मंगलवार, 29 सितंबर 2020

सरकारीकरण से निजीकरण की ओर...

समाचार है कि बस्तर में एन.एम.डी.सी. के कर्मचारियों ने निजीकरण का सशक्त विरोध प्रारम्भ कर दिया है ।

सरकार एनएमडीसी में अपनी भागीदारी सेठों को बेचना चाहती है । रेलवे में जनभागीदारी के नाम पर सेठों की भागीदारी शुरू हो चुकी है । ज़ल्दी ही बहुत सी सरकारी कम्पनियाँ अब सेठों के हाथों में होंगी । धन जुटाने के लिए सरकारी उद्योगों को बेचे जाने का सिलसिला शुरू हो गया है (दोबारा धन की ज़रूरत होगी तो क्या बेचियेगा?) । लोग आशंकित हैं कि रक्षा सामग्रियों और आयुध उत्पादन से सम्बंधित सरकारी उद्योग भी यदि सेठों के हवाले कर दिए गए तो आगे चलकर ये सेठ इतने शक्तिशाली हो सकते हैं कि सरकारें इनके सामने बौनी हो जायेंगी ...इतनी बौनी कि फिर सरकारों को सन्यास लेना पड़ जायेगा और शक्तिशाली सेठ अपना राजतिलक ख़ुद ही कर लेंगे । ईस्ट इण्डिया कम्पनी की तरह इन महाशक्तिशाली सेठों के पास अपनी सेना होगी और अपने उद्योगों को चलाने के लिए अपने क़ानून होंगे । जिसे जनभागीदारी का नाम दिया गया है वह वस्तुतः सेठभागीदारी है जिनके आगे आमजन हमेशा पानी भरता रहा है ।

प्रश्न यह उठता है कि निजीकरण की आवश्यकता हुयी ही क्यों ? मैं इसमें एक प्रश्न और जोड़ना चाहता हूँ और वह यह कि आमजनता की दृष्टि में सरकारी स्कूल, सरकारी अस्पताल, सरकारी एविएशन, सरकारी व्यवस्था… यहाँ तक कि सरकारी भाषण की भी विश्वसनीयता निजी संस्थाओं की तुलना में इतनी कम क्यों है ? हर व्यक्ति चाहता है कि उसके बच्चे सरकारी स्कूल में न पढ़ें और उसके घर के किसी बीमार व्यक्ति का इलाज़ सरकारी अस्पताल में न हो । एयर इण्डिया के स्थान पर लोग विस्तारा और इण्डिगो की सेवाओं को प्राथमिकता देना चाहते हैं । सरकारी बैंकों की सेवायें लोगों को संतुष्ट कर पाने में उतनी सफल नहीं हो पातीं जितनी कि निजी बैंकों की सेवायें । शेयर मार्केट में सरकारी कम्पनियों के शेयर किसी को आकर्षित नहीं कर पाते जबकि निजी कम्पनियों के आई.पी.ओ. आते ही ख़रीददारों की इतनी भीड़ टूट पड़ती है कि वे कई गुना अधिक सब्स्क्राइब्ड हो जाया करते हैं । तब लोग सरकारी नौकरी, सरकारी बस सेवा और रेलवे की सेवाओं के पीछे ही इतने दीवाने क्यों हैं ?

हम सरकारी स्कूल में अपने बच्चे नहीं पढ़ाना चाहते किंतु नौकरी सरकारी स्कूल में ही करना चाहते हैं । बहुत से सरकारी उद्योग घाटे में हैं किंतु हम नौकरी उन्हीं उद्योगों में करना चाहते हैं । इस विरोधाभासिक चरित्र के लिए किसे उत्तरदायी ठहराया जाय ?

...और मेरा दावा है कि जो सरकारी इण्डस्ट्रीज़ घाटे में दम तोड़ रही हैं, निजीकरण के बाद वे घाटे से मुनाफ़े में आ जायेंगी और उनमें बहार आ जायेगी । एक समय था जब सरकार ने बैंकों का सरकारीकरण करना शुरू किया ...क्या अब यह समय सरकारी संस्थाओं के निजीकरण का आ गया है ! सरकारी संस्थायें दम क्यों तोड़ती हैं और निजी संस्थायें दिनदूनी रात चौगुनी उन्नति क्यों करती हैं ...ऐसा कोई नहीं जिसके पास इन प्रश्नों के उत्तर नहीं हैं ।

...वहीं हम यह भी स्वीकार करते हैं कि छत्तीसगढ़ में राज्य परिवहन को अपदस्थ कर आयी निजी परिवहन सेवाओं ने जिस तरह किराये की दरों और सेवाओं में स्वेच्छाचारिता की कीमत पर सरकार को भरपूर रिवेन्यू देना शुरू किया है उससे जनभागीदारी की विश्वसनीयता और इरादों पर उठते रहे सवालों पर छाये मौन ने आम आदमी को दीन-हीन प्रजा बना दिया है । क्या हम एक राजतंत्र की ओर बढ़ रहे हैं ?


