बुधवार, 8 जून 2022

लक्ष्मण रेखा

         भाजपा ने अपने कई सदस्यों को लक्ष्मण रेखा के लिए चिन्हित किया है। लक्ष्मण रेखा, गरिमापूर्ण भाषा और सौम्य विमर्श का स्वागत है। यदि आपके पास तर्क हैं तो शालीनतापूर्वक प्रस्तुत किए गए विमर्श प्रभावी होते हैं, अन्यथा वितण्डा ही होता है । किसी भी स्थिति में सभ्यता, शालीनता और सौम्यता की लक्ष्मण रेखा का उल्लंघन नहीं किया जाना चाहिए। यह सभी के लिए होना चाहिए। किंतु टीवी विमर्श में होने वाली जिस अभद्रता, उग्रता और असभ्यता को हम सब देखते आ रहे हैं वही तो वितण्डावाद का मूल सिद्धांत है, “न श्रुणुतव्यं न मन्तव्यं वक्तव्यं तु पुनः पुनः”-वितण्डावादी उसे कैसे छोड़ सकेंगे! यह सबसे बड़ी चुनौती है जिससे सरकार, मीडिया और जनता सभी को जूझना है। दुर्भाग्य से इस तरह के आचरण और प्रदर्शन पर अंकुश लगाने के लिए आज तक किसी भी स्तर पर कोई प्रयास ही नहीं किया गया।   

टीवी विमर्श में हमने अपने बच्चों के साथ अभद्रता और असभ्यता की सीमाएँ बारम्बार तार-तार होते हुए देखी हैं। क्या ऐसे निरंकुश और अराजक लोगों के लिए भी कोई लक्ष्मण रेखा बनेगी?

मुझे उन सभी टीवी चैनल्स से शिकायत रहती है जो ऐसे असभ्य लोगों को बारम्बार डिबेट के लिए आमंत्रित करते हैं। डिबेट्स में होने वाली निम्नस्तरीय निंदा और कलह को सनसनी की तरह प्रस्तुत कर टी आर पी बढ़ाने वाले टीवी चैनल्स का दायित्व है कि वे विकृत मानसिकता वाले लोगों को मीडिया पर प्रस्तुत करने से परहेज करें। पीएच.डी. कर लेना मनुष्यता का प्रमाण नहीं है, उसके लिए तो अशिक्षित लोग भी पात्र हैं। सभ्य समाज को स्वस्थ विचारों और स्वस्थ विमर्श की आवश्यकता होती है, तू-तू मैं-मैं की नहीं।

टीवी चैनल्स को हाइपरबोल से भी बचना चाहिए, देश में बढ़ती उग्रता के पीछे यह भी एक बहुत बड़ा कारण है। नूपुर शर्मा प्रकरण में मुस्लिम देशों का विरोध एक राजनीतिक प्रक्रिया है, जिसका तार्किक और सफल समाधान सम्भव है किंतु टीवी चैनल्स और विपक्षी दलों ने इस बात का जो बतंगड़ बनाया उससे भारत की छवि ख़राब हुयी है। सरकार को भी चाहिए कि वह धार्मिक तुष्टीकरण से पूर्ण परहेज करे। हम इसके परिणाम देख चुके हैं, धमकियाँ भी सुन चुके हैं। यह भी सुन चुके हैं कि “दुनिया भर के मुसलमान किसी भी देश में क्यों न रहते हों किंतु हम सब एक हैं”। इस्लामियत के लिए मुस्लिम राष्ट्रवाद का यह वास्तविक स्वरूप अन्य धर्मावलम्बियों के लिए अध्ययन और चिंतन का विषय है। और आज की अंतिम बात यह कि नूपुर शर्मा के क्षमायाचना के बाद उस प्रकरण को समाप्त कर दिया जाना चाहिए, मौलाना महमूद मदनी की यह ज़िद कि नूपुर शर्मा और नवीन जिंदल को कानून के दायरे में सजा दी जानी चाहिए, पूरी तरह अनुचित और अपनी शक्ति को प्रदर्शित करने का अस्तरीय तरीका है। तथापि यह नहीं समझा जाना चाहिए कि भारत का सनातनी समाज इस तरह की किसी कानूनी प्रक्रिया का सामना करने से भयभीत है या सच कहने से पीछे हट जाएगा।

