही देर में स्वतंत्रता दिवस की स्मृति में ध्वजारोहण किया गया। ध्वजारोहण से पूर्व अगरबत्ती जलायी गयी। अगरबत्ती की सुगन्ध मानवमूत्र की दुर्गन्ध के साथ मिलकर एकाकार हो गयी। एक आध्यात्मिक संयोग सा उत्पन्न हो गया। मन में दार्शनिक भाव उत्पन्न होने लगे कि इस नश्वर संसार में जो कुछ भी दृष्टव्य है वह सब एक ही शक्ति का भिन्न-भिन्न स्वरूप है। अस्तु, मूत्र की इस दुर्गन्ध और अगरबत्ती की सुगन्ध में तात्विक रूप से कोई अंतर नहीं है। मैंने उन महिला चिकित्सक जी को मन ही मन अपना गुरु स्वीकार किया ।

   इस ज्ञान की उपलब्धि में स्वतंत्रभारत के स्वतंत्र नागरिकों के कृत्य को हेतु मानते हुये मैं उनका ऋणी हूँ । हे नगरवासियो ! आप धन्य हैं कि आपके इस मूत्रत्याग कर्म के कारण आज मुझे तत्वज्ञान हो पा रहा है । हे नगरश्रेष्ठो ! प्रतिदिन यहाँ पधारो और मूत्र त्याग के साथ-साथ मल त्याग भी करो जिससे हमारे मन में उठे दार्शनिक भाव स्थिर रूप से बने रहें और हम साधना के पथ पर निरंतर अग्रसर होते रहें।

    संयोग की बात है कि लख़नऊ की कुमारी ऐश्वर्या पाराशर की तरह मुझे भी आज ही पता चला कि स्वतंत्रता दिवस, स्वाधीनता दिवस और गांधी जयंती भारत के राष्ट्रीयपर्व नहीं हैं। कोई बात नहीं, राष्ट्रीयपर्व न सही राष्ट्रीय कर्तव्य तो किये ही जा सकते हैं अस्तु, इन पर्वों के सुअवसर पर 65 वर्ष पूर्व प्राप्त हुई स्वतंत्रता का निर्लिप्त भाव से प्रयोग करना नगर के मानवश्रेष्ठों का राष्ट्रीय कर्तव्य है। अच्छे-अच्छे महत्वपूर्ण स्थानों, यथा- जिला चिकित्सालय के मुख्यद्वार के सामने , रेलवे स्टेशन या बस स्टैण्ड के आसपास, किसी पाठशाला की दीवार के पास या किसी भी सार्वजनिक स्थल पर उन्मुक्त भाव से मल-मूत्र विसर्जन करना हमारा राष्ट्रीयधर्म है। देश के प्रत्येक चिकित्सालय के अन्दर के प्रत्येक कमरे के कोनों में यहाँ तक कि ऑपरेशन थियेटर के सामने भी पान को रौंथकर या पान न मिले तो गुटखे  की गालर करते हुये थूक देने से उत्तम राष्ट्रभक्ति प्रदर्शित करने का और कोई उपाय नहीं है। हे नगरश्रेष्ठो ! चिकित्सालय की सीढियों पर, इनडोर की दीवारों और कोनों पर थूकना आपका जन्मसिद्ध अधिकार है। यह सब पुण्य कर्म इसलिये क्योंकि अब हम आज़ाद हैं ।

    राष्ट्रीयधर्म के बारे में, एक राष्ट्रीय स्तर की चिंतक-विचारक-पत्रकार और लेखिका मृणाल पाण्डे ने भी आज के दैनिक भास्कर समाचार पत्र में प्रकाशित "नए दौर की अगस्त (अ)क्रांति" नामक अपने लेख में एक महत्वपूर्ण बात लिखी है। उनके अनुसार देश में गरीबी है, असम हिंसा है, नदियों में उफनता वारिश का पानी है जो बेकाबू होकर तबाही मचा रहा है, कम्पनियों (शायद बहुराष्ट्रीय) के तिमाही नतीज़ों में चिंताजनक गिरावट है, सैनिकों में हताशा और अनुशासनहीनता की प्रवृत्ति है पर लोग हैं कि राष्ट्रीय महत्व की इन समस्याओं की उपेक्षा कर लोकपाल बिल लाने और काले धन की वापसी जैसे महत्वहीन विषयों को लेकर "भारत माता की जय" और "इंकलाब ज़िन्दाबाद" जैसे चिरपुरातन नारे लगाते हुये अपना समय नष्ट कर रहे हैं। उन्होंने प्रश्न किया है कि इन मांगों से उपरोक्त राष्ट्रीय महत्व की विकराल समस्याओं का हल कैसे निकलेगा ?

