बुधवार, 10 अक्टूबर 2012
मंगलवार, 9 अक्टूबर 2012
ज़िन्दगी मुस्कुराती है यहाँ भी....
न जाने कब से डूबे हैं अँधेरों में , मगर
हम इतने कठोर और निर्दयी भी नहीं ....
कि मुस्कुरा न सकें।
पास बैठोगे मेरे
तो पाओगे
मुस्कुराते रहते हैं
हम तो हर पल
तुम आओ तो सही ...
अँधेरे हैं यहाँ
तो रोशनी भी है
दर्द हैं यहाँ
तो ख़ुशी भी है।
तुम्हें क्या चाहिये?
मिल गया न सबूत !
देखो किस तरह मुस्कुराती है ज़िन्दगी
हमारे आसपास....
क्योंकि हम इनसे
बेहद मोहब्बत करते हैं।
मुस्कुराती ही नहीं खिलखिलाती भी है ज़िन्दगी
क्योंकि संतुलन ही राज है हमारा
पीछे पलटकर तो देखो
सारा इतिहास गवाह है हमारा
संतुलन भी ऐसा
कि देखते ही रह जाओ
जिधर देखो
उधर हमारा ही नज़ारा है
कसम से
हम कभी यूँ न थे
तुम्हारे इंतज़ार में
पत्थर हुये हैं।
हमें छूकर देखो
आज भी धड़कते हैं हम
तुम्हारे लिये ।
कोशिशें
कम न कीं किसी ने
मगर ज़ुदा न कर सका कोई
टिके हैं आज भी
मोहब्बत के सहारे
कुछ और क़रीब आओ
देखो तो सही
कितना कुछ समेट रखा है
तुम्हारे लिये
यकीन न हो
तो इनसे पूछो
धान के गमकते फूलों से पूछो
धान की झूमती बालियों से पूछो
और पूछो
ओस की इन बूँदों से
जो रात भर इनके आगोश में रहती हैं
मुस्कुराती हैं ...खिलखिलाती हैं
सुख-दुःख की बातें करती हैं
टपक जाती हैं मोहब्बत के जोर से
होते ही भोर,
और फिर आ जाती हैं
घिरते ही साँझ।
शनिवार, 6 अक्टूबर 2012
तुम्हारा आमंत्रण ...
यूँ तो
अंधेरों से
बहुत डरती हूँ मैं
पर कैसे ठुकरा दूँ
तुम्हारा आमंत्रण।
बुला कर
यूँ छत पर
फिर कहाँ छिप जाते तुम?
बादलों ने
जैसे फिर धमकाया हो मुझे
और तुम
छिपकर देख रहे हो मेरा
यूँ परेशान होना।
मेरे चाँद!
कितना अच्छा लगता है तुम्हें
अँधेरी....काली रातों में
यूँ लुकना ...
यूँ छिपना ..
और सताना
जी भर...
सारी-सारी रात।
उफ़्फ़्फ़्फ़्फ़!
ये अँधेरे!
कितनी शिद्दत से खीचते हैं तुम्हें
और तुम
मुझे।
काश!
पकड़ कर बाँध पाती तुम्हें
अपनी
काली वेणी से ....
डुबो पाती तुम्हें
अपने नयनों की काली झील में।
मेरे बाबरे चाँद !
काला रंग
बहुत पसन्द है न! तुम्हें।
देखो,
कितनी काली है
मेरी वेणी।
देखो,
कितने काले हैं
मेरे नयन
और हृदय
कितना व्याकुल।
अब
आ भी जाओ ना!
नहीं सहा जाता
तुम्हारा
यूँ करना
अठखेलियाँ
और तड़पाना
इस क़दर
कि जैसे निकल ही जायेगी
कहीं अटकी हुयी जान।
ऐ! मेरे चाँद!
कब छोड़ोगे
ये बाबरापन!
शुक्रवार, 5 अक्टूबर 2012
मेरे ही सुर होंगे
अब न चुराऊँगी मैं, प्रियतम !
यह लो अपनी मुरली, प्रियतम !
रोज-रोज ना मिल पाऊँगी
जमुना तट ना आ पाऊँगी।
काम बहुत हैं और भी मुझको
रास रचाना केवल तुमको।
मैंने अपने अधरों से छू
वंशी में प्राण हैं डाले, प्रियतम !