अभी अभी... धर्मनिरपेक्ष देश में धर्म पर टिप्पणी करना भाजपा के सदस्यों के लिए वर्ज्य विषय और दंडनीय अपराध घोषित कर दिया गया है। धर्म पर हर तरह की टिप्पणी करने और अमर्यादित अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता के सर्वाधिकार केवल उनके पास सुरक्षित हैं जो भाजपा के सदस्य नहीं हैं।          


मंगलवार, 7 जून 2022

घरेलू धार्मिक शिक्षा

             धर्म एक विज्ञान है, और जीवन की एक कला भी। धर्ममूलक शिक्षा बच्चों को संस्कारवान बनाती है। इसके लिए घर ही सर्वाधिक उपयुक्त पाठशाला है, विद्यालयों में यह सम्भव नहीं। अर्थात बच्चों के संस्कार का 49 प्रतिशत दायित्व माता-पिता पर निर्भर करता है, 50.9 प्रतिशत बच्चे की मौलिक प्रकृत्ति पर और 0.1 प्रतिशत समाज पर। यह मेरा आकलन है, इसमें भिन्नता हो सकती है।  

मैंने अपने बेटे की बालसुलभ जिज्ञासाओं के समाधान के लिए उसे जो बताया वह उसके लिए पर्याप्त नहीं था। मुझे आगे बढ़कर वैशेषिक और सांख्य दर्शन को सामने लाना पड़ा। कुछ समय बाद उसकी जिज्ञासाओं ने फिर सिर उठाना प्रारम्भ कर दिया। मुझे कैमिस्ट्री और फ़िजिक्स को भी सामने लाना पड़ा। बेटा बड़ा हुआ तो उसने अपनी जिज्ञासाओं के समाधान के लिए क्वांटम फ़िज़िक्स को भी खँगाला।

बेटा बाहर रहने लगा, एक बार घर आया तो मुझे लगा कि वह कम्युनिस्ट हो गया है। मैंने परखने का प्रयास किया तो पता चला कि वह निर्गुण ब्रह्म का उपासक है। उसने बताया कि साधक के लिए सगुणब्रह्म की उपासना प्रारम्भिक स्थिति है, अगली स्थिति निर्गुणब्रह्म है। उसकी दृष्टि कृष्ण को एक धार्मिक कम्युनिस्ट के रूप में पहचानती है। मैं उसे धर्मसापेक्ष्य कम्युनिस्ट कहने लगा हूँ।     

राजनीतिक विवशताएँ

         राजनीति बहुत टेढ़ी-मेढ़ी और ऊँची-नीची पगडंडी है। राजनीतिक निर्णयों के बारे में हमारी धारणाओं और विचारों में भिन्नता हो सकती है। राजनीतिक गलियारों में छद्माचारियों के कूट-प्रमाणों और चिल्ल-पों (जिसे वे तर्क कहते हैं उसे यही संज्ञा दी जा सकती है) से जनता के सामने बड़ी भ्रम की स्थितियाँ उत्पन्न होती रहती हैं। उनके निर्णयों और जनता की समझ में तालमेल का हो पाना एक दुर्लभ स्थिति है। तो समझ का यह संकट जनता के सामने भी है जिसके लिए सरकारें और विपक्षी दल दोनों ही कहीं अधिक उत्तरदायी हैं।