    मृणाल जी की चिंता राष्ट्रीय महत्व की है, इसके पीछे राष्ट्रधर्म की प्रेरणा कुलबुला रही है। भूखे को रोटी मिलना चाहिये, गेहूँ न होने की समस्या के समाधान की मांग से बेचारे किसी भूखे की भूख कैसे ख़त्म होगी ? लोकपाल बिल लाने से केवल भ्रष्टाचार पर अंकुश लगेगा। और भ्रष्टाचार जैसे महत्वहीन विषय पर अड़े रहने से वारिश के पानी के उफान से क्या सम्बन्ध? कल-कारखानों से निकल कर नदियों में गिरने वाले दूषित पानी से होने वाले प्रदूषण का भला भ्रष्टाचार से क्या सम्बन्ध ? कम्पनियों को घाटा होना राष्ट्रीय चिंता का विषय है इसके लिये जन आन्दोलन होना चाहिये। पर कितने दुःख की बात है कि इस देश की आमजनता उद्योगपतियों को हो रहे घाटे के प्रति लेश भी चिंतित नहीं हैं, उसने अभी तक इस अत्यंत महत्वपूर्ण राष्ट्रीयमहत्व की ज्वलंत समस्या के लिये कोई "स्वस्फूर्त" राष्ट्रीय आन्दोलन नहीं किया है।

मृणाल जी केवल चिंतक और पत्रकार ही नहीं हैं बल्कि एक साहित्यकार भी हैं, अस्तु उनका चिंतन अद्भुत् है। अब अन्ना और बाबा को चाहिये कि वे लोकपाल बिल और कालेधन की वापसी जैसे महत्वहीन विषयों से हटकर उद्योगपतियों को हो रहे घाटे के लिये चिंतित हों और एक राष्ट्रीय आन्दोलन प्रारम्भ करें जिससे कि देश के सारे संकटों का एक निर्दुष्ट समाधान प्राप्त हो सके और उद्योगपति पहले से भी अधिक अमीर बन सकें । मृणाल जी को उनके अद्भुत् चिंतन के लिये सादर नमन !  

बात दैनिक समाचार पत्र "दैनिक भास्कर" की चली है तो मुझे यह बताने में प्रसन्नता हो रही है कि आज स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर दैनिक भास्कर ने अपने मुखपृष्ठ पर यह प्रकाशित कर कि "चाहिये सरकार की धीमी गति से आज़ादी" राष्ट्र को नये चिंतन की दिशा में निर्भय होकर सोचने के लिये प्रेरणा देने का कार्य किया है। आज़ादी की इस मांग में कहीं किसी पराधीनता की ध्वनि है ...यह उद्घोषणा भी है कि अब पर्व की परम्परा निभाने की अपेक्षा सच्चे मन से चिंतन करने का समय आ गया है कि अब लोग आज़ादी के अस्तित्व पर नये सिरे से चिंतन करें।

और अंत में ....हीर जी के आदेश पर वह कविता जो मैंने थोड़ी देर पहले उनकी एक ताज़ी कविता पर टिप्पणी के रूप में लिखी थी

मैंने जब भी देखा
वो मुझे
जार-जार रोती मिली ।
जब भी पूछा
कि आख़िर हुआ क्या?
वो मारे डर के ख़ामोश हो जाती।
एक दिन मैंने कहा
डरो मत,
कुछ तो बोलो
वो बड़ी मुश्किल से बोल पाई
सिर्फ़ इतना
...

कि मैं

जेल से निकल कर
हर घर में क़ैद हो गई हूँ
जहाँ एक अदद जेलर होता है
और होते हैं
उसके दिये कुछ बच्चे
जिनकी गुलामी में
मैं
ताज़िन्दगी
बा-मशक्कत
सज़ा भोगती हूँ
ना जाने किस अपराध की।
मैंने पूछा-
....लेकिन तुम्हारी वर्दी पर
कहीं क़ैदी नम्बर तो लिखा नहीं
कैसे मान लूँ
कि तुम क़ैद हो ?
वो बोली-
यह भी मेरी सज़ा का एक हिस्सा है
कि मुझे नम्बर से नहीं
मेरे नाम से पुकारा जायेगा
मैं इस मुल्क की "आज़ादी" हूँ।