रविवार, 27 सितंबर 2020

सीबीडी ऑयल की वैधता पर उठ रहे हैं सवाल...

बेतवा एक्सप्रेस और मेरा उपन्यास...

बड़े भइया (आदरणीय अशोक चतुर्वेदी जी) ने एक उपन्यास लिखने के लिए कहा था । लिखना शुरू किया, किंतु कभी बिगड़ा मूड तो कभी जंगल-झाड़ियों और ऊँची-नीची पहाड़ियों के अवरोध बाधा उत्पन्न करते रहे । कुल मिलाकर उपन्यास लेखन की गति बेतवा एक्सप्रेस की तरह हो गयी है जो कानपुर सेण्टृल स्टेशन से 15-20 किलोमीटर पहले से ही किसी गब्बर बैल की तरह जगह-जगह अड़ कर खड़ी हो जाती है । फ़िलहाल इतना बता दूँ कि लिखे जा रहे उपन्यास की कथायात्रा बिहार के गाँवों, कस्बों और ग़रीब-गुरबा लोगों की त्रासदियों से होता हुआ हज़रत निज़ामुद्दीन और फिर वहाँ से वापस बिहार के बीच बिखरी घटनाओं पर आधारत है । बेतवा एक्सप्रेस अभी भीमसेन स्टेशन पर खड़ी है, देखते हैं कानपुर कब पहुँचती है।

 

सीबीडी ऑयल की वैधता पर उठ रहे हैं सवाल...

मायानगरी के गंधर्वलोक में मारीज़ुआना के बाद आजकल सीबीडी ऑयल की चर्चा होने लगी है । टीवी पर होने वाली बहस कम काँव-काँव में सीबीडी ऑयल के निर्माण और बिक्री की वैधता पर सवाल उठने लगे हैं । सीबीडी ऑयल याने कैनाबिडियॉल और टीएचसी याने टेट्राहाइड्रोकैनाबिनॉल ये दो तेल हैं जो भाँग की पत्तियों से निकाले जाते हैं । सदियों से भाँग के पौधे के विभिन्न भागों का प्रयोग दुनिया के कई देशों में टेक्सटाइल और चिकित्सा उद्देश्यों से किया जाता रहा है । एपीलेप्सी, एंज़ाइटी, हीमोरॉयड्स और कैंसर जैसी बीमारियों में इसका उपयोग किया जाता रहा है । उत्तराखण्ड में भाँग के बीजों की स्वादिष्ट चटनी और बिच्छू घास की भाजी वहाँ की पारम्परिक खाद्य वस्तुओं में से है जिनके बिना उत्तराखण्ड की पहचान अधूरी सी लगती है । ख़ैर मैं यह बता दूँ कि ड्रग एण्ड कॉस्मेटिक एक्ट 1940 के अनुसार सीबीडी ऑयल का निर्माण एवं चिकित्सकीय उपयोग अपराध की श्रेणी में नहीं है । यूँ भी इस तेल का कोई नशीला प्रभाव नहीं होता है ।

और हाँ! यह भी बता दूँ कि खसखस के बीज जो कि अफीम के फल का एक हिस्सा हैं, नशीले नहीं होते ।  

शुक्रवार, 25 सितंबर 2020

यात्रा समीक्षा...

-      एक अदृश्य वायरस पिछले नौ महीनों से दुनिया भर के वैज्ञानिकों को धूल चटा रहा है । हम एक अदृश्य शक्ति से जीत नहीं पा रहे हैं ।

-      दावानल से हर साल होने वाली बेशुमार क्षति और वन्यजीवों की मृत्यु के आगे हर कोई लाचार है । हम अग्नि देव के प्रकोप से मुक्त नहीं हो पा रहे हैं ।

-      वायु प्रदूषण से हर साल होने वाली बीमारियों और असमय मौतों का आज तक कोई समाधान नहीं निकल सका है । हमने सुपरसोनिक प्लेन तो बना लिया लेकिन हम पवन देव से जीत नहीं पाये ।

