शुक्रवार, 20 सितंबर 2024

सेक्युलर पूजा-पाठ और प्रसादम्

“आराधना के लिए उलेमा की अनुमति”

एक उलेमा की आज्ञप्ति है कि गणेश पंडाल लगाने वाले लोगों को पहले उलेमाओं से अनुमति लेनी चाहिए। बिना उलेमा की अनुमति के गणेश पंडाल नहीं लगाया जा सकता । हिन्दुओं की पूजा-पाठ को भारत में सेक्युलर बनाने का यह प्रयास प्रशंसनीय है । जवाहरलाल की आत्मा को सुख-शांति और संतोष प्रदान करने के लिए उलेमा साहब को धन्यवाद ! 

मोहनदास के सपनों के देश में हिन्दुओं को पल-पल यह अनुभूति होती रहनी चाहिए कि वे नराधम हैं और उन्हें स्वाभिमानपूर्वक जीने का कोई अधिकार नहीं है । धर्मनिरपेक्ष देश में हिन्दुओं को हर काम के लिए मुस्लिम नेताओं/उलेमाओं और इस्लामिक स्कॉलर्स से अनुमति प्राप्त करने का अधिकार दिया जा रहा है यही क्या कम है ! “फ़ादर ऑफ़ द नेशन” मोहनदास की यही व्यवस्था है जो अब अपने पूरे स्वरूप में प्रकट हो चुकी है 

*प्रसादम् में सुअर की चर्बी*

तिरूपति बालाजी मंदिर में भोग और प्रसादम् के लिए बनाये जाने वाले लड्डू के लिए प्रयुक्त घी में वानस्पतिक तेलों की मिलावट के साथ ही टैलो (पशुओं की चर्बी), मछली का फैट और लार्ड (सुअर की चर्बी) की पुष्टि लैबोरेटरी की जाँच में हुयी है जिससे यह प्रमाणित हो चुका है कि भगवान को लगाये जाने वाले भोग और भक्तों को प्राप्त होने वाले प्रसादम् को अब पूरी तरह सेक्युलर बना दिया गया है । अब सभी सेक्युलर लोग बिना किसी झिझक के इस प्रसादम् का सेवन कर सकते हैं ।

*वामपंथियों को बधाई! यही है असली सार्वभौमिक सेक्युलरिज़्म, सेक्युलर अनुष्ठानम्, सेक्युलर भोगम् और सेक्युलर प्रसादम् । पशुओं के फैट्स के नाम पर वर्गीकरण करके उनके साथ नस्लीय भेदभाव करना पशुओं के साथ क्रूरता करना है, जो नहीं होना चाहिए ।*

खाद्यपदार्थों में भी शाकाहार और मांसाहार जैसा भेदभाव लोकतांत्रिक सिद्धांतों, भाईचारे और संविधान के विरुद्ध है । सेक्युलर सरकारों के निर्देशन में मंदिर प्रबंधन समिति द्वारा यह भेदभाव समाप्त कर दिया गया है । यही व्यवस्था बिहार, बंगाल, दिल्ली आदि अ-भाजपाई राज्यों में भी होनी ही चाहिए ।

दक्षिण भारतीय मंदिरों का नियंत्रण राज्य सरकारों के पास है और मंदिर प्रशासन समिति में अन्य मतावलम्बी सेक्युलर्स को भी रखा गया है, यही कारण है कि मंदिरों को धर्मनिरपेक्ष बनाने में सफलता प्राप्त हो सकी है जिसके लिए सभी सनातन विरोधी सेक्युलर्स बधाई के पात्र हैं । बस, एक ही अनुरोध है *कि मंदिरों की तरह मस्जिदों, चर्चों और सिनेगॉग आदि को भी सरकार अपने नियंत्रण में लेकर उनकी प्रशासन/प्रबंधन समिति में सनातनियों की नियुक्ति करे जिससे सभी पूजा-आराधना स्थलों में एकरूपता लायी जा सके और उन्हें भी सेक्युलर स्वरूप प्रदान कर दिया जाय ।*