शनिवार, 11 अगस्त 2012

अथ श्रीकृष्ण चरितम्


   महाभारत के महानायक और गीता जी  के उपदेशक श्रीकृष्ण जू ने पूरे विश्व के मानव मन को जितना आन्दोलित किया है कदाचित ही किसी अन्य चरित्र ने किया हो । गीता के उपदेष्टा द्वापर के कृष्ण आज के परिवेश में कितने प्रासंगिक हैं, यह विचारणीय है। यह विचारणा इसलिये और भी आवश्यक है कि हम आधुनिकता की दौड़ में पीछे मुड़कर देखने को पिछड़ेपन का प्रतीक मानने लगे हैं। आगे भागने के मोह में पीछे कितना कुछ महत्वपूर्ण छूट गया है इसकी हमें लेश भी चिंता नहीं है। कृष्ण के उपदेशों को हमने अपनी संकुचित बुद्धि के कारण पूजापाठ तक ही सीमित करके रख दिया है। वर्तमान सन्दर्भों में कृष्णनीति की उपादेयता पर चिंतन करना समय की महती आवश्यकता है। कृष्ण सच्चे अर्थों में जननायक थे, इसीलिये वे आमजन के इतने प्रिय हो सके। वे जनता के भगवान श्रीकृष्ण नहीं बल्कि प्रिय कान्हा थे, मुरली वाले थे, गोपाल थे, माखनचोर थे, रसिया थे ...न जाने क्या-क्या थे। जननायक को जनता के  इतने ही समीप होना चाहिये कि वह सखा लगे, लोक क्रांति तभी सम्भव हो पाती है। आज के जननायकों के तो दर्शन ही दुर्लभ रहते हैं जनता को, वे जनता का कल्याण क्या कर सकेंगे?  

कृष्ण चरित्र तो महान है, उसकी व्याख्या कर पाना मुझ जैसे के लिये शक्य नहीं तथापि एक क्षुद्र प्रयास भर है यह। बोलिये यशोदा लाल की जय !

   मोरमुकुटधारी  लोकमहानायक तो अवतारी थे पर उनकी माताद्व्य को उनके प्राण सदा संकटग्रस्त दिखाई देते थे। देवकी कृष्ण की रक्षा का भार यशोदा पर डालकर भी बन्दीगृह में छटपटाती रहीं, पर माता यशोदा!  उन्हें कृष्ण के जीवन के लिये जितना भय कंस से था उससे भी अधिक भय ग्रह-बाधाओं से भी था। पूतना एक ऐसी ही छद्माचारी बाधा थी जो माता के दूध में मिलकर क्षीराद् ( केवल माँ का ही दूध पीने वाले ) शिशुओं के शरीर व रक्त में प्रविष्ट होकर उनके प्राण हरण कर लेती थी। ग्रहबाधा को हम एक ऐसे सूक्ष्म घटक के रूप में समझ सकते हैं जो क्षीराद् शिशुओं को ग्रहण ( Invade and Infect) कर उनकी अकाल मृत्यु का कारण बन जाता है। आधुनिक चिकित्सा शास्त्र में भी Diseases of unknown aetiology तथा Micro-patho-organisms भी कुछ इसी प्रकार की बाधायें हैं। मातायें ग्रह बाधाओं से अपने शिशुओं की प्राणरक्षा के न जाने क्या-क्या उपाय करती रहती हैं। कंस और पूतना से भयभीत ममतामयी माता यशोदा ने तो मयूरपिच्छ को कृष्ण के सिर का आभूषण ही बना दिया। उन्होंने मयूरपिच्छ को ग्रहबाधा निवारक तथा एक सुलभ विषघ्न के रूप में श्रुत परम्परा से जाना था। यह मयूरपिच्छ की ही  महिमा थी कि कृष्ण सदा ग्रहबाधाओं तथा विषों से अपने प्राणों की रक्षा करते रहे। आयुर्वेद के वैद्य आज भी मयूरपिच्छ भस्म का भूरिशः उपयोग करते हैं। इसी तरह नवनीत भी एक श्रेष्ठ विषघ्न के रूप में वैद्य समाज में प्रतिष्ठित है। और यह तो सभी जानते हैं कि कान्हा को माखन कितना प्रिय था। बोलिये मोरमुकुट्धारी माखनचोर की जय!  

लीलाधर श्रीकृष्ण जू महाराज इन्द्रप्रस्थ के अंतःपुर में पल रहे षड्यंत्रों तथा कौरवों एवम् पाण्डवों के मध्य प्रेम की शून्यताजन्य कटुता से उत्पन्न प्रतिद्वन्दिता के भाव से भली-भाँति परिचित हो चुके थे। उन्होंने एकसौ कौरवों की अपेक्षा पाँच पाण्डवों की ओर ही अपना हाथ आगे बढ़ाया। यह संस्कारों का सहज आकर्षण और असंस्कारों का विकर्षण था। बालमन में पाण्डवों के प्रति उत्पन्न सहज संवेदना का परिणाम थी उनकी मित्रता। उस समय तो स्वयं कृष्ण को भी नहीं भान रहा होगा कि भविष्य में घटित होने वाली विश्व की एक महान घटना का सूत्रपात विधि ने उनके माध्यम से कर दिया था। 