-      जल प्रदूषण सभ्य दुनिया के लिए एक ऐसी समस्या है जिसके लिए बेशुमार पैसा खर्च करने के बाद भी हमें शुद्ध पेय जल नहीं मिल पा रहा है और वाटरबॉर्न बीमारियों से जूझने के लिए बाध्य हैं । हम वरुण देव के आगे बहुत बौने हैं ।

-      मोहनजोदड़ो और हडप्पा संस्कृति में जलनिकासी की जो सुव्यवस्था थी वैसी व्यवस्था कर पाने में हम अभी तक असफल रहे हैं । पिछले कुछ सालों से वारिश में मुम्बई का हाल हमारी उपलब्धियों का मज़ाक उड़ाने लगी है ।

-      कैंसर और एड्स जैसी कई बीमारियाँ हमारी स्थायी शत्रु बन चुकी हैं और हम उनके आगे लाचार हैं ।

-      विनाशकारी घातक आयुधों की खोज के अलावा हमने मानव सभ्यता में चार चाँद लगाने के लिए और कौन से उल्लेखनीय कार्य किए हैं, हमें खोजने से भी नहीं मिल सके ।

-      ईश्वर के दिए शरीर को हमने बिकने के लिए मंडी में पहुँचा दिया, अंतरात्मा की हत्या कर दी, स्वाभिमान से मुँह मोड़ लिया, विश्वविद्यालयों के बाहर गर्भनिरोधक साधन उपलब्ध करवा दिए ...और हल्ला कर दिया कि हम सुसंस्कृत हो गए हैं ।  

-      हम चाँद और मंगल पर बस्तियाँ बसाने के स्वप्न देख रहे हैं पर हम यह तय कर पाने में असफल रहे हैं कि हमें दूध, घी, दाल, सब्जी, चावल और रोटी का सेवन करना चाहिए या अफीम, हशीश, कोकीन, गाँजा और चरस का ।

-      हम सब सुसंस्कृत, आधुनिक, प्रगतिशील और न जाने क्या-क्या होने का दावा करते हैं किंतु दुनिया को बम से तबाह करने के लिए हर पल तैयार रहते हैं ।

-      हमें कभी तो बैठकर सोचना होगा कि इतनी लम्बी यात्रा में हमने आज तक क्या पाया और क्या खोया है ।  

गुरुवार, 24 सितंबर 2020

कोरोना का इलाज़...

सीटी स्केन की रिपोर्ट आ गयी है । घोष बाबू की पत्नी ने बेटे से पूछा – “क्या लिखा है रिपोर्ट में?”

बेटे ने पढ़कर सुनाया – “ग्राउण्ड ग्लास हैज़ीनेस विद इंटरलोब्युलर सेप्टल थिकनिंग इन बाई लैटरल लंग फ़ील्ड्स... अलमोस्ट इनवॉल्विंग होल पैरेन्काइमा... कैल्सीफ़ाइड लीज़न इन राइट एपिकल रीज़न... मिड एण्ड लोअर ज़ोंस ऑफ़ लंग्स ...”।

माँ ने बीच में ही टोक कर पूछा – “ मतलब सब ठीक है न!”

बेटे ने उदास होकर कहा – “नहीं, दोनों फेफड़ों में इण्टरलोब्युलर सेप्टल थिकनिंग है… और ऊपरी हिस्से में चूना जम गया है”।  

“हे भगवान चूना? लेकिन हम लोग तो आरो का पानी पीते हैं ...”

बेटे ने माँ की ओर देखा पर कोई उत्तर नहीं दिया । 

प्रोफ़ेसर घोष को आगरा से गुरुग्राम आये हुये अठारह दिन हो चुके हैं । अगरतला वाली त्रिपुर सुंदरी घोष बाबू की पत्नी के निरंतर सम्पर्क में हैं । एक दिन त्रिपुर सुंदरी ने मोतीहारी वाले मिसिर जी को सूचना दी – “...रिपोर्ट में कोरोना पॉज़िटिव निकला था, आगरा में तीन दिन तक भर्ती रखा, हालत और बिगड़ गई तो गुरुग्राम ले जाना पड़ा । बाप रे... रोज का खर्चा एक लाख से अधिक ही हो रहा है ...वेंटीलेटर पर हैं ...किसी को मिलने नहीं दे रहे हैं...”।

खर्चे की बात पर मिसिर जी ने रोषपूर्वक कहा – “न वैक्सीन न दवा ...फिर भी खर्चा एक लाख रोजाना ...हॉई कवन सा इलाज़ बा? हमरा नियन गरीब-गुरबा त खर्चवय सुन के मुआ जाई”।