साथ ही यह भी विनम्र निवेदन है कि भगवान भी सेक्युलर होने चाहिए, कुछ बहुत भले चित्रकार देवी-देवताओं के नग्न और विकृत चित्र बनाकर उनमें देवत्व के दर्शन कर लिया करते थे उस विधा को व्यापक किया जाना चाहिए साथ ही उस विधा में अन्य मतों के भी आराध्यों के नग्न और विकृत चित्र सम्मिलित किये जाने चाहिए जिससे भगवान लोग भी पूरी तरह सेक्युलर हो जाएँ । सामाजिक न्याय, विविधता, भाईचारे और संविधान की रक्षा के लिए यह सब आवश्यक ही नहीं अपरिहार्य भी है ।

कितनी कश्मीरियत

                कश्मीर के पंपोर, त्राल, पुलवामा, राजपोरा, जैनापोरा, शोपियाँ, कुलगाम, अनंतनाग, पहलगाम, किश्तवाड़, भद्रवाह, डोडा आदि विधानसभा क्षेत्रों में प्रथम चरण का मतदान सम्पन्न हो गया । दृश्य-श्रव्य संचार माध्यम के लोगों ने स्थान-स्थान पर मतदाताओं से जो चर्चा की वह हतप्रभ कर देने वाली है । इस आधार पर कश्मीर के मतदाताओं को दो वर्गों में देखा जा सकता है – एक वर्ग में श्रमिक, प्रौढ़, राजनीतिक दलों से जुड़े और भारतविरोधी लोग सम्मिलित हैं जबकि दूसरे वर्ग में शिक्षित, युवा और विवेकशील लोग सम्मिलित हैं । प्रथम वर्ग के वक्तव्य विचित्र, विरोधाभासी और पूर्वाग्रही हैं –   

“....धारा तीन सौ सत्तर ही तो हमारी पहचान है, उसे ही समाप्त कर दिया तो अब बचा ही क्या! जब धारा ३७० थी तब सब अमन चैन था, पर हालात बहुत ख़राब थे, मिलिटेंसी थी, लोग घर से बाहर नहीं निकलते थे, बच्चे स्कूल नहीं जाते थे । मोदी के आने से नौकरी समाप्त हो गयी, किसी को भी पकड़ कर मार दिया जाता है ।“

“हमें ३७० वापस चाहिए, उससे नौकरी मिलेगी और अमन चैन वापस आयेगा । पहले पत्थरबाजी होती थी, अभी नहीं होती, पर इसमें अच्छा क्या हुआ! सब कुछ तो वैसा ही है । हमें पहले जैसा ही चाहिए, अभी जैसा नहीं चाहिए । मोदी ने महँगाई कर दी, पहले अब्दुल्ला के समय महँगाई ज्यादा थी, अभी कम है पर हमें पहले जैसा ही चाहिए, मोदी नहीं चाहिए, स्टेटहुड चाहिए और अब्दुल्ला चाहिए । अब्दुल्ला हमारा है, मोदी तो इंडिया का है.. बाहरी है, वो नहीं चाहिये ।“

“अभी बच्चे स्कूल जाते हैं, पहले नहीं जाते थे, पर इससे क्या होता है! हमें पहले जैसा ही चाहिए । जब अब्दुल्ला था तब शांति नहीं थी, अभी शांति है, हमें और शांति चाहिये इसलिए अब्दुल्ला की सरकार को ही लायेंगे, मोदी को हटाना है ।“

इससे भी अद्भुत यह है कि कश्मीर के कुछ हिंदू भी अब्दुल्ला, महबूबा और धारा ३७० ही चाहते हैं, कोई और नहीं । इस तरह के लोग और उनके वक्तव्य बहुत कुछ सोचने को विवश कर देते हैं। यह हमने कैसा भारत बनाया है! जिस कश्मीरियत की बात की जाती है वह इन लोगों के वक्तव्यों में कहाँ है ? फ़ारुख़, उमर अब्दुल्ला, महबूबा और बुरहान वानी में केंद्रित आम आदमी की सोच को कश्मीरियत कैसे मान लिया जाय!

अब तो पूरे भारत के सामने यह स्पष्ट हो चुका है कि कश्मीर में इतने वर्षों से आतंकवाद क्यों फलता-फूलता रहा है । कौन हैं वे लोग जो पाकिस्तानी आतंकियों को छिपने के लिए स्थान और खाने के लिए भोजन देते रहे हैं ! कौन हैं वे लोग जो सेना पर पथराव करते रहे हैं !