इन्द्रप्रस्थ के पाण्डव और मथुरा के कृष्ण अनीतिपूर्ण व्यवस्थाओं के शिकार हो रहे थे। समस्याओं की निरंतरता और संघर्ष की जुझारू प्रवृत्ति ने कृष्ण और पाण्डवों को निरंतर समीप आने का अवसर उपलब्ध कराया। बचपन की मित्रता और भी प्रगाढ़ होती गयी। इसी बीच किशोरावस्था को प्राप्त सुभद्रा व अर्जुन के मध्य अंकुरित हुये प्रेम ने कृष्ण को इन्द्रप्रस्थ के राजकुल के और भी निकट आने का अवसर प्रदान कर दिया। वे किसी भी तरह इस अवसर को खोना नहीं चाहते थे। किंतु बलदाऊ को यह सब पसन्द नहीं आया, वे इसमें बाधा बनकर खड़े हो सकते थे अतः चतुर कृष्ण ने अपनी ही बहन का अपहरण कर डालने का न्योता अर्जुन को दे दिया। अर्जुन और सुभद्रा के विवाह से इन्द्रप्रस्थ और मथुरा के विद्रोही और भी समीप आ गये। उन्हें विश्व के समक्ष लोकतांत्रिक साम्यवाद की नीव जो रखनी थी। बोलिये लीलाधर श्रीकृष्ण जू महाराज की जय ! 

  गोपाल कृष्ण वस्तुतः गो-धन संवर्धनकारी थे। एक दूरदर्शी व कुशल अर्थशास्त्री की तरह कृष्ण ने आर्थिक स्रोतों के आधारस्वरूप गो-सम्पदा के महत्व को पहचान कर गो-वंश के पालन-वर्धन को एक बड़े अभियान की तरह चलाने का उत्साह लोगों में उत्पन्न किया। इस तरह जहाँ गंगा-यमुना के मैदानी भाग में स्थित विस्तृत चारागाहों का उपयोग हुआ वहीं कृषकों को भी सहज-सुलभ प्राकृतिक उर्वरक के प्रयोग से कृषि उत्पाद बढ़ाने में सहायता मिली। इससे सम्पूर्ण ब्रजमण्डल दूध-दही तथा कृषि उत्पादों से समृद्धशाली होता गया। गोवंश हमारे देश का अर्थशास्त्र है। यह कृषि की वह रीढ़ है  जिसके महत्व को आधुनिकीकरण के भूत ने तोड़कर रख दिया है। आज बैलों का स्थान ट्रेक्टर्स ने ले लिया और गोबर की प्राकृतिक खाद का स्थान ले लिया है कृत्रिम रासायनिक उर्वरकों ने। गोबर से धरती की उर्वरता बढ़ती है, कृत्रिम रासायनिक उर्वरकों से बढ़ती है धरती की अम्लता जिससे उपजाऊ धरती होती है बंजर। परिणामस्वरूप प्रदूषण तो हमें मिला ही, धरती की उर्वरता भी दाँव पर लग चुकी है। आज चारागाहों के अभाव में गोपालकों ने अपनी गायों को पूरक आहार के रूप में जंतु-उत्पाद खिलाकर उन्हें मांसाहारी बना दिया है। इसीलिये शाकाहारी से मांसाहारी बन गयी गायों का दूध व मूत्र भी उतना गुणकारी नहीं रहा अब। बैल खेतों में चलते हैं तो गोबर देते हैं, ट्रेक्टर्स खेतों में चलते हैं तो विषैली गैसें वायुमण्डल में छोड़ते हैं। काश! हम कृष्ण के इस गोपालक स्वरूप को समझ पाते तो कृष्णजन्माष्टमी का पर्व सार्थक हो जाता। बोलिये गो-वंश वर्धन व्रतधारी गो-पाल किसन जू महाराज की जय! 

