बुधवार, 23 अप्रैल 2025

साम्यवाद-प्रतिसाम्यवाद

बहुत बजा ली ढपली

बहुत गा लिये क्रांतिगीत

वही घिसे-पिटे

मुड़े-तुड़े

कि बंदूक से निकलेगा न्याय ।

लेनिन ने कहा

स्टालिन ने कहा

बैलेट से नहीं

बुलेट से निकलेगा न्याय ।

मरवा डाले लाखों लोग

लेनिन ने... स्टालिन ने

पर रुका नहीं अन्याय

रुका नहीं शोषण

फिर एक दिन टूट कर

बिखर गया सोवियत संघ ।

 

युद्ध रोकने के लिये ‘अंतिम युद्ध’

शोषण रोकने के लिये ‘अंतिम शोषण’

अन्याय रोकने के लिए ‘अंतिम अन्याय’

यही तो करते रहे न! अब तक ।

 

युद्ध तो आज भी हो रहे हैं

शोषण तो आज भी हो रहा है

अन्याय तो आज भी हो रहा है

नहीं रुका कुछ भी 

नहीं... कुछ भी नहीं ...

पर मैंने भी अब सोच लिया है

नहीं सुनूँगा तुम्हारी कोई बात

फेक दूँगा ढपली

नहीं करूँगा लाल सलाम

करूँगा

तो केवल जय श्री राम !

 

हमारे पास अपने आदर्श हैं

हमारे पास अपने समाधान हैं

हमारे पास अपने विश्वनायक हैं

अब नहीं चाहिये किसी वंचित से

उसकी वैचारिक कथरी उधार ।

और हाँ ! अब आज से मैं कामरेड नहीं हूँ ।

बारबार करूँगी

 बेटे को पिलाकर

दो कटोरे दूध मलाई डालकर

भरकर तीसरा कटोरा

बढ़ाया ही था मैंने

नन्हीं मुनिया की ओर

कि तभी देख लिया मुनिया की दादी ने,

लगीं झिड़कने

पहले मुझे फिर मुनिया को –

“लौकी सी बढ़ती हैं छोरियाँ

पिये बिना ही दूध...

गया नहीं जायेंगी बेटियाँ

करने किसी का श्राद्ध

मरने के बाद” ।

मुनिया की ओर देख वक्रदृष्टि

डाँट दिया आज फिर दादी ने –

“हजार बार कहा कि

भाई खाया-पिया करे कुछ

तो मत देखा कर टकटकी लगाकर

लग जाती है नजर...

चल भाग यहाँ से”।

भयाविष्ट मुनिया

मंथर गति से जाने लगी

देखती हुयी

कभी मुझे, कभी दादी को

और सुलगाती हुयी मेरे मातृत्व को ।

 

दादी के आदेश का

करे कोई प्रतिवाद

इतना साहस किसमें !

पर...

देखकर अवसर

चोरी की मैंने

छल किया मैंने 

पाप लगे तो लगे

मुनिया को दे दिया दूध

वह भी मलाई वाला

और कर लिया संकल्प

अब आज से

मुनिया नहीं रहेगी वंचित

किसी भी चीज के लिये

और यह छल... यह चोरी...

मैं बारबार करूँगी

क्योंकि यही है

सच्चा मातृत्व

सच्ची प्रगतिशीलता

और सच्चा जनवादी साम्यवाद ।

शनिवार, 12 अप्रैल 2025

तीन कवितायें

 १.     हिंदी के पाठक

 

गर्जना

समुद्र की लहरों की

कुछ भी नहीं है

जितनी कि है

समुद्र के भीतर

जिसे

सुन नहीं पाता कोई और...

जो

रहती है विकल

प्रतिध्वनि बन

व्याप्त हो जाने के लिए

दिग्-दिगंत में

पर

नहीं बन पाती प्रतिध्वनि

और रह जाती है बनकर

मात्र एक कविता

जिसे नहीं पढ़ना चाहते

आज के पढ़े-लिखे विद्वान ।

 

२.     बवंडर

 

दौड़ी आती हैं हवायें

चारो दिशाओं से

भरने भीतर का निर्वात

और तुम भर देना चाहते हो

अपने भीतर का निर्वात

चारो दिशाओं में !

सोचो!

क्यों नहीं हो पाता कालजयी

तुम्हारा लेखन !

 

कभी छूकर तो देखो

किसी और की नाड़ी

कभी पीकर तो देखो

समुद्र का खाराजल 

कभी करके तो देखो

व्यष्टि से समष्टि की यात्रा

तब...