*कश्मीरियों का यह वंचित वर्ग ब्रेनवाश्ड है या कन्फ़्यूज़्ड है या भले-बुरे में अंतर कर पाने में असमर्थ है, या पाकिस्तान का हथियार है या.... जो भी हो इतना तो अब स्पष्ट है कि कश्मीर के नर्क के लिए केवल और केवल ऐसे कश्मीरी ही उत्तरदायी है।* जहाँ के लोगों का बौद्धिक स्तर ऐसा हो वहाँ पर्यटन के लिए कौन जाना चाहेगा?

कश्मीरियों का दूसरा वर्ग शिक्षित, युवा और प्रगतिवादी है । वह विकास और शांति के लिए धारा ३७० की नहीं, नये कश्मीर की माँग करता है, मोदी के शासन पर भरोसा करता है ...पर ऐसे लोगों की संख्या है ही कितनी?

बुधवार, 18 सितंबर 2024

प्रजनन, त्रिगुणात्मक प्रकृति और काल (चतुर्युग)

            जीवों में होने वाला प्रजनन प्रकृति की अनिवार्य प्रक्रिया है जो वैकारिक और मानवकृत कारणों से प्रभावित होती है, इसीलिए मनुष्य में लैंगिक असंतुलन ही नहीं, नृवंशीय (Ethnographic) और जातीय (Racial) असंतुलन भी देखने को मिलते हैं ।

जीवनयापन के सीमित संसाधनों के कारण जनसंख्या वृद्धि को और नारी सुरक्षा पर छाये रहने वाले पुरुषकृत संकटों के कारण लैंगिक असंतुलन को आधुनिक सभ्यता का अभिषाप माना जा सकता है । कुछ लोग जनसंख्यावृद्धि को अभिषाप माने जाने से सहमत नहीं हैं, वे जनसंख्या वृद्धि को ईश्वरीय उपहार मानते हैं । हमने अपने बड़े-बूढों के मुँह से “दूधों नहाओ, पूतों फलो” का आशीर्वाद देते हुये सुना है । यह जानने की उत्सुकता हो सकती है कि क्या अन्य युगों में भी मानव प्रजनन से सम्बंधित समस्यायें हुआ करती थीं ? हमने त्रेतायुग में राजा दिलीप, राजा दशरथ और द्वापर में राजा पांडु के इस समस्या से ग्रस्त होने की कहानियाँ पढ़ी हैं । अर्थात प्रजननिकी हर युग में एक समस्या रही है, इसलिए इस समस्या को उत्पन्न और प्रभावित करने वाले कारणों पर भी चिंतन-मनन और शोध कार्य किये जाते रहे हैं ।

प्रजनन को प्रभावित करने वाले शरीर-रचनात्मक और शरीर-क्रियात्मक कारणों के अतिरिक्त कुछ अन्य भी महत्वपूर्ण घटक हैं जिन पर आधुनिक शोधार्थियों का ध्यान गया है, इनमें जीवनशैली एक प्रमुख घटक है ।

डॉक्टर श्रीमती के.पी. सिंह ने जनसांख्यिकी और मानव प्रजनन पर केद्रित एक अध्ययन में जाति, सम्प्रदाय, आर्थिक, शैक्षणिक, पारम्परिक और आधुनिक जीवन मूल्यों ...आदि घटकों को भी कार्यकारी पाया । उनके अध्ययन से यह संकेत मिलता है कि निर्धन, श्रमिक वर्ग, अल्पशिक्षित, अशिक्षित, सवर्णेतरहिन्दू और मुस्लिम सम्प्रदाय के लोगों में प्रजननिकी का स्तर बहुत अच्छा है जबकि आर्थिकरूप से सम्पन्न, उच्चशिक्षित और सवर्णहिन्दुओं में प्रजननिकी का स्तर अपेक्षाकृत न्यून है ।