  गिरधारी कृष्ण जू महाराज क्रांति नायक के रूप में ब्रज में अवतरित हुये थे। भारतीय समाज ने गोपालन तथा कृषि वृत्ति को अपनी सम्पन्नता का आधार बहुत पहले ही बना लिया था। श्रमसाध्य कार्य होते हुये भी देश की अधिकांश प्रजा इन्हीं कार्यों में अपनी आजीविका में व्यस्त व उसे प्राप्त कर सुखी और संतुष्ट थी। मानव श्रम का महत्व पहचान लिया गया था और इसी कारण अधिकार सम्पन्न लोगों द्वारा श्रम का शोषण भी प्रारम्भ हो गया। किंतु द्वापर व कलियुग के सन्धिकाल में राजसत्ताओं तथा अधिकार सम्पन्न आभिजात्य वर्ग द्वारा मानवश्रम के शोषण ने सीमाओं का उल्लंघन कर डाला। राजदण्ड के भय से प्रजा अपने शोषण के विरोध में मुँह खोल पाने में समर्थ नहीं हो पा रही थी। राजशक्ति का विरोध करना अपने विनाश को आमंत्रण देना होता है। निर्बल प्रजा में व्याप्त भय व दरिद्रता शोषण की गम्भीर समस्याओं के अम्बार का सामना कैसे कर पाती? कृष्ण ने दलित-शोषित प्रजा को एक-जुट करने के बारम्बार प्रयास किये, पर मन से निर्बल हो चुकी प्रजा अन्याय के विरोध का साहस नहीं जुटा पा रही थी।

   यहाँ राम भाग्यशाली थे कि अयोध्या से दूर दक्षिण के जंगलों में जन-समर्थन एवं सैन्यशक्ति जुटाने में उन्हें आश्चर्यजनक सफलता मिल सकी। किंतु वह त्रेता युग की बात थी द्वापर में तो लोग अन्याय के विरोध में खुलकर सामने नहीं आ पा रहे थे। यद्यपि मन से तो वे सभी कृष्ण के समर्थक थे किन्तु जिस तरह आज कलियुग में कालेधन को भारत में वापस लाने और एक सक्षम लोकपाल बिल लाने के विषय पर व्यापक जनसमर्थन के पश्चात् भी कोई क्रांति नहीं हो पा रही है उसी तरह द्वापर और कलियुग के उस सन्धिकाल में आमजनता न तो एकजुट हो पा रही थी और न किसी क्रांति के लिये सक्षम। ऐसी ही विषम स्थिति में महानायक कृष्ण को अकेले ही ब्रज की पहाड़ जैसी समस्याओं के विरोध में स्वयं तनकर खड़ा होना पड़ा। राजतंत्र के अधिनायकवादी निरंकुश शासन और अन्याय से लड़ने के लिये सैन्यविहीन कृष्ण का शंखनाद सबको अचम्भित कर देने वाला था। प्रजा को एक नायक की आवश्यकता थी, पर उन्हें तो एक महानायक मिल चुका था। इस घटना ने न केवल मथुराधिपति कंस अपितु आसपास के अन्य आततायी राजाओं की भी नींद उड़ा दी थी। यह कुछ-कुछ वैसे ही था जैसे कि आज के लोकतांत्रिक सरकारों की 'देश को लूटने में लगी होड़' के बीच अन्याय और उत्पीड़न में पिसता आमआदमी अंततः व्यवस्था परिवर्तन में लगी विद्रोही शक्तियों को अपना मूक समर्थन देने लगता है। कृष्ण जू जनशोषण की पर्वत जैसी समस्याओं का भार उठाने के लिये आगे बढ चुके थे। ब्रज की दलित-शोषित प्रजा आनन्दित हुयी। लोग सच्चे हृदय से कृष्ण के भक्त हो गये। बोलिये गिरधारी क्रांतिकारी कृष्ण जू महाराज की जय !

  चक्रधारी  श्रीकृष्ण जू महाराज लोकतांत्रिक साम्यवाद के प्रवर्तक एवं पूँजीवादी साम्राज्यवाद के घोर विरोधी थे। वे जानते थे कि राज्य संचालन में अर्थ की आवश्यकता की पूर्ति के लिये प्रजा से कर प्राप्त करना राज्य व्यवस्था का एक महत्वपूर्ण कार्य है। किंतु कृष्ण की मान्यता थी कि कराधान का सदुपयोग जितना महत्वपूर्ण है उससे भी अधिक महत्वपूर्ण है कराधान के युक्तियुक्त निर्धारण का। निर्धारण यदि युक्तियुक्त और न्यायसंगत न हुआ तो कराधान धर्मसंगत न रह सकेगा। इसीलिये हर युग में धर्मप्राण राजाओं ने धर्मसंगत कराधान के प्रति अपनी विशेष संवेदनशीलता को बनाये रखा। कलियुग में भी ऐसे आदर्श राजा हुये हैं जिन्होंने राजकोष को प्रजा की धरोहर मानते हुये अपनी आजीविका के लिये टोपियाँ सिलने या बिजना (हाथ से डुलाये जाने वाले पंखे ) बुनने जैसे श्रमिकों वाले कार्य करने में भी किंचित भी हीनता अनुभव नहीं की। भारतीय लोकतंत्र के वर्तमान सत्ताधारी यदि ऐसे आदर्श व धर्मप्राण राजाओं से किंचित भी सीख ले सकें तो देश का उद्धार हो जायेगा और कृष्ण को दोबारा अवतार लेने का कष्ट नहीं उठाना पड़ेगा।