व्यक्ति और समाज की समस्याएँ अब धार्मिक ध्रुवीकरण और उसके सहारे सत्ता की छीना-झपटी के चारो ओर बड़ी तीव्रता से घूमने लगी हैं। समाज के आधुनिकीकरण, विकास और आर्थिक सम्पन्नता के साथ यह छीना-झपटी और बढ़ेगी। जनता को बहुत समझदारी और धैर्य के साथ स्वयं और समाज को बचाने के लिए आगे बढ़ना होगा, सरकारों से अधिक यह दायित्व हम सबका है।

तर्क दिया जाता है कि मोदी और योगी की स्थिति “आगे नाथ न पीछे पगहा” वाली है, वे भ्रष्टाचार या छल किसके लिए करेंगे! उनका सदाचार हो या भ्रष्टाचार, निष्ठा हो या छल... जो भी है वह सब समाज और देश के लिए ही तो है।

यह एक वजनदार तर्क है, फिर भी कुछ प्रश्न उठते हैं। दुनिया के किसी देश की आपत्ति पर हम अपने आंतरिक मामलों के निर्णयों को पलट देने के लिए क्यों तैयार हो जाते हैं? हम आस्ट्रेलिया और फ़्रांस की तरह दृढ़तापूर्वक सामना क्यों नहीं कर पाते? हम उनके सामने क्यों झुक जाते हैं जिन्हें यदि चावल न दें तो त्राहि-त्राहि मच जाए? मुस्लिम देश के राष्ट्राध्यक्ष की मृत्यु पर भारत का राष्ट्रध्वज झुका दिया जाता है, प्रधानमंत्री की आँखों से अश्रुप्रवाह होने के समाचार आने लगते हैं किंतु नूपुर शर्मा के मामले में सारे मुस्लिम देश भारत के विरुद्ध एकजुट होकर मुआफ़ी माँगने के लिए अड़ जाते हैं। क्या राष्ट्रध्वज झुकाकर हमने उनके प्रति अपनी चाटुकारिता प्रदर्शित की थी? यदि नहीं तो हमारे आंतरिक मामलों में हस्तक्षेप करने का इन राष्ट्रों का इतना दुस्साहस कैसे हुआ? हम तथ्यों को पूरी दुनिया के सामने स्पष्टता और दृढ़ता के साथ क्यों नहीं रख पाते? हम यह क्यों नहीं बता पाते कि हिन्दुओं को काट डालने और भारत को इस्लामिक देश बनाने जैसी धमकियों का हमारे देश में एक लम्बा सिलसिला है जिसके परिप्रेक्ष्य में इस बेबात की बात को देखा जाना चाहिए! क्या हमारी विदेशनीति इतनी शिथिल है? नूपुर शर्मा और नवीन पर तो निष्कासन की कार्यवाही हो जाती है पर नूपुर का बलात्कार करने और हत्या करने पर एक करोड़ के इनाम की घोषणा करने वाले वकील पर कोई कार्यवाही क्यों नहीं होती? सनातनी देवी-देवताओं पर राणा अयूब और सवा नकवी जैसे सैकड़ों लोगों की अपमानजनक टिप्पणियों को ईशनिंदा क्यों नहीं माना जाता?

मौलाना महमूद मदनी जैसे तमाम मौलानाओं की धमकी पर कोई संज्ञान क्यों नहीं लिया जाता? पञ्जाब में खालिस्तान की आज़ादी का संघर्ष अब खुलकर सड़कों पर आ गया है, आम जनता को लगता है कि इस दुस्साहस का कारण वह प्रोत्साहन है जो लाल किले पर खालिस्तानी झण्डा लहराने की घटना को गम्भीरता से न लेने के कारण उत्पन्न हुआ है। आम जनता को लगता है कि किसान आंदोलन में टिकैत की निरंकुश भूमिका पर कोई कानूनी कार्यवाही न करने और किसानबिल वापस लेने से अराजकतत्व प्रोत्साहित हुये हैं। वे कौन सी विवशताएँ हैं जिन्हें हम समझ नहीं पा रहे हैं और विश्व के इतने बड़े लोकतांत्रिक देश को एक कदम बढ़ने पर दस कदम पीछे पलटने के लिए विवश होना पड़ता है?