तथाकथित सेक्युलर एवं वामपंथियों को अपने वक्तव्यों पर एक बार पुनः विचार करने की आवश्यकता है जो धर्म, सम्प्रदाय, जाति और वर्ण पर आधारित किसी भी वर्गीकरण को आधारहीन, अवैज्ञानिक और समाज को बाँटने वाला मानते हैं । मोतीहारी वाले मिसिर जी मानते हैं कि – “कुछ भी अवैज्ञानिक नहीं होता, अवैज्ञानिकता भी वैज्ञानिकता का ही एक दूसरा पक्ष है । यदि कोई सकारात्मक पक्ष वैज्ञानिक है तो कोई नकारात्मक पक्ष अवैज्ञानिक कैसे हो सकता है! सकारात्मकता और नकारात्मकता के बारे में हम सबके भिन्न-भिन्न दृष्टिकोण हो सकते हैं । किसी पक्ष की स्वीकार्यता और अस्वीकार्यता भिन्न-भिन्न हो सकती है, किंतु इस आधार पर किसी पक्ष को अवैज्ञानिक नहीं माना जा सकता । क्या झूठ, अंधकार, हत्या, अपराध, रुग्णता... आदि नकारात्मक घटनायें अवैज्ञानिक हैं ? क्या कार्य और कारण का सम्बंध अवैज्ञानिक है ? वास्तव में वैज्ञानिकता और अवैज्ञानिकता का बोध मनुष्य की भौतिक सीमाओं का परिणमित बोध है”।

डॉक्टर श्रीमती के.पी. सिंह के शोध-अध्ययन के बाद मनुष्य की त्रिगुणात्मक प्रकृति (सत, रज एवं तम), चतुर्युग, शासनप्रणाली (चीन और जापान के संदर्भ में) और संख्या आधारित निर्वाचन प्रणाली जैसे घटकों के “प्रजननिकी पर प्रभाव” पर भी शोध किये जाने की आवश्यकता है ।

शनिवार, 14 सितंबर 2024

नोबल पुरस्कार सम्मान या क्रूरता का प्रतीक

            “मैं कश्मीर से कहना चाहता हूँ कि आज़ादी के लिए तैयार रहो । मैं पाकिस्तान और अफ़ग़ानिस्तान से कश्मीर का समर्थन करने, कश्मीर की आज़ादी के लिए काम करने का आह्वान करता हूँ । पाकिस्तान, अफगानिस्तान से मैं कहना चाहता हूँ कि तुम कश्मीर की मदद करो, कश्मीर की आज़ादी के लिए काम करो । तौहीद के झण्डे ज़ल्द ही दिल्ली की शाही मस्ज़िद पर लहरायेंगे” –जसीमुद्दीन रहमानी, बांग्लादेश के इस्लामिक नेता ।

नोबल पुरस्कार विजेता बांग्लादेशी मोहम्मद यूनुस द्वारा वहाँ के कट्टर साम्प्रदायिक नेता जसीमुद्द्दीन रहमानी को हाल ही में जेल से मुक्त किया गया है जिसने ममता बनर्जी से भारत से बंगाल की आज़ादी की घोषणा करने की माँग की है । भारत और हिन्दूविरोधी मोहम्मद यूनुस के कार्यवाहक प्रधानमंत्री बनते ही बांग्लादेश में हिन्दूनरसंहार की क्रूरता और भी बढ़ती चली गयी जिसे रोकने का उसके द्वारा कोई प्रयास नहीं किया गया । यूनुस जैसे क्रूर और विघटनकारी व्यक्ति को नोबल पुरस्कार प्रदान किया जाना और अभी तक उसे वापस न लिया जाना “नोबल-पुरस्कार चयन प्रक्रिया” को दूषित और अपमानित करता है । मोहम्मद यूनुस के कारण नोबल पुरस्कार अब सम्मान का नहीं क्रूरता का प्रतीक बन गया है । 

बांग्लादेश के इस्लामिक नेता जसीमुद्दीन रहमानी ने भारत को खण्डित करने के लिए खुले मंच से पाँच घोषणायें की है –

1-    ख़ालिस्तान आंदोलन को सहयोग करने की कसम खाने की घोषणा ।

2-    जम्मू-कश्मीर की आज़ादी और उसमें पाकिस्तान और अफ़गानिस्तान को सम्मिलित करने की घोषणा ।

3-    पश्चिम बंगाल को भारत से मुक्त कराने की घोषणा ।

4-    चीन के सहयोग से सिलीगुड़ी गलियारा बंद करने और पूर्वांचल के सात राज्यों को भारत से आज़ाद करने के लिए प्रोत्साहित किये जाने की घोषणा ।