मान यही लेना अब से तुम
मुरली ही है राधा, प्रियतम !
बातें कर लेना जब जी हो
अपनी प्यारी मुरली से तुम।
मुरली से निकले सारे सुर
मेरे ही सुर होंगे, प्रियतम।
अब न चुराऊँगी मैं, प्रियतम !
यह लो अपनी मुरली, प्रियतम !
बुधवार, 3 अक्टूबर 2012
शेफाली, मयूर पंख और वेणु
ये कलियाँ हैं हरसिंगार यानी विष्णुप्रिया यानी
शेफाली यानी निक्टेंथस अर्बोर्ट्रिस्टस की। इसकी पत्तियों के रस का सेवन सियाटिक
पेन में लाभकारी होता है। तीन लोगों को इससे पूर्ण लाभ हुआ है जबकि दो को कोई लाभ
नहीं हुआ। हाँ
! साइड इफ़ेक्ट कुछ भी नहीं
..यानी निर्भय होकर प्रयोग किया जा सकता है।
... इसके पुष्प रात में बिखेरते हैं ख़ुश्बू और दिन में
अपनी ख़ूबसूरती....तभी तो नाम पड़ा निक्टेंथस ..
..और यह है नीलापराजिता ....इसकी फ़लियों में लगने वाले इसके छोटे-छोटे बीजों का चूर्ण छोटे-छोटे बच्चों को होने वाले न्यूमोनिया में प्रभावकारी है। चूर्ण की मात्रा है -मात्र 125मिलीग्राम। ...खिलाने से पहले शहद मिलाना मत भूलियेगा।

बला को उखाड़ना भी एक बला है.... जड़ें अन्दर तक धसी हुयीं
.....नर्विन टॉनिक है...नर्व्स को बल प्रदान करने वाला तभी तो इसका नाम है बला यानी सिडा कॉर्डीफ़ोलिया। इसके बीज़ अफ़्रोडिजियेक होते हैं जबकि जड़ें नर्विन टॉनिक। इसकी कई प्रजातियाँ भारत में पायी जाती हैं ...इनमें से एक है सिडा लॉंन्गीफ़ोलिया ...काम दोनो का एक ही है।
...यह रहा सिडा लॉन्गीफ़ोलिया
फूल के ऊपर पत्ती...
गाँव की पुरानी पहेली है यह ...
नाम है द्रोणपुष्पी। छत्तीसगढ़ में इसकी कोमल
पत्तियों की भाजी बहुत लोकप्रिय है। पीलिया और यकृत की व्याधियों में इसका भूरिशः
प्रयोग किया जाता है।
यह रहा बस्तर का देशी स्टीविया ...अरे वही ..जिससे शुगर फ़्री की गोलियाँ बनायी जाती हैं।
कृष्ण कालिन्दी और कदम्ब के संयोग से कौन अपरिचित है भला! अब यहाँ
बस्तर में जमुना तो है नहीं पर कोण्डागाँव में राष्ट्रीय राजमार्ग के किनारे खड़े
कदम्ब के फल ने मुझे मथुरा की याद दिला दी। गाड़ी से उतरा...कृष्ण, कालिन्दी
और कदम्ब को स्मरण किया....फिर खीच ली एक फ़ोटो ...आपके लिये ...
कृष्ण को मोर पंख
बहुत प्रिय था .....और बेटी वेणु को भी। अंतर बस इतना ही है कि कृष्ण ने मुकुट में
धारण किया था और रानी बेटी ने अपने कान में। वेणु बिटिया कृष्ण की भक्त है। ..और
संयोग देखिये कि कृष्ण को वेणु की वंशी बहुत प्रिय है
....
कृष्ण को मोर पंख बहुत प्रिय था .....और बेटी वेणु को भी। अंतर बस इतना ही है कि कृष्ण ने मुकुट में धारण किया था और रानी बेटी ने अपने कान में। वेणु बिटिया कृष्ण की भक्त है। ..और संयोग देखिये कि कृष्ण को वेणु की वंशी बहुत प्रिय है ....
