रविवार, 21 अक्टूबर 2012

पानी रे पानी तेरा रंग कैसा!

यह ग्रीन स्टोन नहीं

जल  है ...

एक पवित्र सरोवर का .... 

जिसका नाम है सोनई-रूपई सरोवर   

 

पवित्र सरोवर के जल में ...

अपनी जीवन लीला जो जीते हुये हरित शैवाल 

 

थोड़ा और ज़ूम करके लिया गया चित्र

शैवाल अब और भी दृष्टव्य हो गये हैं

 

उसी सरोवर का विहंगम दृष्य़

 

कांकेर राजपरिवार की आराध्या देवी के दर्शन से पूर्व आवश्यक है

पवित्र सरोवर के जल में चरण प्रक्षालन

 

यह पवित्र सरोवर है ....

कांकेर स्थित गढ़िया पर्वत के ऊपर

जिसके नाम पर प्रतिवर्ष आयोजित होने वाले छत्तीसगढ़ के प्रसिद्ध गढ़िया महोत्सव का उद्घाटन माननीय मुख्यमंत्री जी के द्वारा किया जाता है।   

 

पादप्रक्षालन के साथ ही मुखप्रक्षालन भी ... 

 

देवी दर्शन से पूर्व एक बार गुड़ाखू कर लूँ तो कुछ बात बने

गुड़ाखू मतलब

गुड़ और तम्बाखू का मिश्रण

समीप बैठी कन्या के हाथ में जो छोटी सी डिब्बी दिख रही है ...उसी में है गुड़ाखू। छठे क्रम के चित्र में गुड़ाखू करके सरोवर में ही कुल्ला करते हुये लोग स्पष्ट दिखाई दे रहे हैं।  

 

बात श्रद्धा की है

जब सभी मुख-पाद प्रक्षालन कर ही रहे हैं तो मैं ही क्यों पीछे रहूँ

 

भारतीय समुदायों में शक्ति की पूजा का विशिष्ट महत्व है

नवरात्रि के अवसर पर ब्रह्माण्ड की रचना करने वाली ..उसका संचालन करने वाली ...और उसको पुनः निराकार में लीन कर देने वाली शक्ति के स्मरण ...पूजन ...और आराधन के लिये

गढ़िया पर्वत पर स्थित शक्ति की प्रतीक .....

देवी का ऐतिहासिक मन्दिर

 

रविवार, 14 अक्टूबर 2012

क्या एक लड़का और लड़की सिर्फ़ दोस्त हो सकते हैं?

“....उसने इतने दिलकश अन्दाज़ से पूछा। मेरा दिल किया कि सारी ज़िन्दगी के लिये अपना गला ख़राब कर लूँ।”

“.....इस बार फिर सीढ़ियों पर तीन लोगों का जमघट था – वह, मैं और ख़ामोशी।”

“....वह मेरे सेंसेक्स जैसे बर्ताव को देख कर उलझन में थी जो लगातार उतार-चढ़ाव से भरा था।”

सत्रह वर्ष के किशोर सुमरित शाही के प्रथम उपन्यास “जस्ट फ़्रेण्ड्स” के हिन्दी संस्करण को दो बैठकों में आज ही ख़त्म किया है। और ये पंक्तियाँ उसी की हैं। किशोरावस्था की दहलीज पर ख़ड़ी नयी पीढ़ी कुछ स्पेस की आज़ादी चाहती है ...ऐसे  स्पेस की जिस पर सिर्फ़ और सिर्फ़ उसी का अधिकार हो। किशोर लेखक द्वारा सत्य को स्वीकारने की ईमानदारी प्रभावित करती है। भारतीय समाज की नयी पीढ़ी परिवर्तन के एक संक्रान्ति काल से गुज़र रही है, अपनी बनायी मान्यताओं को स्थापित करने की ज़द्दोज़हद से दो-चार हो रही है। पैरेण्ट्स के सामने किशोर भावनाओं का ईमानदार ख़ुलासा ...... कुछ चिंतित करता है ...तो कुछ समझने का अवसर भी देता है। यह सच है कि हम अपने आदर्श किसी पर थोप नहीं सकते.... पर भटकने की चिंता किसी भी अभिभावक को परेशान कर सकती है।

रोशनी के लिये तरसती लड़कियाँ कई प्रकार की गुफ़ाओं से बाहर आ चुकी हैं ...पर अभी शायद अपना नया रास्ता तय करने में उन्हें वक़्त लगेगा।

उपन्यास मूल अंग़्रेज़ी में लिखा गया है, हिन्दी तर्ज़ुमा बाद में किया गया इसलिये कपड़े बदलने के बावज़ूद अंग्रेज़ी सोच की आत्मा बरकरार है। फिर भी शिल्प अच्छा लगा। हम इसे उत्कृष्ट लेखन की श्रेणी में तो नहीं रख सकते पर लेखक के अन्दर का लेखकीय पोटेंशियल ज़रूर उभर कर सामने आ चुका है। सुमरित को बधाई और शुभकामनायें .... हम एक उभरते हुये अच्छे लेखक को देख पा रहे हैं।

नई पीढ़ी के गढ़े नये प्रतीक आकर्षक लगते हैं –“ऑस्कर विनिंग स्माइल” ...