5-    शीघ्र ही दिल्ली की शाही मस्ज़िद पर तौहीद के झण्डे फ़हराये जाने के संकल्प की घोषणा ।

 

भारत के भीतर और भारत से बाहर भारत को खण्डित करने के षड्यंत्रकारियों और योजनाकारों की कमी नहीं है । इस्लाम के नाम पर पूरी दुनिया के अधिकांश मुसलमान एक हो जाते हैं । पश्चिम बंगाल में बांग्लादेशी जसीमुद्दीन रहमानी के समर्थक नहीं हैं ऐसा सोचना आत्मघाती होगा ।

ढीठ ममता की हेकड़ी और वक्फ़ बोर्ड पर हिन्दूप्रतिक्रिया

           उसका आचरण और विचार माओ-जे-दांग की स्मृतियों को ताजा करता है । वह तानाशाह है, और हिंसा एवं क्रूरता में विश्वास रखती है । स्त्री होकर भी वह स्त्रियों के प्रति होने वाली क्रूरता में सहयोगी की भूमिका में पायी जाती रही है । वह अतिमहत्वाकांक्षी है और क्रूरता एवं छल से पूरे भारत की अधिनायक बनना चाहती है । कम से कम ममता के अभी तक के आचरण से यही निष्कर्ष निकलता है ।

ममता अपनी शर्तों पर डॉक्टर्स से बात करना चाहती है जिसका बंगाल के डॉक्टर्स ने बहिष्कार करके बहुत अच्छा उत्तर दिया है । ममता के निरंकुश अहंकार पर यह बहुत बड़ी चोट है, अब वह कुछ भी कर सकती है जबकि मोदी सरकार बंगाल में केवल तमाशा देखने में लगी हुयी है ।

बंगाल ही नहीं पूरे देश में अपराधियों और सत्ता के गठबंधन ने न्याय और व्यवस्था को चुनौती दे रखी है । आम आदमी पार्टी के नेता जेल से बाहर आते ही जनता के बीच जाकर न्यायालय के निर्णय की भ्रामक और कई बार पूरी तरह मिथ्या व्याख्या करते हैं, इस तरह की व्याख्याओं से न्यायालयों को अपने निर्णयों की अवमानना का अनुभव क्यों नहीं होता, क्या यह अपराध की श्रेणी में नहीं आता ? यदि यह अपराध नहीं है तो यह न्यायालयीन प्रक्रियाओं के साथ बहुत बड़ा परिहास है ।   

भारत में किसी को कानून का भय नहीं है, किसी को अपराध और क्रूरता करने से रोक पाने या दण्डित कर पाने में सारी व्यवस्थायें निष्फल हैं । पाकिस्तान से संचालित ट्रेन जिहाद भारत में प्रारम्भ हो चुका है, अलगाववादी कट्टरपंथियों को जेल में डालने से सरकारें घबराती हैं और आम आदमी का शांतिपूर्वक जीना दूभर हो गया है ।

सोमवार को बारावफ़ात है और सुरक्षा की व्यवस्थायें की जा रही हैं, किंतु जो होना तय है उसे रोक पाना किसी के वश में नहीं है, ऐसा क्यों है ? हिन्दू अपने पूर्वजों के लाखों वर्ष पुराने देश में सुरक्षित क्यों नहीं है ? इसका उत्तर कौन देगा ? क्या कोई हमें सत्ता के औचित्य को समझायेगा!

हिन्दूहितों की बलि चढ़ाने के लिए वक्फ़ बोर्ड को कांग्रेस सरकार द्वारा प्रदत्त असीमित और अन्यायपूर्ण अधिकारों को यथावत् बनाये रखने के लिए मुसलमान पूरी तरह सक्रिय हैं, वहीं हिन्दू समाज, जो कि पीड़ित पक्ष है, अपेक्षाकृत निष्क्रिय और दूरदृष्टिविहीन है । कम से कम संशोधन बिल के समर्थन और विरोध करने वालों की संख्या के अनुपात से तो यही प्रमाणित हो रहा है । यह बहुत ही निराशाजनक स्थिति है, ऐसे स्वाभिमानशून्य समाज की रक्षा तो ईश्वर भी नहीं करना चाहेगा ।