ईशनिंदा (जो कि नूपुर शर्मा के ऊपर मिथ्या आरोप है) के विषय पर पूरी दुनिया के मुस्लिम राष्ट्र एक हो कर अपनी मनमानी शर्तें भारत के ऊपर थोप देते हैं, बिना इस बात का परीक्षण किए कि आरोप में कितनी सत्यता है। हम गलत नहीं हैं फिर भी हम इन राष्ट्रों के आगे, …इन ओवेसियों और मौलवियों के आगे क्यों झुकते हैं? मोहन भागवत के सामने ऐसी कौन सी विवशता है जो उन्हें मुसलमानों को अपना भाई मानने किंतु अपने उन्हीं भाइयों द्वारा किए जाने वाले अत्याचारों पर मौन रहने के लिए प्रेरित करती है? “बच्चा-बच्चा राम है गली-गली में सीता है” गाने वाले को नूपुर शर्मा के साथ यौनदुष्कर्म करने की धमकी पर दुःख क्यों नहीं होता, उनका मुँह बंद क्यों हो जाता है? और सबसे बड़ी बात यह कि सदा गहरी नींद में सोई रहने वाली जनता आखिर इस बार अपनी असुरक्षा और आसन्न संहार को लेकर इतनी उद्वेलित क्यों है? 

भारतीयता क्यों नहीं

         वे भारत के पुरातात्विक सत्य को नहीं मानते, भारत के इतिहास को नहीं मानते, अपने सनातनी पूर्वजों को नहीं मानते, भारत के संविधान को नहीं मानते, भारत की संसद के निर्णयों को नहीं मानते, भारत की संस्कृति को नहीं मानते, भारत की सभ्यता को नहीं मानते, वे भारत और भारत की भारतीयता को भी नहीं मानते किंतु... वे सब मोहन भागवत के भाई-बहन हैं। मोहन भागवत ने भीमराव आम्बेडकर की दूरदृष्टि के विरुद्ध अपने गांधीवादी विचार से भारतीय समाज को उद्वेलित और चकित कर दिया है।   

जो सनातनियों को काफिर मानते हैं, अपने अलावा दुनिया की किसी अन्य सभ्यता या संस्कृति या धर्म का अपमान करना सबब का काम मानते हैं, काफिरों से मेलजोल न रखने की शिक्षा अपने बच्चों को देते हैं, काफ़िरों को “रमजान के पाक महीने के बाद जहाँ पाओ कत्ल कर दो” को ख़ुदा का हुक्म मानते हैं, मोहन भागवत उन्हें अपना भाई मानते हैं। जो शरीयत के कानून को दुनिया के सारे कानूनों से ऊपर मानते हैं, और मनुस्मृति को जूतों तले रौंदते हैं, जो हमारी लड़की तो छल-बल से ले लेते हैं किंतु अपनी लड़की देने के लिए कत्ल पर आमादा हो जाते हैं, जो भारत में इस्लामिक परम्परा लाना चाहते हैं किंतु हम सनातनी सभ्यता और हिन्दुत्व की बात भी करें तो उसे गुनाह समझते हैं, मोहन भागवत उन्हें अपना भाई-बहन मानते हैं। यह कैसी विचित्र गंगा-जमुनी तहज़ीब है और सरकारें इस तहज़ीब की इतनी दीवानी क्यों हैं?

वे भारत में रहना चाहते हैं किंतु भारतीयता को अपना शत्रु मानते हैं। वे भारत को इस्लामिस्तान बनाना चाहते हैं और हिंदुत्व को अपना शत्रु मानते हैं। यह कैसा देश है जहाँ हिन्दुओं को आज भी जजिया देना पड़ता है जिसका उपयोग मुस्लिम धार्मिक कार्यों और उनके अन्य हितों के लिए किया जाता है, किंतु वही हुक्मरान सनातनियों के धर्मिक कार्यों पर सेक्युलर हो जाते हैं?