और कुछ प्यारे-प्यारे ज़ुमले भी-

“...वह हंसी मैं हंसा और उलझन सुलझ गयी”

“...वह हंसा, वह भी हंसी और मुझे उदासी के साथ मज़बूरन हंसना पड़ा"

पूरे उपन्यास में ऐसा लगता रहा जैसे कि भरी वारिश में रंग-बिरंगे कागजों की नाव बनाकर उफ़नती नदी में छोड़ दिया गया हो... इस विश्वास के साथ कि हर नाव को अपने गंतव्य तक पहुँचना ही है। ...पर सच तो यह है कि उनमें से कुछ डूब जाती हैं .....कुछ हिचकोले खाती हुयी आगे बढ़ती हैं ...... मंज़िल तक शायद ही कोई पहुँच पाती है। पर इस सबके बीच मुझे आशा की एक किरण दिखायी देती है ...नयी पीढ़ी का भटकाव कहीं थमता दिखायी देता है ....और लगता है कि भारतीय मूल्य इतनी आसानी से समाप्त होने वाले नहीं। बोज़ा का ख़त सबूत है इसका और बहुत मार्मिक भी, सच पूछो तो इस उपन्यास की आत्मा है यह ख़त -

“मेरे प्यारे से गमी बियर आर्यन!
मैं बात कहने से पहले कुछ बातें साफ कर देना चाहती हूँ ...
.....
...


अब मि. आर्यन यह सूट पहनने के लिये तैयार हो जाओ, क्योंकि इसे पाने के लिये मुझे उस लूज़र रीतेश के डोर्म में, बत्तियाँ बन्द होने के बाद पूरे एक ख़तरनाक घण्टे तक ताक-झाँक करनी पड़ी। फिर इसे लेने के लिये पूरे तीस मिनट तक उसके साथ फ़्लर्ट किया। तो इसके सिवा कुछ और पहना तो मरने के लिये तैयार हो जाना।

और हाँ, मैं अब भी कल के लिये तुझे नापसन्द करती हूँ, तुझसे नफ़रत करती हूँ और तुझसे सहमत भी नहीं हूँ। सात बजे नाश्ते के लिये आ जाना। आज तुम्हारा उसके साथ आख़िरी दिन है; इसे पूरे स्टाइल के साथ मनाओ। ऑल द बेस्ट ..और मुझे तुमसे नफ़रत है।

                 - बदकिस्मती से तुम्हारी बेस्ट फ़्रेण्ड बोज़ा”

सुमरित ! एक बार फिर मेरी शुभकामनायें! मैं आपके अन्दर बहुत सी ईमानदार सम्भावनायें देख पा रहा हूँ।


 

तृषित सिंधु

जिस तरह साहित्य से समाज के चिंतन की दिशा प्रकट होती है उसी तरह व्याधियों के प्रकार से समाज के सामाजिक, मानसिक और आर्थिक  स्वास्थ्य की  स्थिति  प्रकट होती है। क्लैव्यता कोई नयी समस्या नहीं है किंतु जो वर्ग इससे जूझ रहा है वह भारतीय समाज के लिये प्रकृति का स्पष्ट संकेत है। संकेत है कि उसे कई क्रांतिकारी परिवर्तनों के लिये स्वयं को तैयार करना होगा। आज की रचना भारी मन से समर्पित है उसी वर्ग को ...  
चाँदनी रात हो
या हो झरने की कल-कल,
खिली हो कुमुदिनी
सरोवर में सिर उठा
उझकते हों कमल-दल
मोहक, सुगन्धित हों सुमन  
दृष्य मनभावन
या हो स्मृति
एकांत हो  
या लज्जा
यहाँ तक
कि चुम्बन भी  
भूले उद्दीपन।  
सोये हैं कामदेव
रति भी उनींदी सी।   
हो गये अभाव
जो थे भाव कभी,
विकास के पथ पर अड़े
याचक बन हैं खड़े
आज के कुबेर भी।
तृषित हुये सिंधु
हुयी सरिता व्यथित
हो अचम्भित
आर्यपुत्र
देखते नवयुग का
एक
ऐसा अन्धेर भी।  
 