गुरुवार, 12 सितंबर 2024

मार्क्सवादी ब्राह्मण का देहदान

            बहत्तर वर्ष के सीताराम येचुरी ने आज देहत्याग कर किसी “धर्मविहीन अनीश्वरीय-सत्ता के राज्य” में प्रवेश हेतु प्रस्थान किया । मार्क्सवादी परिवार के सॉफ़्ट कामरेड दुःखी हुये, हार्ड कामरेड भीतर ही भीतर प्रसन्न हुये । मैं उनका आलोचक रहा हूँ किंतु उनके महादानी होने का प्रशंसक भी हूँ । देहदान से बड़ा दान और कुछ नहीं हो सकता, यह अनुकरणीय है और प्रशंसनीय भी ।

दृश्य-श्रव्य संचार माध्यमों पर लोगों की कटु टिप्पणियाँ मार्क्सवादी ब्राह्मण के जीवन का मूल्यांकन कर रही हैं । मृत्यु के समय लोगों की अप्रिय टिप्पणियाँ मृतक के जीवन भर की यात्रा का मूल्यांकन करती हैं । सामान्यतः किसी की मृत्यु पर समाज में मिथ्या प्रशंसा करने की लौकिक परम्परा रही है, कटु-टिप्पणियों का प्रचलन नहीं रहा, किंतु यदि यह है तो गम्भीर बात है । रावण, हिरण्यकश्यपु, दुर्योधन आदि की मृत्यु पर आमजनता दुःखी नहीं हुई, प्रसन्न हुई थी ।

अर्थशास्त्री सीताराम येचुरी जी न सीता के थे, न राम के थे वे तो केवल मार्क्स के थे । भारतीय दर्शनों की अपेक्षा कार्ल हेनरिख मार्क्स के दर्शन ने उन्हें प्रभावित किया । पता नहीं उन्होंने भारतीय दर्शन कभी पढ़े भी थे या नहीं, किंतु मेरा विश्वास है कि यदि उन्होंने पढ़े होते तो आज वे भारत के बहुत सफल और सम्माननीय नेता होते ।  

किशोरावस्था में येचुरी जी के भीतर ब्राह्मणत्व (सामाजिक न्याय के लिए परिवर्तन) की जो चिंगारी थी उसने मार्क्स से अपना हव्य प्राप्त किया, जे.एन.यू. में दिशा प्राप्त की और आपातकाल में बंदी होकर भड़क उठी ।

कार्ल मार्क्स के कठोर एवं अव्यावहारिक साम्यवाद ने एक ब्राह्मण की दिशा बदल दी, वह धर्मद्वेषी होकर धर्मनिरपेक्षवादी हो गया और फिर एक दिन भारतीय मूल्यों का विरोधी भी हो गया । येचुरी भारत को जर्मनी और चीन बनाने की दिशा में आगे बढ़ चले । फिर एक समय ऐसा भी आया जब साम्यवादी देश टूटने और बिखरने लगे, उन्हें पूँजीवादी देशों की आर्थिक उदारता के सिद्धांतों को स्वीकार करना पड़ा । निजीकरण और आर्थिक उदारीकरण येचुरी के सामने दो बहुत बड़ी चुनौतियाँ रहीं जिनके कारण वे सी.पी.आई.एम. के कठोरतावादी कामरेड्स से वैचारिक और सैद्धांतिक सामंजस्य नहीं बना सके । आपातकाल में जिस कांग्रेस ने उन्हें बंदी बनाया और जिसके कारण उनकी पीएच.डी. कभी पूरी नहीं हो सकी उसी कांग्रेस से गठबंधन के पक्षधर रहे येचुरी अपने राजनीतिक जीवन में दक्षिणपंथी शक्तियों को साम्प्रदायिक और मानवताविरोधी मानते रहे । उन्होंने जीवन भर स्वयं को धर्मनिरपेक्ष और प्रगतिशील विचारक के रूप में स्थापित करने का प्रयास किया ...और यही उनका सैद्धांतिक भटकाव रहा ।

सामाजिक न्याय और आर्थिक समानता जैसे शब्द बहुत लुभावने और न्यायपूर्ण लगते हैं किंतु इन्हीं शब्दों का ध्वज लेकर चलने वाले लोग एक दिन सामाजिक अन्याय और आर्थिक असमानता के प्रतीक बनते चले जाते हैं । लेनिन और स्टालिन इसके ऐतिहासिक उदाहरण हैं । काश! सीताराम येचुरी मार्क्स की अपेक्षा श्रीराम के होते तो वंचितों, दलितों, कृषकों और वनवासियों के लिए वास्तविक धरातल पर वह सब कुछ कर पाते जो वे करना चाहते थे । 