मौलाना महमूद मदनी जब यह कहते हैं कि “हम अपने मुल्क से समझौता नहीं करेंगे, इंशा अल्लाह! हमारा मज़हब अलग है, हमारा लिबास अलग है, हमारी तहज़ीब अलग है, हमारा खाना-पीना अलग है, हमारा सब कुछ अलग है। जिन्हें हमारा मज़हब... हमारे तौर-तरीके पसंद नहीं वे कहीं और चले जाएँ” तो उनके लिए “अपने मुल्क” का अर्थ भारत नहीं होता बल्कि दारुल हर्ब होता है, एक उर्वर विस्तृत भूभाग होता है जिस पर एक इस्लामिक हुकूमत कायम की जानी है और जिसके आदर्श भारतीय न होकर अरबी होने वाले हैं।  

यह इस्लामिक सभ्यता के वर्चस्व से जूझने और अपनी सभ्यता के अस्तित्व का संघर्ष है। सनातनी इसे कब समझेंगे!

“ताल का पानी तालय जाय घूम-घूम पातालय जाय”।

         आज बहुत दिन बाद मोतीहारी वाले मिसिर जी से सम्पर्क हो सका तो उन्होंने समसामयिक घटनाओं पर टिप्पणी करते हुये बच्चों की तरह यही पंक्ति गा कर सुना दी। रीढ़विहीन समाज की सनातन नारी को कुछ शताब्दियों पहले बुरका ओढ़ना पड़ा था पर अब उसने बुरका उतारकर घर वापसी का साहस करना प्रारम्भ कर दिया है। घर वापसी का यह निर्णय न तो तलवार के भय का परिणाम है, न किसी लोभ का परिणाम है, और न किसी परामर्श की प्रेरणा का परिणाम है। यह प्रज्ञाचक्षुओं के स्वतः उन्मीलित होने का परिणाम है, यह तर्कशक्ति से उत्पन्न सत्य का अन्वेषण है, यह ज्ञान के स्वाभाविक प्रवाह का परिणाम है, यह सनातन की स्वीकृति है।

मिल्लम के पास एक बुग्याल में अस्थायी बसेरा कर रहे मोतीहारी वाले मिसिर जी ने नारी शक्ति के इस साहस को अनुकरणीय मानते हुये उन सभी के श्री चरणों में विनम्र प्रणाम करने का संदेश भेजा है। वे मानते हैं कि यही वह नारी शक्ति है जिसकी भारत को आवश्यकता है।

बहुत सी सनातनी कन्याएँ समय-समय पर विभिन्न कारणों से इस्लाम स्वीकार करती रही हैं जबकि आजकल लाखों कन्याएँ हिजाब से जिहाद कर घर वापसी कर रही हैं। यह सब ऐसे समय में हो रहा है जब भारतीय समाज के एक हिस्से में परिवर्तन की तरलता है और दूसरे हिस्से में स्थिरता की कट्टरता है, नूपुर शर्मा से दुष्कर्म करने और उनकी हत्या करने पर एक करोड़ के पुरस्कार की घोषणा है तो वहीं पौरुषविहीन पाखण्डियों द्वारा भेड़ियों के सामने मरने के लिए छोड़ दी गयी नुपुर के समर्थन में दहाड़ती हुयी वे लड़कियाँ हैं जिन्होंने अभी-अभी घर वापसी की है या मुसलमान रहते हुये भी सनातन को स्वीकारने का साहस किया है।