होने लगेंगे कालजयी

तुम्हारे शब्द

तुम्हारे स्वर

तुम्हारे चित्र

और

हो उठेगी मुखरित

तुम्हारी लेखनी ।

 

३.     नारीवाद

 

जब हम स्वीकार करते हैं

कि जो मुझमें है वही सब में है

तब हम सहृदय होते हैं ।

जब हम स्वीकार करते हैं

कि जो सबमें है वही मुझमें भी है

तब हम सामान्य होते हैं

नहीं रह पाते विशिष्ट

और हो जाते हैं शांत

तब नहीं रहता

कोई वाद-परिवाद

किसी से भी ।

 

नहीं कर सकता कोई

अपने निर्वात को व्यापक

क्योंकि व्यापक आकाश में

नहीं होता कोई शून्य

बहाँ होता है

हाइड्रोजन और हीलियम का प्लाज़्मा

इलेक्ट्रो-मैग्नेटिक रेडिएशन

कॉस्मिक किरणें

न्यूट्रिनोज़

मैग्नेटिक फ़ील्ड

और बैरियोनिक मैटर

...इस भीड़ में कहाँ भर सकोगे

अपने भीतर का निर्वात !

किंतु...

भर सकते हो

जग की पीड़ा

अपने भीतर के निर्वात में

और तब

व्याप्त हो जायेगा

संवेदना का एक व्यापक संसार

भीतर से बाहर तक ।

ट्रंप का ट्रम्प कार्ड

 ट्रंप का ट्रम्प कार्ड

चला... पर तनिक सा

फिर फुस्स हो गया

और भर गयी फुस्सी-गंध

अफ़्रीका के अतिरिक्त

शेष विश्व में

जिससे नहीं रह सका अछूता अमेरिका भी ।

 

दो रुपये की हो गयी

एक रुपये की वस्तु

ट्रंप के टैरिफ़ युद्ध में

मूल्य बढ़ते गये

चार गुना, दस गुना, एक सौ गुना...

कोई अर्थ है इसका !

न ग्राहक

न विक्रेता,

वे तो पहले दिन से ही रूठे बैठे हैं

जब चलाया था पहला टैरिफ खड्ग ।

अद्भुत् युद्ध है

व्यापारिक लाभ के लिये

व्यापार बंद है 

अच्छे भोजन के लिये

भोजन बंद है ।

अब देखना तो यह है

कि होता है चूर-चूर

पहले किसका अहंकार

जो होना ही है

एक न एक दिन

किये बिना कोई व्यापार !

रविवार, 15 दिसंबर 2024

घोडा़ नहीं मनुष्य हूँ

दौड़ का रोमांच
इतना आकर्षक लगा
कि दौड़ना ही जीवन बन गया हमारा,
कभी तनिक भी ठहरे नहीं हम
कि समीक्षा तो कर लेते एक बार।

दौड़ने की दिशा और लक्ष्य से
अनभिज्ञ बने रहे जीवन भर
ताँगे के घोड़े की तरह
हमने भी लगा लिये
दृश्य-अवरोधक (Blinkers)
अपनी आँखों पर
और मात्र
तीस प्रतिशत तक सीमित कर लिया अपना दृश्यक्षेत्र।

बूढ़े घोड़े को
अब कुछ भी दिखाई नहीं देता,
कभी अभ्यास जो नहीं किया था।
वह खोज रहा है
उस आत्म मुग्धता को
जिसमें डूब कर भी वह वंचित रहा
उस उपलब्धि से
जो वास्तव में उत्कर्ष होना था
उसके जीवन का।

धधक रहा है दावानल,
धू-धू कर जल रहे हैं लोग,
और आत्ममुग्ध वह
बजा रहा है वंशी चैन की।
आग तो बुझानी होगी
सब कुछ भस्म हो जाने से पूर्व।

नहीं...
यह घृणा नहीं है,
प्रयास है आत्म सुरक्षा का।
घृणा तो तुम करते हो
हमारे आत्म सुरक्षा के प्रयास से।
क्रूरतापूर्वक आक्रमण
होते रहे हैं हमारे ऊपर
तुम चाहते हो
बनी रहे उसकी निरंतरता
हम रोकना चाहते हैं हमारे उन्मूलन को।
हम इसे सभ्यता कहते हैं
तुम इसे हमारी संकीर्णता मानते हो ।
मुझे पता है
तुम खड़े होते रहे हो सदा
आक्रमणकारियों के साथ
कभी राजा आम्भिदेव बनकर
कभी राजा जयचंद बनकर
तो कभी राजा नरेन्द्र बनकर...
न जाने कितने रूप देखे हैं तुम्हारे
इस देश ने।

सभ्यताओं को नष्ट किया है
तुम्हारी प्रगतिशीलता ने,
स्वतंत्रता का अपहरण किया है
तुम्हारी अपसंस्कृति ने
जिसे
अब मैं देख पा रहा हूँ
पूरी स्पष्टता से ।