साहित्य में, करवट ली
श्रृंगार ने पोर्न हो
हास्य ने निर्लज्ज हो।   
व्यंग्य में वह बात नहीं   
अवगुंठन अब रास नहीं
भावों का भास नहीं।  
काम भी
है रह गया
बस, एक काम भर 
गोया
करना हो अनिवार्य अंकन
अपनी उपस्थिति का 
उपस्थिति पंजी में।   
या अनिवार्य हो देना
यूरिया और फ़ॉस्फ़ेट
हो चले निस्तेज
जीवनदायिनी शस्य को
जीवन देने की विवशता में।
 
अवांछित रूप से
निष्काम होते काम से
हो व्यथित
पूछ दिया एक दिन स्वप्न में बिहारी से -
हे रीतिकाल के रतिकला काव्य विशेषज्ञ!  
उद्दीपन के ये तत्व
तत्वहीन हो गये हैं ...
रूपसी षोडसी भी
खद्योत हो रही है ...
भरी-पूरी नदी
अब रेत हो रही है ...  
कलाहीन हो काम की कला  
उद्दीपनशून्य हो रही है।
 
महंगे-महंगे चित्रों में खोजते हैं अर्थ
लगाते हैं बोलियाँ
ये कुबेर,  
और खेलते रहते हैं अर्थ
आँख मिचौलियाँ।
पोर्न की खाद
देती है  
क्षण भर की उत्तेजना
फिर वही
इरेक्टाइल डिसफ़ंक्शन
प्री-मैच्योर इजेकुलेशन
लॉस ऑफ़ लिबिडो ........
हक़ीम के नुस्ख़े नाकाम हो रहे हैं
बीस के युवक
यूँ ही तमाम हो रहे हैं।
भूख से पहले ही
परोस दिया इतना
कि भूख ही मर गयी
व्यंजन
स्वादहीन लगते हैं।  
पानी से
बुझती नहीं अब प्यास
मीठे अंगूर भी नमकीन लगते हैं।
इस पीढ़ी के     
नायक-नायिकाओं के लिये
कुछ नया सुझाइये,
हे कामकला शिरोमणि!  
शून्य हृदयों
और रोबोटमय मनमयूरों के लिये
कुछ सुपरसोनिक से नव उद्दीपक गढ़िये।
 
प्रलाप से हो द्रवित
बोले बिहारी-
युग हुआ नव
हुये प्रतीक नव  
हो गये उद्दीपक नव
काम नव
कला नव
नित्यप्रति नव-नव  
नितांत नव  
किंतु नहीं चिंतनीय,   
यह तो
सन्यास का है विषय। 
बढ़ गये सब
आगे
काव्य से ...
श्रृंगार से ... 
इरोटिक कथाओं से ...
काम के साक्षात् दृष्यों की ओर।
यात्रा है
होने ही वाली पूर्ण
मत लगाओ मन
इस अनहोनी व्याधि की ओर
अब तो
स्वयं बढ़ेगा काम
संभोग से समाधि की ओर।

शुक्रवार, 12 अक्टूबर 2012

ख़ूबसूरत चीज़ें


अदा

 

उन्हें शौक है

ख़ूबसूरत

और

ताज़े-ताज़े पत्तों से बने

दोने-पत्तल में रखकर खाने का।

खाकर

छिछियाने का

और बचाकर थोड़ा सा

अपना जूठा

फेकने का

किसी भिखारी के सामने।

उफ़्फ़ ! 

ये बड़प्पन भी 

कितनी अदा से परोसता है

सैडिज़्म।

 

बाप

कितनी ढिठायी से कहा था तुमने
कि बना लेते हो बाप
गधे को भी
निकालना होता है कोई काम
जब किसी से।
सोचता हूँ,

आज लगा ही लूँ हिसाब
मुझे कितनी बार समझा होगा तुमने
गधा।
न जाने कितनी बार
काम आता रहा हूँ तुम्हारे।

ख़ूबसूरत चीज़ें

झन्न से टूट गया
ख़ूबसूरत
काँच का गिलास।
और
अब चुभ रही है
उसकी ख़ूबसूरती
मेरे दिल में
और उसकी किरचें
मेरे तलवों में।

न जाने ये ख़ूबसूरत चीज़ें
टूटती ही क्यों हैं।
उफ़्फ़्फ़!
एक कदम भी चलना
हो गया है मुश्किल
किरचें
गहरी जो चुभी हैं।

जल रहे हैं


उन्होंने

सॉरी भर कहा था

मुस्कुराकर,  

और हम थे

कि मोम हो गये।

बनकर मोमबत्ती

अब जल रहे हैं

रात-दिन।