त्रिपुर सुंदरी ने कहा – “वही तो...और यह भी निश्चित नहीं कि मरीज़ वापस घर आ भी पायेगा या नहीं”।

गुरुग्राम आये हुये बीस दिन हो गये हैं । घोष बाबू की पत्नी परेशान हैं, पति की आवाज़ सुने जैसे कई युग बीत गये हों । बेटा दिन भर में न जाने कितनी बार पैरामेडिकल स्टाफ़ से बात करता है, सुबह और शाम को डॉक्टर से भी बात करता है । घोष बाबू की पत्नी दूर खड़ी रहकर सब कुछ देखती रहती है, फिर धीरे-धीरे चलकर बेटे के पास पहुँचती है । अब वह बहुत कम बोलती है, माँ-बेटे के बीच अब आँखों और चेहरे की भाषा में सम्वाद होने लगा है ।   

एक दिन पैरामेडिकल स्टाफ़ ने सूचना दी – “डायलिसिस करना होगा”।

घोष परिवार चिंतित हो गया । बेटे ने एक जूनियर डॉक्टरके सामने चिंता ज़ाहिर की – “डायलिसिस? तो क्या अब किडनी भी काम नहीं कर रही? आपके हिसाब से सर्वाइवल की क्या सम्भावनाएँ हैं?”

डॉक्टर ने उत्तर दिया – “हम दुनिया का बेस्ट ट्रीटमेंट दे रहे हैं”।

आज अगरतला वाली त्रिपुर सुंदरी ने वाट्स अप पर घोष बाबू का एक चित्र पोस्ट किया है । चित्र पर बहुत सी मालाएँ हैं और पास में अगरबत्तियों से धुआँ निकल रहा है । त्रिपुर सुंदरी ने अपनी पोस्ट में केवल चित्र ही पोस्ट किया है, लिखा कुछ भी नहीं ।

बहुत कुछ कहने के लिए कई बार एक भी शब्द की आवश्यकता नहीं हुआ करती ।

कोरोना का कहर ज़ारी है, मौतें हो रही हैं और फ़ार्मा शेयर्स उछाल मार रहे हैं । ख़बर है कि बड़े-बड़े स्टार हॉस्पिटल्स के शेयर्स एक बार फिर भागने वाले हैं । दोपहर को मोतीहारी वाले मिसिर जी का फोन आया था ...निःशब्द । वाणी थी, शब्द नहीं थे । निःशब्द संवाद की शक्ति गहराई तक प्रभाव छोड़ती है ।


बुधवार, 23 सितंबर 2020

मुस्लिम समुदाय के लिए...

नफ़ीस हिंदुस्तानी में चबा-चबा कर बात कहते हुये अपनी बुद्धिमत्ता का बड़ी ख़ूबसूरती से इज़हार करने वाले स्वराज इंडिया के अध्यक्ष योगेंद्र यादव यदि उमर ख़ालिद की तारीफ़ में कसीदे पढ़ने लगें तो किसी को अचम्भित नहीं होना चाहिये । भारतीय संविधान नें उन्हें अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता प्रदान की है, अभिव्यक्ति उन विचारों की जो नकारात्मक भी हो सकते है और सकारात्मक भी । पिछले कुछ सालों में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को लेकर जो हंगामे होते रहे हैं उनसे यह स्पष्ट हो गया है कि यह स्वतंत्रता हमें मनुष्य, दैत्य, देव, दानव या राक्षस बनने की स्वतंत्रता प्रदान करती है ।

दि प्रिंट में प्रकाशित उनके विचार के अनुसार “उमर ख़ालिद की ग़िरफ़्तारी से भारतीय मुसलमानों की युवा पीढ़ी के लिए गरिमामय और लोकतांत्रिक आवाज़ उठाने का दरवाज़ा बंद हो गया है”।

योगेंद्र यादव आगे लिखते हैं – “उमर ख़ालिद उन क्रांतिवीरों में नहीं हैं जो भारतीय राजसत्ता को हिंसा के सहारे पलट देने का दिवास्वप्न देखते हैं । वह लोकतांत्रिक राजनीति के आड़े-तिरछे रास्तों पर चलने की चाहत से भरा नौजवान है ।