एक चौड़ा सीना है जो अन्याय के सामने अक्सर मिमियाने लगता है। कुछ सुकुमारियाँ हैं जो हर अन्याय के सामने दहाड़ने लगती हैं। एक जनवरी 2050 की सुबह भारत को इस्लामिक मुल्क होने का ऐलान करने वाले हैरत में हैं कि उनकी कौम की इन लड़कियों को हो क्या गया है! कट्टरपंथियों की बेटियों ने मिमियाते हुये शेरों के सामने बहुत बड़ा दर्पण रख तो दिया है पर मिमियाते हुये शेरों की ज़िद है कि वे कभी आइना देखेंगे ही नहीं। 

शाहीन बाग वाली खातूनों की तुलना में अम्बर जैदी जैसी लड़कियों के चेहरे की सौम्य दीप्ति और डिवाइनिटी क्या हमें उनके सामने नतमस्तक होने के लिए आकर्षित नहीं करती!

मिसिर जी ने फोन पर गीत गाना प्रारम्भ कर दिया है – “कागज की एक नाव बनाई, छोड़ी गहरे जल में। पापी पार उतर मुसकाये, सच्चे डूबे जल में, मुखड़ा क्या देखे दर्पण में॥ सत्ता हो गयी कतर की दासी, चूहे बिल में राजी, मुखड़ा क्या देखे दर्पण में...”। 

शनिवार, 28 मई 2022

मंदिर-मस्ज़िद विवाद का समाधान

सुश्री अम्बर जैदी ने अपने खुले मंच पर “मंदिर-मस्ज़िद विवाद के समाधान” पर लोगों के विचारों का आह्वान किया है। भारत के गिने-चुने राष्ट्रवादी मुसलमानों में सौम्य स्वभाव वाली अम्बर जैदी का अपना एक अलग स्थान है। बहुत से लोग उन्हें परिवर्तनकारी मानते हैं जो भारत के लिए आवश्यक है। 

धार्मिक-स्थलों का विवाद एक वैश्विक समस्या है। येरुशलम को लेकर यहूदियों और मुसलमानों में एक बार फिर ठन गयी है। हमें धार्मिक स्थलों के स्पिरिचुअल या रिलीजियस नहीं, बल्कि सांसारिक स्वरूप पर विचार करना होगा।

येरुशलम कभी यहूदियों का तीर्थस्थल हुआ करता था, यही उसकी प्राचीनता और ऐतिहासिक मौलिकता है। क्रिश्चियनिटी के आगमन के साथ उसका एक हिस्सेदार और हो गया, फिर इस्लाम के आगमन के साथ उसका एक तीसरा हिस्सेदार भी हो गया। आज यह तीन हिस्सेदारों के बीच विवाद का स्थल है। ये हिस्सेदार कौन हैं? कहाँ से आये हैं? इनकी मौलिकता क्या है? एक के धर्मस्थल पर दूसरे का अतिक्रमण क्यों हुआ? नवागंतुकों ने अपने धर्मस्थल अविवादित स्थल पर क्यों नहीं बनाए? नवागंतुकों ने दूसरे धर्मस्थलों पर अतिक्रमण क्यों किया? स्पष्ट उत्तर वाले इन प्रश्नों को विवाद के जंगल में धकेला जा सकता है और फिर इन विवादों को अदालत में ले जाया जा सकता है… इस सिद्धांत धता बताते हुये कि जहाँ धर्म है वहाँ विवाद नहीं हो सकता, जहाँ विवाद है वहाँ धर्म नहीं ठहर सकता।

आज तो भारत के हजारों धार्मिकस्थलों से धार्मिकता का लोप हो चुका है। वहाँ जो है वह वर्चस्व और पहचान का संघर्ष है, सत्ता का संघर्ष है। धार्मिकता का उससे कोई लेना-देना नहीं है।