अमर उजाला ने लिखा – “वामपंथ के युगदृष्टा का निधन; ख़ामोश हो गयी वंचितों, दलितों, किसानों और आदिवासियों की आवाज”।

किसी भी राजनीतिक व्यक्ति के लिए इतने भारी-भारी शब्दों का प्रयोग बहुत ही सावधानी से किया जाना चाहिए अन्यथा यह प्रयोग जनता में मिथ्या संदेश और भ्रम का कारण बनता है । वंचितों, वनवासियों, सामाजिक न्याय और लोकतांत्रिक मूल्यों की शक्ति के प्रतीक तो श्रीराम और श्रीकृष्ण थे । कर्मयोगीश्रीकृष्ण से बड़ा भी कोई साम्यवादी हुआ है आज तक !  

रविवार, 8 सितंबर 2024

समाचार संवेदना और युवा कामसमस्यायें

 समाचार या चटखारे

घटना, दुर्घटना, युद्ध या कोई प्राकृतिक आपदा कितनी भी क्रूर और हृदयविदारक क्यों न हो, दूरदर्शन को छोड़कर अन्य सभी दृश्य-संचार-माध्यमों पर उनके समाचार जिस तरह सुनाये जाने की परम्परा बनती जा रही है, उससे कभी ऐसा नहीं लगता कि समाचार प्रस्तोता का हृदय घटना की क्रूरता से लेश भी प्रभावित हुआ है । उनका सारा ध्यान समाचार को सनसनी बनाने में लगा रहता है गोया किसी बच्चे को कोई कहानी सुनायी जा रही हो इसलिए उनके प्रस्तुतीकरण में संवेदनशून्यता दिखायी देती है जो हमारी कुंद होती संवेदना और पतित होते नैतिक मूल्यों का परिचायक है ।

ऐसे प्रस्तुतीकरण को व्यावसायिक निर्दयता की संज्ञा दी जा सकती है । संवेदनशून्यता, निर्दयता और अवसरवादिता की रही-सही कमी राजनीतिक कबीलों के लोग अपनी टिप्पणियों और आरोपों-प्रत्यारोपों से पूरी कर देते हैं । व्यावसायिकता की ऐसी प्रवृत्ति चिंता का विषय है । हम संवेदनशून्यता के अभ्यस्त होते जा रहे हैं । इसकी छाया समाज पर भी पड़ने लगी है । भीड़ सड़क के किनारे पड़ी हुई घायल और निर्वस्त्र लड़की का वीडियो बनाती रहती है, कोई उसकी सहायता के लिए आगे नहीं आता ।

युवा कामसमस्यायें 

सहज संवेदनाओं के प्रति कुंद पड़ते जा रहे मस्तिष्क का एक अन्य परिणाम मेडीसिन विभाग की ओ.पी.डी. में भी दिखायी देने लगा है । दृश्य-संचार-माध्यमों के धारावाहिकों और विज्ञापनों के कामुक दृश्यों एवं लड़के-लड़कियों के पारस्परिक व्यवहार ने नयी पीढ़ी की प्राकृतिक काम संवेदना को भी कुंद बना दिया है । आप इसे असमय में मस्तिष्क का सैचुरेशन कह सकते हैं । लॉस ऑफ़ लिबिडो और इरेक्टाइल डिसफ़ंक्शन आज के युवाओं की एवं सेक्सुअल अरौसल डिसऑर्डर, ऑर्गैस्मिक डिसऑर्डर, अवर्ज़न टु सेक्स और डिसपरयूनिया लड़कियों की समस्यायें होती जा रही हैं । अब अविवाहित युवकों को भी काउंसलिंग और अफ़्रोडिज़ियक्स की आवश्यकता होने लगी है ।

इन समस्याओं के कारण भारतीय दूरदर्शन आज और भी अधिक प्रासंगिक होता जा रहा है । अब यह किशोरों और युवाओं को तय करना है कि उन्हें दूर-संचार-माध्यमों पर क्या देखना है और क्या नहीं ।