   धर्मसंगत कराधान और उसके जनहित में सदुपयोग की संवेदनशीलता में लेशमात्र की शिथिलता भी अधर्म का निश्चित् कारण बन जाया करती है। यह सिद्धांत सार्वकालिक है, किंतु कालांतर में राजाओं ने तथा इसके पश्चात् अन्य शासन तंत्रों के प्रधानों ने इस सिद्धांत का पालन करना उचित नहीं समझा। उन्होंने कराधान और उसके सदुपयोग की धार्मिकता-पारदर्शिता में शिथिलता करना प्रारम्भ कर दिया। इससे प्रजा का शोषण हुआ और कर की पवित्रता समाप्त हो गयी। प्रजा के शोषण से तद्जन्य अधार्मिक कृत्यों की बाढ़ आ गयी। इतिहास साक्षी है कि अधार्मिक कृत्यों की परिणति सदा रक्त हिंसा में ही होती रही है।

  मथुराधिपति कंस के राज्य में कराधान युक्तियुक्त न होने के प्रमाण उनके भांजे वासुदेव कृष्ण द्वारा माखन लूटने के आख्यानों में मिलते हैं । राज्य की अर्थव्यवस्था का सबसे बड़ा आधार पशुपालन, दुग्ध उत्पादन तथा कृषि उत्पादन होने के कारण धर्मच्युत राजा कंस ने अपनी प्रजा को लूटना प्रारम्भ कर दिया था। इस निरंकुश राजलूट के प्रति प्रजा में आक्रोश तो था किंतु उनके असंगठित होने, नेतृत्वविहीन होने तथा राजदण्ड के भय से उनमें राजा का विरोध कर पाने का साहस न था। प्रजा के श्रम पर वैभवशाली जीवन जीने वाले राजा और उनके अधिकारियों का आचरण प्रजा के प्रति सर्प के समान हो गया था। वे अपनी प्रजा का शोषण व दमन करने लगे। कृष्ण ने नाग जैसे आचरण वाले राज्याधिकारियों का दमन करने का संकल्प लिया। वासुदेव कृष्ण के बालमन में इस शोषण व दमन के प्रति जन्मे विद्रोह ने छुटपुट प्रतिक्रिया व्यक्त करनी प्रारम्भ कर दी। पहले तो उन्होंने निर्बल प्रजा को अयुक्तियुक्त कर के रूप में अपने उत्पाद कंस को न देने के लिये समझाया पर बात न बनने पर अपनी छोटी सी छापामार मित्रमण्डली के साथ कृषि एवं दुग्धोत्पादों को लूटकर प्रजा में वितरित करना प्रारम्भ कर दिया।

   माखनचोरी का कृष्ण की बाल लीलाओं में वर्णन किया गया है। माखन की उपलब्धता वाले ग्रामीण घरों में नन्हें बालकृष्णों द्वारा माखनचोरी आज भी माता-पिता के लिये एक आनन्ददायी सामान्य घटना है। किंतु मित्र मण्डली के साथ घात लगाकर मार्ग में छिपकर बैठना और गोपियों के आते ही दुग्धोत्पादों पर टूट पड़ना, छीना-झपटी में मटकी फोड़ देना और गोपियों को मथुरा के मार्ग पर पुनः कभी न आने के लिये बाध्य करना कृष्ण चरित की एक महान क्रांतिकारी घटना थी जो आगे चलकर साम्यवादी विचारधारा की प्रेरणास्रोत बनी।

   ध्यान रखना होगा कि कृष्ण का साम्यवाद लेनिन-मार्क्स और माओ के साम्यवाद से भिन्न था। आधुनिक साम्यवाद मनुष्य की धार्मिक स्वतंत्रता एवं व्यक्तिगत आध्यात्मिक आस्थाओं, जोकि मानव समाज की अपरिहार्य आवश्यकतायें हैं, का कड़ाई से निषेध करता है। जबकि कृष्ण के साम्यवाद का तो जन्म ही धर्म की प्रबल आस्था के गर्भ से हुआ था।