इस बात के कई साक्ष्य हैं कि इस्लामिक आक्रांताओं ने सनातनी धार्मिक-स्थलों को लूटा, तोड़ा और उन पर मस्ज़िद, मज़ार या दरगाह जैसी कुछ इमारतें खड़ी कीं। भारत के मुसलमान सनातन पर इस्लामिक विजय का प्रतीक मानते हुये इन्हें बनाए रखना चाहते हैं। मुसलमानों के लिए भारत में जो विजय के प्रतीक हैं वही सनातनियों के लिए उनके पराभव के प्रतीक हैं। दोनों अपनी पहचान को लेकर संघर्षरत हैं। इस पहचान के सहारे वे आगे की यात्रा तय करना चाहते हैं, जिसका लक्ष्य है सत्ता की प्राप्ति। एक को शरीया चाहिए, दूसरे को सनातन की सुरक्षा और स्वाभिमान चाहिये।

हमें यह भी सोचना होगा कि भारत में पारसी भी हैं, भारत के विकास में उनकी सबसे बड़ी भूमिका आज भी बनी हुयी है, उन्हें लेकर कभी कोई धार्मिक विवाद क्यों नहीं होता!

सनातनियों को यदि उनके धार्मिक स्थल वापस न मिले तो भारत का इतिहास समाप्त हो जायेगा, भारतीयता की पहचान समाप्त हो जायेगी, वे सारी चीजें... वे सारे मूल्य समाप्त हो जाएँगे जिनके बल पर भारतीय सभ्यता को विश्व की प्राचीनतम सभ्यता और श्रेष्ठतम संस्कृति वाले देश का गौरव प्राप्त हो चुका है। सनातनियों को यदि उनके धार्मिक स्थल वापस न मिले तो भारत एक दिन एक नया पाकिस्तान बन जायेगा। एक और पाकिस्तान बन जाने में भी कोई हर्ज़ नहीं है ब-शर्ते यह नया पाकिस्तान इण्डोनिशिया की तरह भारतीय बना रहे। किंतु ऐसा यदि सम्भव हो पाता तो भारत खण्डित ही नहीं होता, भारत और पाकिस्तान में धार्मिक दंगे और हत्याएँ नहीं होतीं। सनातनियों को यदि उनके धार्मिक स्थल वापस न मिले तो एक दिन भारत भी मध्य एशिया के मुस्लिम देशों की श्रेणी में जाकर खड़ा हो जायेगा जहाँ वर्षों तक होने वाले गृह-युद्धों में होने वाली तबाही को पूरी दुनिया ने देखा है।

भारत के सनातनियों ने ज़र्मनी और पाकिस्तान में हुये तहर्रुश-गेमिया के किस्से सुने हैं, रक्का के बाजारों में कुर्द और यज़ीदी स्त्रियों की ख़रीद-फ़रोख़्त की ख़बरें पढ़ी हैं, भारत में यौनदुष्कर्मों को अपनी आँखों के सामने घटित होते हुये देखा है, कश्मीरी पंडितों को अपने ही देश में शरणार्थियों के रूप में बेघर देखा है... और यह भी सुना है कि हुसैन की हत्या किसी सनातनी, ईसाई, यहूदी, कुर्द या पारसी ने नहीं बल्कि कुछ मुसलमानों ने ही की थी। भारत के सनातनियों ने सेना पर स्टोन पेल्टिंग देखी है, हैवानियत देखी है, जेनोसाइड देखा है, बदलती हुयी डेमोग्रफ़ी और उनके परिणामों को भोगा है, आतंकवादियों के समर्थन में आयोजित उग्र प्रदर्शन देखे हैं, भारत के टुकड़े किए जाने के नारे सुने हैं, “एक भी हिन्दू नहीं बचेगा” जैसी दहशत भरी धमकियाँ सुनी हैं.... यह सब देख-देख कर भारत के भविष्य को लेकर सनातनियों की चिंता स्वाभाविक है। धर्म तो नितांत व्यक्तिगत आचरण है, प्रश्न देश की सुरक्षा और भारत की प्राचीनतम सभ्यता की पहचान को लेकर है। अरबी सभ्यता भारत की पहचान नहीं हो सकती। अरबी जीवनशैली भारत की जीवनशैली नहीं हो सकती। हम भारत की नदियों को रेत में तब्दील नहीं कर सकते। हम भारत में गायों की हत्या कर ऊँटों से काम नहीं चला सकते। हम भारत की प्रकृति को उसी रूप में बनाये रखना चाहते हैं जिस रूप में कभी वह जानी जाती रही है, और जिसके कारण भारत “भारत” रहा है।