...वह वंचना के शिकार अन्य समुदायों – दलित, आदिवासी, ओबीसी तथा महिलाओं आदि की दयनीय दशा से मुस्लिम समुदाय की वंचना की स्थिति को जोड़कर देखता-समझता है । वो संविधान प्रदत्त अधिकारों के मुहावरे में बोलता है, ठीक वैसे ही जैसे कि किसी अन्य समुदाय का नेता बोलेगा । लेकिन वह ख़ास तौर से एक ऐसे भेदभाव के ख़िलाफ़ बोलता है जो मुसलमानों के साथ उनके मुस्लिम होने के कारण किया जा रहा है और जो अन्य वंचित समुदायों और गरीबों के साथ होने वले भेदभाव से अलहदा है । वह भेदभाव भरे नागरिकता क़ानून के अग्रणी मोर्चे पर रहा लेकिन इस आंदोलन में उसने मुस्लिम सांप्रदायिक संगठनों से दूरी बनाए रखी ।

अगर आप नौजवान हैं, क्रांतिकारी तेवर के हैं, मुसलमान हैं तो फिर उमर ख़ालिद की ग़िरफ़्तारी का आप क्या अर्थ निकालेंगे ? अब आप ये तो नहीं कर सकते कि ना कि नौजवान ही ना रहें । शायद आप युवा के स्वाभाविक बगावती मिजाज़ से भी समझौता नहीं कर सकते और आप ये तो निश्चित ही नहीं चाहेंगे कि अपनी मुस्लिम पहचान से मुँह मोड़ लें, वो भी डर के मारे. जो आप ये सब नहीं करते तो फिर आपके पास विकल्प ही क्या बचता है ?

हो सकता है, उमर ख़ालिद की ग़िरफ़्तारी उसके लिए व्यक्तिगत त्रासदी ना हो, जैसा कि लोकमान्य तिलक ने कहा था, शायद सच यही हो कि आज़ाद रहने के बजाय जेल की कोठरियों में बंद होने से उसकी आवाज़ ज़्यादा गूँजे । ऐसा हो सकता है कि वह इस क़ैद के चलते देश का नायक बनकर उभरे, जिसका वो हक़दार भी है । लेकिन त्रासदी यह है कि उमर ख़ालिद की ग़िरफ़्तारी से भारतीय मुसलमानों की एक पूरी युवा पीढ़ी के लिए गरिमामय और लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज़ उठाने का दरवाज़ा मानो बंद हो गया है । दर असल यह त्रासदी उमर ख़ालिद के साथ नहीं, भारत के स्वधर्म के साथ घटित हुयी है” । -  दि प्रिंट, 17 सितम्बर 2020   

           योगेंद्र यादव का यह लेख ऐसे समय में आया है जब शाहीन बाग के बाद हुये दिल्ली दंगों के आरोप में उमर ख़ालिद को ग़िरफ़्तार किया गया है । यह आरोप सही भी हो सकता है और ग़लत भी । जेलयात्रा इन लोगों के लिए एक ऐसा मंच है जो उन्हें रातोरात सात समंदर पार तक चर्चित कर देता है और किसी राजनीतिक दल से टिकट पाने का सुपात्र भी बना देता है । ख़ैर, हम चाहते हैं कि उमर पर लगाये गये आरोप वास्तव में गलत हों और उसे शीघ्र ही जेल से मुक्ति मिल जाय ।    

शायद पिछले साल ही या उसके पहले ...उमर ख़ालिद की उपस्थिति बस्तर में भी देखी गयी थी । मुझे योगेंद्र यादव के इस क्रांतिवीर से मिलने की तनिक भी इच्छा नहीं हुयी थी । बस्तर जे.एन.यू. वालों के लिए एक तीर्थस्थल बन गया है जहाँ से वे अपने आंदोलनों के लिए ऊर्जा प्राप्त करते हैं । उन्हें पालघर जैसी दुर्दांत घटनाएँ द्रवित नहीं करतीं और न उसमें उन्हें कोई अन्याय दिखायी देता है ।

          योगेंद्र यादव का क्रांतिवीर “दलित, आदिवासी, ओबीसी तथा महिलाओं आदि की दयनीय दशा से” प्रेरित होकर  “मुस्लिम समुदाय की वंचना” के लिए “अपने समुदाय” की ओर से आवाज़ उठाने के कारण जेल में डाल दिया जाता है जिसके परिणाम स्वरूप उसकी आवाज़ और भी बुलंदी से गूँजने की कल्पना के साथ योगेंद्र जी उसे भारत का एक भावी नायक प्लांट करते हैं । मोतीहारी वाले मिसिर जी को योगेंद्र यादव की बात में “दलित, आदिवासी, ओबीसी तथा महिलाओं आदि” का उल्लेख एक अनावश्यक गोटा लगता है जिसका उद्देश्य केवल भोलेभाले आम नागरिकों को ठगने और भारतीय समाज को बाँटने के अतिरिक्त और कुछ नहीं है ।