उतार फेके हैं मेंने
अपने दृश्य अवरोधक
और अब मैं
घोड़ा नहीं, मनुष्य हूँ।

रविवार, 8 दिसंबर 2024

धर्म, कबीला और काफिर

            मोहम्मद यूनुस की सरकार के संरक्षण में बांग्लादेश के मुस्लिम नागरिकों और पुलिस द्वारा वहाँ के हिन्दू नागरिकों के साथ किये जा रहे उत्पीड़न और हिंसा के प्रति प्रतिक्रियायें भारत के साथ-साथ विश्व के अन्य देशों में भी हो रही हैं । जब व्यक्ति ही नहीं, पूरा समुदाय उत्पीड़ित होता है तब वह गम्भीर चिंता का विषय होना ही चाहिये । दुर्भाग्य से, नोबेल पुरस्कार विजेता मोहम्मद यूनुस का स्थायी भाव से मुस्कराता चेहरा इस हिंसा पर दुनिया भर को अँगूठा दिखा रहा है । सामूहिक हिंसा की यह हठधर्मिता कबीलाई परम्पराओं का स्मरण दिलाती है ।

बांग्लादेश निर्माण के समय वहाँ के हिन्दुओं के साथ जो हुआ (डॉक्टर तस्लीमा नसरीन की ‘लज्जा’) और अब जो हो रहा है वह हिन्दू मूल्यों के विरुद्ध किया जा रहा एक विनाशकारी कबीलाई युद्ध है जिसे सामान्यतः धर्मयुद्ध कह दिया जाता है । यह किसी पैशाचिक नृत्य से कम नहीं है जो बांग्लादेश और पाकिस्तान में ही नहीं बल्कि भारत में भी होता रहा है, आज भी हो रहा है ।

अफ़गानिस्तान में सत्ता की छीन-झपट के दोनों पक्षों में मुसलमान ही थे और अब सीरिया में सत्ता की छीन-झपट में भी दोनों पक्ष मुस्लिम ही हैं । धर्म के नाम पर की जाने वाली हिंसायें वस्तुतः सत्ता के लिए ही की जाती रही हैं । धर्म से उनका कुछ भी लेना-देना नहीं हुआ करता । सत्ता की छीन-झपट के साथ-साथ यह सभ्यता और असभ्यता एवं संस्कृति और असंस्कृति के बीच चलने वाला सतत युद्ध है जो न्यूनाधिकरूप में हर युग में होता रहा है । संस्कृति और सभ्यता को हर क्षण सचेत रहना होता है, इसमें किसी भी प्रकार की उपेक्षा या उदासीनता विनाशकारी होती है ।

क्या यह धर्मयुद्ध है ?

धर्म का अभाव अधर्म है और उसका विकार विधर्म, तो यह अधर्म की स्थिति में विधर्म का आक्रमण है जिसमें कभी यहूदी, कभी कुर्द, कभी यज़ीदी, कभी ईसाई, कभी बौद्ध, कभी जैन तो कभी हिन्दू समुदाय उत्पीड़न और नरसंहार के सहज लक्ष्य हुआ करते हैं ।   

मोतीहारी वाले मिसिर जी का यह टप्पा मननीय है – “गमन सनातन है, संयोग और वियोग उसका विज्ञान है, ऊर्ध्वगति और अधोगति उसका व्यवहार है । यह व्यवहार करने वाले पर निर्भर करता है कि वह उसका प्रयोग करता है, उपयोग करता है या फिर दुरुपयोग करता है”।

*बटेंगे तो कटेंगे पर कुराजनीति*

योगी आदित्यनाथ जी की चेतावनी – “बटेंगे तो कटेंगे” पर कुराजनीतिक नेताओं ने आपत्ति की है, पर वे अपने स्थान पर सही हैं, वे नहीं चाहते कि समाज एक हो, वे समाज को काटने के अवसर हाथ से जाने नहीं देना चाहते ।  

सर्वाधिक अनुशासित प्राणियों में चीटियों और मधुमक्खियों के साथ लकड़बग्घों का भी स्मरण किया जाता है । लकड़बग्घों को पता है कि वे बटेंगे तो मारे जायेंगे एक साथ रहेंगे तो सुरक्षित रहेंगे इसीलिए वे अपने एक भी सदस्य का कभी साथ नहीं छोड़ते । लकड़बग्घे समूह में हों तो वे शेर पर भी आक्रमण करने से नहीं चूकते ।

भारतीय संस्कृति सीखने के अवसरों का स्वागत करती रही है । क्या हम लकड़बग्घों से इतना भी नहीं सीख सकते!

*अनुकरण थोपने की हिंसा*

समाचार है कि रतलाम में कुछ हिन्दू युवकों ने कुछ मुस्लिम किशोरों को पीटा और उनसे जय श्रीराम के नारे लगवाये । इसे धार्मिक कृत्य समझने की भूल नहीं की जानी चाहिये । हिंसा से किसी परम्परा या विचार का अनुकरण नहीं करवाया जा सकता, यह विधर्मी असभ्यता का हिंसक और निंदनीय कृत्य है जिसके लिए युवकों को दण्डित किया ही जाना चाहिये । हमें अपने आदर्शों की कठोरता से रक्षा करनी होगी ।