सोमवार, 1 अक्टूबर 2012
जीवन का सार
बहती है धार,
जिसे देती ललकार
एक छोटी पतवार,
यही कर्म योग है।
काट-काट धार,
करे नइया को पार
लिये ढेर-ढेर भार,
यही कर्म योग है।
कभी मिलती ना हार
सुनो जीवन का सार,
यही कर्म योग है।
शुक्रवार, 28 सितंबर 2012
विद्रोह से आध्यात्म तक
जितना है गहन तम
शक्ति भी उतनी प्रबलतम
कृष्ण विवरों से भला
जीती है कब किरण!
आँखें भी सहती हैं
तमस,
नहीं
प्रखर किरणों को।
हो गया प्रकाशित
जो कुछ भी आसपास
उसे ही भर लें अंक में
हो पाता उतना भी कहाँ?
तमस से व्यथित हैं फिर भी
प्रकाश को
सहते हैं कब नयन?
चौदह
वर्ष तक जंगलों में क्यों भटकते रहे राम? अग्निपरीक्षा के बाद भी सीता को क्यों
होना पड़ा निर्वासित? कृष्ण को मथुरा से क्यों करना पड़ा पलायन? सत्य क्यों होता है
पुनःपुनः अपमानित? आध्यात्मिक देश भारत में क्यों पल्लवित-पुष्पित होते हैं पापों
के जंगल? क्यों होते हैं बलात्कार उन कन्यायों से जो शक्ति के रूप में पूज्यनीय
स्वीकृत हैं भारत में? स्त्रियाँ क्यों वंचित हैं मानवीय अधिकारों से जो घोषित हैं
देवी के रूप में? श्रम क्यों रहता है निर्धन जो स्वयं उत्पादक है मुद्रा का?
देववाणी संस्कृत क्यों चली गयी नेपथ्य में? क्यों बारबार पराधीन होता है आर्यों का
देश? क्यों संकुचित होती जा रही हैं आर्यावर्त की सीमायें? ....और तम क्यों
घिर-घिर आता है हर बार?
सहते हैं कब नयन?
कृष्ण विवरों से भला
जीती है कब किरण!
इन
प्रश्नों ने मुझे सदा ही व्यथित किया है। समाधान की आशा में कहाँ-कहाँ नहीं भटका
हूँ। भटकाव से मुक्त नहीं हो सका, अभी भी पथ में ही हूँ।
भारत
ऐसा देश है जहाँ यात्रा के प्रारम्भ में ही तीक्ष्ण पाषाणों से भरे दुर्गम पर्वतों
का सामना करना पड़ता है संसारी को। गहन अन्धकार में एक दीर्घ और क्लांत कर देने
वाली यात्रा .....
और
मैं ......
कभी
थका ...कभी हारा ...कभी विद्रोही हुआ .....कभी पलायन करने का मन हुआ ....कभी
समाधान की आशा दिखी .....कभी आशा ने निराशा को फिर आगे कर दिया ....
नुकीले
पत्थरों ने कहा –“ हमारी तीक्ष्णता बाह्य है ...अन्दर झाँक कर देखोगे तो सुगम आकाश
पा लोगे। दुर्गमता वह पराकाष्ठा है जहाँ से सुगमता को प्रारम्भ होना ही पड़ता है।”
किंतु
ठोस पत्थरों के भीतर झाँक पाना इतना सरल है क्या?
सर्वविदित
है कि पश्चिम के लोग भौतिकवादी हैं। इसे इस तरह भी कहा जा सकता है कि पश्चिम के
लोग सांसारिक उपलब्धियों का उपभोग करने में प्रवीण हैं। पूर्व के लोग भौतिकता के
उपभोग में वानर वृत्ति से मुक्त नहीं हो सके। वानर लोभी होता है ...उसकी लिप्सायें
अनियंत्रित होती हैं ...उसके उपभोग की प्रक्रिया अव्यवस्थित होती है, उसमें
प्रवीणता का अभाव होता है।
वे
पुनर्जन्म में विश्वास नहीं करते इसलिये इस जीवन को भरपूर जीने और जीने देने का
प्रयास करते हैं। हम पुनर्जन्म में विश्वास तो करते हैं किंतु स्वयं भर जीना चाहते
हैं ...दूसरों का जीना संकट में डालते हुये।
लोग
कहते हैं कि पश्चिम के लोग हमारे जितने आध्यात्मिक नहीं होते। पर जितने प्रश्न
हमारे पास होते हैं उतने प्रश्न उनके पास नहीं हुआ करते।
पश्चिम
से प्रतिभायें पलायन नहीं किया करतीं ...सूर्य की किरणें विश्राम पाती हैं वहाँ।
भारत से प्रतिभाओं को सदा ही पलायन करने को विवश होना पड़ा है ...सूर्य की किरणों
को अपनी यात्रा पूर्व से ही प्रारम्भ करनी पड़ती है ...पश्चिम की ओर।
दीपक
अपने आधार को कब प्रकाशित कर सका है भला!