योगेंद्र यादव ने क़माल की बात की है ...उमर ख़ालिद प्रेरित तो होता है “दलित, आदिवासी, ओबीसी तथा महिलाओं आदि की दयनीय दशा से” किंतु वह उनके लिए आवाज़ न उठाकर “अपने समुदाय” के लिए आवाज़ उठाता है । मिसिर जी पूछते हैं – “...तब “दलित, आदिवासी, ओबीसी तथा महिलाओं आदि की दयनीय दशा” सुधारे खातिर आवाज़ के उठाई ? दूसर बात ई के दयनीय दशा बा “दलित, आदिवासी, ओबीसी तथा महिलाओं आदि की” लेकिन तोहार नायक आवाज़ उठावता आपन मुस्लिम समुदाय के ।...मने कैंसर के रोगी बा रमेसर दलित आ इलाज़ करबा नसीरुद्दीन के! गज़ब के किरांती बा तोहार ।”

          योगेंद्र यादव जैसे लोग बातों में गोटा लगा कर उनकी प्रदर्शिनी लगाने में दक्ष होते हैं ...बाजार में माल बेचने के लिए उसका गोटेदार होना माक़ूल होता है । मुस्लिम समुदाय की आवाज़ का वज़न बढ़ाने के लिए उसमें “दलित, आदिवासी, ओबीसी तथा महिलाओं” का गोटा लगाना आवश्यक है । 

           “अपने समुदाय” की वंचना और बेहतरी के लिए मोहम्मद अली ज़िन्ना ने भारत का बँटवारा करवा लिया । लालच और बढ़ा तो युद्ध करके कश्मीर और बलूचिस्तान भी छीन लिया । मोहम्मद अली ज़िन्ना “अपने समुदाय” के लोगों की बेहतरी के लिए एक अलग घर पाकर ख़ुश तो थे किंतु संतुष्ट नहीं । अब शेष बचे भारत में उमर ख़ालिद को “अपने समुदाय” के लोगों की बेहतरी के लिए क्रांतिवीर बनने की आवश्यकता आन पड़ी है । योगेंद्र यादव चिंतित हैं कि भारत के ऐसे उभरते नायक को जेल में क्यों डाल दिया गया है? योगेंद्र यादव इस बात से बिल्कुल भी चिंतित नहीं हैं कि पालघर में दो संतों और उनके वाहन चालक की पीट–पीट कर नृशंस हत्या क्यों कर दी गयी ? शायद इसलिए क्योंकि वे संत उमर ख़ालिद के “अपने समुदाय” से सम्बंधित नहीं थे ।

मोतीहारी वाले मिसिर जी इस बात से हैरान हैं कि बँटवारे के बाद भी मुस्लिम समुदाय के लिए चिंतित रहने वाले ग़ैरमुस्लिम लोग आख़िर अन्य समुदायों के लिए चिंतित क्यों नहीं होते ? उन्हें यह भी हैरानी होती है कि धर्मनिरपेक्ष देश के लोग समुदायों की बात छोड़कर भारतीय नागरिकों की बात करना आख़िर कब प्रारम्भ करेंगे ?

चलते-चलते …

मूल्यांकन की एक बेहतरीन बानगी –

दुनिया के एक सौ प्रभावशाली लोगों में अपना नाम सम्मिलित करवाने के लिए आपको केवल इतना करना होगा –

1-      भारत के संविधान का विरोध करें, कैमरा सामने हो तो संविधान की प्रति फाड़ कर उसमें आग लगा दें ।

2-      किसी महानगर के व्यस्त चौराहे को कई महीने के लिए जाम कर दें । 

एक और विश्वयुद्ध की आहट...

रणभूमि की बंजर खेती में शांति के बीज बोते रहना सभ्य समाज की प्रगतिशील आवश्यकता है । हम बिना युद्ध के नहीं रह सकते । हम या तो शीत युद्ध कर रहे होते हैं या फिर वास्तविक युद्ध । शीतयुद्ध वास्तविक युद्ध के लिए उर्वर भूमि तैयार करते हैं, और वास्तविक युद्ध अगले शीतयुद्ध की सम्भावनायें बोते हैं ।

इस समय चीन और पाकिस्तान भारत पर आक्रमण के लिए उतावले हो रहे हैं । चीन पाकिस्तान को छोड़कर अपने सभी पड़ोसी देशों को निगल जाने के लिए तैयार है । अमेरिका, ईरान, रूस और आस्ट्रेलिया भी युद्ध में कूदने को तैयार बैठे हैं । युद्ध का संश्लेषण अपने चरम की ओर है और यदि युद्ध हुआ तो एक-दूसरे के संसाधन हथियाने के लिए एक-दूसरे के संसाधनों को नष्ट करने की होड़ लग जायेगी ।