  कृष्ण द्वारा गोपियों के वस्त्र छिपाने व राह घेरने आदि की घटनायें किसी आधुनिक सम्पन्न घर के मनचले किशोर द्वारा किशोरियों को छेड़ने की निन्दनीय व अपवित्र घटनायें न हो कर दलित, शोषित एवं भयभीत प्रजा को विद्रोह केलिये प्रेरित करने की प्रेममय आग्रहकारी घटनायें थीं। कृष्ण अपनी बात मनवाने के लिये आज के आतंकवादियों की तरह गोपियों की हत्या नहीं कर सकते थे। उन्हें समझा सकते थे, समझ में न आने पर उन्हें प्रेम से हटक सकते थे और कंस से भयभीत रहने वाली गोपियों के न मानने पर उनके वस्त्र छिपाने की शरारत कर सकते थे। विवश गोपियों के पास वस्त्र वापस मिलने तक जमुना के जल में ही पड़े रहकर प्रतीक्षा और मिन्नतें करने अतिरिक्त और कोई उपाय न बचता था और इस बीच कृष्ण का उद्देश्य पूर्ण हो जाता। गोपियों को अपने वस्त्र वापस तब प्राप्त हो पाते जब उस दिन मथुरा जाने का समय व्यतीत हो जाता।

  कृष्ण तत्कालीन राजनीतिक-सामाजिक व्यवस्था में परिवर्तन चाहते थे किंतु कोई भी सामाजिक क्रांति अनायास नहीं हो जाती। उसके पीछे उत्पीड़न और विरोध की अवशता का एक लम्बा इतिहास हुआ करता है। कृष्ण आजीवन उत्पीड़न और शोषण के विरोध में अकेले ही निर्भय हो संघर्षरत् रहे। लोकहित, सामाजिक न्याय और धर्म की स्थापना उनके लिये सर्वोपरि करणीय उद्देश्य थे। दुर्भाग्य से उस समय कृष्ण साम्यवाद के लिये आवश्यक एवं सक्रिय जनसमर्थन नहीं जुटा पाये जिसके कारण उन्हें बारबार कूटनीति का आश्रय लेने विवश होना पड़ा। उन्होंने न केवल कंस और जरासन्ध जैसे अन्यायियों का वध किया अपितु अपनी धर्मसम्मत साम्यवादी नीतियों तथा बुद्धि कौशल से साम्राज्यवाद तथा विस्तारवाद के विरुद्ध रक्तक्रांति हेतु पाण्डवों को साहस प्रदान करने में निर्णायक भूमिका भी सम्पन्न की।

  कृष्ण का साम्यवाद सत्ता के अधिकारों के दुरुपयोग से उत्पन्न मानवीय अन्याय व उत्पीड़न के धरातल पर जन्मा और मानवधर्म से अनुप्राणित हो विकसित हुआ था इसीलिये कृष्ण युग-युगांतर से क्रांति के प्रेरणास्रोत बने हुये हैं। संसार की निस्सारता के दर्शन ने भारतीय जनमानस को दार्शनिक के साथ-साथ सहनशील और भीरु भी बना दिया था। यह अतिवाद था दार्शनिक व्याख्याओं का, ठीक जिस तरह आज भौतिकता का अतिवाद व्याप्त है। महानायक कृष्ण ने जनसामान्य को उसी दार्शनिक भाषा में तर्कपूर्ण उपदेशों में बांधकर उद्वेलित कर दिया। यह उस युग की एक महान घटना थी जो पृथ्वी पर सदा के लिये अमर प्रेरणा का स्रोत बन गयी। दुर्भाग्य से कृष्ण को भले ही मथुरा त्याग कर सौराष्ट्र में समुद्र किनारे द्वारिका बसानी पड़ी पर स्वयं कृष्ण विश्वमानव के लिये अद्भुत् शौर्य व साहस के प्रतीक हो कर स्तुत्य और उनकी नीतियाँ अनुकरणीय बन गयीं । बोलिये चक्रधारी महानायक लीलाधर जू महाराज की जय !  


      

रविवार, 5 अगस्त 2012

बादलों को कभी तो छटना ही था न !

 
आज सुबह से ही उदासी मेरे साथ थी। मैं जहाँ भी जाता वह भी साथ ही जाती, जहाँ ठहरता वह भी साथ ही ठहर जाती। जब चलता वह भी साथ ही चल देती। मैं नहीं चाहता था कि वह मेरे साथ रहे पर उदासी थी कि मुझे छोड़ने को तैयार ही नहीं हो रही थी।
 
बेचैन मन इधर-उधर कुछ खोजने में व्यस्त हो गया। खोज चलती रही ...पर कहीं कुछ मिल ही नहीं रहा था। क्या था जिसको खोज रहा था मन ? ......मुझे तो यह भी नहीं पता। थक हार कर चाय बनायी .... चाय पीकर कदाचित कुछ अच्छा लगे पर बात बनी नहीं। पलंग पर लेटकर सोने का प्रयास किया पर नींद को नहीं आना था सो वह नहीं आई। इस बार उसने अपनी छोटी बहन तन्द्रा को भेज दिया था।
  
तन्द्रा भी अनमने मन से आयी थी सो कुछ ही देर रुककर चली गयी। मुझे उठना ही पड़ा, उदासी भी साथ ही उठ बैठी। इस बार मन के आवारेपन ने भी अपनी आँखें मलीं...जैसे नींद से जागा हो अभी-अभी। मैंने कहा, तुझे भी अभी ही जागना था रे!