हमने
स्वयं को आध्यात्मिक तो घोषित कर दिया पर आध्यात्मिकता में भी अपनी भौतिक लिप्साओं
को ही अन्वेषित करते रहने के अभ्यस्त हो गये हैं।
अपने
आसपास की अनियंत्रित अव्यवस्थाओं, जड़ हो गयी कुरीतियों, स्वीकृत हो चुके
भ्रष्टाचार, निरंकुश होते अत्याचार, स्वतंत्र संत्रास और पल्लवित हो रहे पाप से
जूझते-जूझते हर बार यही प्रतीत हुआ है कि प्रकाश स्थायी कब हो पाया है .....जो
स्थायी है वह तो अन्धकार ही है। ब्रह्माण्ड में अन्धकार ही अधिक है ...प्रकाश बहुत
कम। प्रकाश के स्रोत भी अस्थायी हैं ...व्याप्त तो अन्धकार है।
पश्चिम
में सूरज उगता भी है तो कभी-कभी। वहाँ अन्धकार इतना घना नहीं होता ...इतना प्रकाश
भी नहीं होता ...इसलिये वहाँ के लोग धुंधलके में जीने के अभ्यस्त हैं।
भारत
में प्रखर प्रकाश है तो गहन अन्धकार भी। किंतु हम अन्धकार में जीने के अभ्यस्त हैं
...तभी तो प्रार्थना करते हैं ...”तमसोमा ज्योतिर्गमय”।
हम
क्रांति तो करते हैं पर क्रांति के परिणाम अवसरवादियों को हस्तांतरित कर देते हैं।
एक सुविचार जैसे ही किसी परिणाम में परिवर्तित होता है दूसरा विरोधी विचार उस पर
अपना पारम्परिक अधिकार कर लेता है और संपूर्ण परिस्थितियाँ पुनः विसंगतियों और
विरोधाभासों से भर जाती हैं।
जटिलतायें
इतनी अधिक हैं कि समाधान की भूमिका निर्मित करने में ही पूरा जीवन चुक जाता है।
धुंधलके में जिया जा सकता है पर गहन अन्धकार तो जीवन की सारी गतिविधियों को बन्दी
बना लेता है।
जीना
है तो प्रकाश का संधान करना ही होगा ...तीक्ष्ण पाषाणों से भरे अन्धेरे अपथ पर
यात्रा प्रारम्भ कर आगे बढ़ते हुये ...विद्रोह के झंझावातों से जूझते हुये
....प्रकाश का अनुसंधान करना ही होगा।
प्रकाश
की ओर बढ़ने की प्रक्रिया ही आध्यात्मिक यात्रा की प्रक्रिया है। यह अनुपलब्धियों
से उपजी उपलब्धि है। यह घोर अशांति से उपजी शांति की यात्रा है। यह पाप के अवश
कुण्ड का प्रबल विस्फोट है। यह न सुलझ पाने वाली विकट समस्यायों का व्यक्तिगत
समाधान है। यह निर्बल का सबल होना है। यह पराजित की विजय यात्रा है। यह व्याप्त
हुये कोलाहल की एकांत शांत प्रस्तावना है। यह चरम दुःखों का अंतिम विसर्जन है। यह
गहन अन्धकार से विस्फोटित हुआ तीव्र प्रकाश है।
यही
कारण है कि भारत में अध्यात्मिक ज्ञान के प्रकाश की तीव्रता इतनी अधिक हो सकी। यह
तीव्रता इतनी अधिक है कि लोगों की आँखें चौंधिया गयी हैं।
चकाचौंध
को हमारी आँखें कब सह पायी हैं भला!
काश!
भारत के पास ऐसी आँखें होतीं जो तीव्र प्रकाश को भी सह पातीं।
सदस्यता लें
संदेश (Atom)