प्राकृतिक संसाधनों को हथियाने की होड़ में सभ्य समाज के उन्नत राष्ट्राध्यक्ष दुष्टता और क्रूरता की सारी सीमायें छिन्न-भिन्न करके वैभव का साम्राज्य खड़ा करना चाहते हैं । यह मनुष्य की आदिम भूख है ।   

सामाजिक और राजनीतिक अनुकूलन सत्ताधीशों की सार्वकालिक आवश्यकता हुआ करती है । आपको याद होगा, पश्चिम की नयी-नवेली औद्योगिक क्रांति ने दुनिया के कई समीकरणों को बदल कर रख दिया था । कूटनीतिक वार्तायें असफल हुयीं और सभ्य लोगों में युद्धों का एक असभ्य सिलसिला प्रारम्भ हो गया था ।  

यह बीसवीं शताब्दी की शुरुआत थी जब सत्ताधीशों ने “द वार टु एण्ड आल वार्स” के आश्वासन के साथ जुलाई 1914 से नवम्बर 1918 तक लाखों लोगों का ख़ून बहा दिया । किंतु न तो वह “द एण्ड ऑफ़ द वार” था और न उससे किसी तरह की शांति की स्थापना हो सकी, कुछ ही साल बाद ख़ून फिर बहा । किंतु वह भी लास्ट वार फ़ॉर पीस नहीं हो सका । शायद यह किसी उम्मीद से अधिक एक ज़िद थी ...ठीक उसी तरह की ज़िद जैसी कि मध्य एशिया से प्रारम्भ होकर आज पूरी दुनिया में व्याप्त हो चुकी “वार फ़ॉर पीस” की धूर्ततापूर्ण आतंकवादी अवधारणा । 

प्रथम विश्व युद्ध के बाद भी युद्धों का सिलसिला कभी थमा नहीं । फ़िनिश सिविल वार (27 जनवरी 1918 से 15 मई 1918 तक) के बाद द्वितीय विश्वयुद्ध प्रारम्भ हुआ जो 1 सितम्बर 1939 से 2 सितम्बर 1945 तक तबाही मचाता रहा ।

इस बीच यह दुनिया विंटर वार (नवम्बर1939 से मार्च 1940), ग्रेट पैट्रियाटिक वार (22 जून 1941 से 9 मई 1945), बैटल ऑफ़ मिडवे (4जून 1942 से 7जून 1942), बैटल ऑफ़ द बल्ग (दिसम्बर 1944 से जनवरी 1945), कोरियन युद्ध (जून 1950 से जुलाई 1953), वियतनाम युद्ध (नवम्बर 1955 से अप्रैल 1975), भारत-पाकिस्तान युद्ध, भारत चीन युद्ध और सीरिया गृहयुद्ध से तबाह होती रही है, …और बुद्ध हर बार नेपथ्य में कहीं धकेल दिये जाते रहे हैं । 

आज एक बार फिर हम युद्ध के मुहाने पर हैं । तबाही के अत्याधुनिक और महाघातक आयुध धरती, आकाश और जल में मानवीय तबाही के साथ-साथ पर्यावरण और जैवविविधता को भी तबाह करने के लिए सजने लगे हैं । इस बार कोई अर्जुन दिखाई नहीं देता जो यह कह सके कि– “यदि इतनी तबाही होने वाली है तो यह युद्ध जीत कर भी हम विजित नहीं बल्कि वंचित और पराजित ही होंगे” ।   

बुद्ध की तलाश...

 

बस्तर के लोगों को इस बात का पूरा यक़ीन है कि जिस दिन स्वतंत्र भारत की पुलिस ने राजा के महल में घुस कर निहत्थे राजा को गोलियों से भून डाला था उसी दिन से बस्तर की देवी रूठ गयी है ।

सरकारें आती हैं, सरकारें जाती हैं, क्रांति हो रही है, गोलियाँ चल रही हैं, …पढ़े-लिखे लोग इसे ही “वार फ़ॉर पीस” कहते हैं । पूरब में पश्चिम को रोप दिया गया है और बुद्ध के देश में बुद्ध की तलाश अब कोई नहीं करता! 

मोतीहारी वाले मिसिर जी कहते हैं –“ए हो मरदे! हमरा के बुड़बक मत बनावा, बंदुकिया से सांती निकलेला के धुआँ निकलेला!”