वह बोला, चलो कहीं चलते हैं।

मैंने पूछा, कहाँ?

वह बोला, कहीं भी ......जहाँ भी कहीं कुछ मिल जाय।

मैं, मेरा आवारा मन और मेरी उदासी तीनो घर से निकल कर सड़क पर आ गये। उदासी मुझसे बुरी तरह चिपकी हुयी थी.... और सिर्फ़ चिपकी हुयी ही। उसे मुझसे कोई मतलब नहीं था। आवारा मन अपनी आदत के वशीभूत हो भटकने लगा ...और मैं फिर कुछ खोजने में लग गया।

सड़क के किनारे-किनारे सुन्दर सप्तपर्णी की पंक्ति को निहारा, उसके सात-सात पत्तों वाले मुकुट भी आज सुन्दर नहीं लग रहे थे। मेरे पैर मुझे खेतों की ओर ले गये। मैंने देखा, हरा कम्बल सिर से ओढ़कर खेतों में जहाँ-तहाँ बैठे काजू के पेड़ तो ऐसे लग रहे थे जैसे किसी छापामार युद्ध की तैयारी में बैठे नक्सली हों। नक्सलियों का विचार आते ही मन के चित्रपटल पर सिर कटी लाशें और खून के छोटे-छोटे पोखरों पर बैठी मक्खियों के झुण्ड के झुण्ड दिखाई देने लगे। तब मैं तालाब की ओर गया, वहाँ कुमुदिनी तो खिली थी पर लग रही थी श्रीहीन। पार्क गया, झूला झूलते नन्हें-मुन्ने बच्चों की ओर देखा, पर वे भी आकर्षित नहीं कर सके आज। तरुणी के पुष्प देखे, पर मुझे पुष्प कम और उनके काँटे अधिक दिखायी दिये। मैं फिर सड़क पर आ गया।

हम तीनो सड़क पर चलते रहे, अपनी-अपनी दुनिया में खोये हुये। खोये-खोये ही मेरी खोज चलती रही...और मैं निराश होता रहा। तब मैंने अपने आप से पूछा, क्या खोज रहा हूँ मैं ? कहाँ मिलेगा वह जिसकी तलाश में हूँ मैं ?

मैं स्वयं से पूछे जा रहा था....उस ‘स्वयं’ से जो उत्तर न देने की कसम खाये बैठा था। इस ‘स्वयं’ को आख़िर हो क्या गया है, यह कुछ बोलता क्यों नहीं?

ओह, अब समझा, उसके पास उत्तर ही नहीं होगा तो बतायेगा कहाँ से ! पर उसके पास उत्तर क्यों नहीं है? यदि उसके पास उत्तर नहीं है तो क्या रिक्तता है वहाँ ?

रिक्तता....

रिक्तता .....

रिक्तता .........

अचानक एक प्रकाश सा कौंधा.... यही तो उत्तर है - ”रिक्तता”।

‘स्वयं’ ने उत्तर दे दिया, व्यर्थ है यह भटकाव! अन्दर की रिक्तता बाहर की पूर्णता को देख पाने में सक्षम नहीं है। अन्दर का सौन्दर्य ही बाहर के सौन्दर्य को पहचान पाता है। अन्दर यदि रिक्तता है तो वह बाहर भी रिक्तता को ही पहचान सकेगी। अन्दर यदि पूर्णता है तो बाहर की पूर्णता व्यापक हो जाती है। अन्दर यदि कटुता है तो वह बाहर भी कटुता को ही देखेगी सर्वत्र। अन्दर यदि निर्मलता है तो वह बाहर भी निर्मलता के अतिरिक्त और कुछ देख ही नहीं सकेगी। जो बाहर है ...आवश्यक नहीं कि वह अन्दर भी हो, किंतु जो भी अन्दर है वह बाहर अवश्य है।

तो यह तलाश बाहर नहीं अन्दर करनी होगी, खोज की दिशा बाहर नहीं अन्दर की ओर है। खोज की इस यात्रा में कोई साथ नहीं रह पाता.... अकेले ही करनी पड़ती है यह यात्रा।

अब तक “मैं” कहीं दुबक गया था, “उदासी” पलायन कर चुकी थी..... और“स्वयं” अकेला रह गया था।

बादलों को कभी तो छटना ही था न !

ॐ पूर्णमदः पूर्णमिदं पूर्णाद् पूर्णमुदच्यते ...... का अर्थ अब स्पष्ट होने लगा था।