पिछले कई दशकों से शांत बस्तर को दहशत का पर्याय बनाने की कोशिशें होती रही हैं । कई दशक पहले बंगाल का नक्सलवाड़ी गाँव अशांत हो गया था, अशांति के विरुद्ध क्रांति हुयी जो धीरे-धीरे पूरे देश में फैल गयी । क्रांति आज भी हो रही है, नक्सलवाड़ी गाँव आज भी अशांत है । पूरा देश अशांत है और माओवादी क्रांति कभी-कभी चुपके से आकर कहीं भी अपने क्रूर हस्ताक्षर करके चली जाती है ।

बस्तर के जंगलों में अब बारूद की गंध आने लगी है । कभी-कभी एक चीख के साथ गरम-गरम लहू बहता है, कुछ देर के लिए आयी दहशत पूरे जंगल में ख़ामोशी परोस देती है । अगली सुबह ठहरी हुयी हवायें चलने लगती हैं, शंकिनी-डंकिनी नदियों का पानी यथावत बहता रहता है और ज़िंदगी एक बार फिर ठुमकने लगती है ।   

दशकों पहले शांत बस्तर के जंगलों में बहुत ज़्यादा पढ़े-लिखे कुछ लोग आये, उन्होंने ढपली बजाकर अन्याय और न्याय के गीत गाते हुये एक दिन भोले बस्तरियों के हाथों में बारूद थमा दी । अन्याय जो नहीं था, अब होने लगा है । न्याय, जिसके सपने दिखाये गये थे अब सपनों में भी दिखायी नहीं देता । पता नहीं कब नक्सलवाड़ी गाँव की क्रांति नक्सलवाद से होती हुयी माओवादी रक्तक्रांति में रूपांतरित हो गयी और सत्ता को पता भी नहीं चला ।

इन कुछ दशकों में बारूद की गंध जंगल में छाने लगी और बस्तर की मैना आख़िर एक दिन रूठ ही गयी । जंगल के बहुत से जीव-जंतु अब दिखायी नहीं देते किंतु इंद्रावती और महानदी की जलधारायें आज भी उनकी प्रतीक्षा करती हैं, शालवनों का द्वीप आज भी गमकता है, मधुमक्खियाँ आज भी बड़े-बड़े छत्तों में शहद जमा करती हैं, कोसा ककून बनाने वाली तितलियाँ आज भी जहाँ-तहाँ मँड़राती हैं, बुधिया आज भी पत्थर की सिल पर लाल चीटों की चटनी पीसती है, तीरथगढ़ के जलप्रपात में आज भी चेलक और मोटियारिन को स्नान करते हुये देखा जा सकता है, …सियासत न हो और मैना वापस लौट आये तो बस्तर आज भी ख़ूबसूरत है ...उतना ही जितना कि कुछ दशक पहले था ।

जंगल के लोग आपस में एक-दूसरे से पूछने लगे हैं – “शाल वन के द्वीप में यह कौन घुस आया है, क्यों घुस आया है? हमें हमारे हाल पर क्यों नहीं छोड़ दिया जाता”?

बहुत ज़्यादा पढ़े-लिखे लोग जंगल में उग रहे प्रश्नों की झाड़ियों से बच कर निकल जाने के अभ्यस्त हो गये हैं । शालवनों का द्वीप अब प्रश्नवनों का द्वीप हो गया है । जंगल को मालुम है कि दिल्ली की सर्द रातों में उसके प्रश्नों की झाड़ियों को सुलगाकर वहाँ के महलों को गर्म रखा जाता है । जंगल को यह भी मालुम है कि दिल्ली के महलों में आग तापते लोग बैंकों के निजीकरण की और घोटुल के सरकारीकरण की महत्वाकांक्षी योजनायें बनाने में व्यस्त हैं, उन्हें जंगल से बात करने का कभी समय नहीं मिला करता ।

इधर, दिल्ली से लगभग सत्रह सौ किलोमीटर दूर नारायणपुर के मेले में आज भी रिलो-रिलो के गीत रात के अँधियारे में चेलक को गुदगुदाते हैं । बारूद का धुआँ न हो तो बस्तर के घोटुल अँगड़ाई लेकर फिर से उठ खड़े होने के लिए तैयार हैं । आपने कभी तनिक भी ध्यान दिया होता तो आपको पता चल जाता कि फागुन में आज भी जंगल के पलाश श्रृंगार करके आपकी राह देखते रहते हैं और सल्फी के झाड़ पर लटकते विशाल झुमके पहले की तरह आज भी आपको आमंत्रित करते हैं । आप एक बार बस्तर आइये तो सही!