समाधान

एक देश-एक विधान! भारत की प्राचीन पहचान का संरक्षण और संवर्द्धन! भारत के इतिहास का पुनर्लेखन। और मेहमान का सम्मान ब-शर्ते वह मेज़बान के घर में अपनी हुकूमत न चलाने लगे। 

बुधवार, 18 मई 2022

लिङ्ग

             कल एक टीवी चैनल पर वकील साहब ने हिन्दू पक्ष से पूछा कि क्या किसी व्यक्ति के लिङ्ग का अग्रभाग ऐसा हो सकता है जैसा कि ज्ञानवापी में मिले फव्वारे का है?

चर्चा में सम्मिलित एक महिला सहित एंकर ने भी इस प्रश्न पर आपत्ति की । वकील साहब को “लिङ्ग” का केवल एक ही अर्थ, “पुरुष-जननेंद्रिय” या “Phallus” मालुम था और वे शिवलिङ्ग में उसी छवि को देखने के हठ पर अड़े हुये थे । सोशल मीडिया पर भी अ-सनातनी विद्वान शिवलिङ्ग को प्रायः “Phallus” के अर्थ में अश्लील टिप्पणियाँ करते हुये पाये जाते हैं ।   

अपेक्सा की जाती है कि जब सम्भाषा के किसी प्रतिभागी को किसी देश की संस्कृति, दर्शन, भाषा और अध्यात्मिक चिंतन के बारे में लेश भी जानकारी न हो तो ऐसे गम्भीर विषयों पर न तो कुतर्क करना चाहिये और न अपनी आइडियोलॉजी की सत्यता पर हठ करना चाहिये । मुश्किल यह है कि टीवी चैनल्स पर आने वाले विद्वान इस्लाम और सनातन दोनों आइडियोलॉजी के सम्बंध में अपने विचारों और जानकारी को ही सर्वोपरि मानने लगे हैं ।   

“संस्कृत-शब्दार्थ-कौस्तुभ” नामक शब्द-कोष में लिङ्ग के कई अर्थ दिए गए हैं । स्पष्ट है कि प्रसंग के अनुसार इनके अर्थों का ग्रहण किया जाना चाहिए । संस्कृत शब्द “लिङ्ग” के अर्थ हैं – प्रतीक, पहचान, आकृति, प्रमाण, सूचक, संबंध (यथा – संयोग, वियोग्, साहचर्य). चित्रण, रोग के लक्षण, नेत्र का एक रोग, अंधकार, वह सूक्ष्म-शरीर जो स्थूल-शरीर के पंचतत्व में मिलने के पश्चात् कर्मफल भोगने के लिए प्राप्त होता है ।

लिङ्ग में कुछ और शब्द जोड़कर कई युगल-शब्दों की रचना की गयी है, यथा- लिङ्गानुशासन (व्याकरण में शब्दों के लिङ्ग-ज्ञान से सम्बंधित नियम), शिव-लिङ्ग, देव-लिङ्ग, लिङ्ग-पीठ, लिङ्गार्चन, लिङ्ग-शरीर, लिङ्गधारिन्, लिङ्ग-नाश, लिङ्ग-पुराण, लिङ्ग-प्रतिष्ठा, लिङ्ग-विपर्यय, लिङ्ग-वृत्ति (आडम्बरी), लिङ्ग-वेदी, लिङ्गक (कैथे का पेड़), लिङ्गिन (लक्षणयुक्त) और लिङ्गायत (दक्षिण भारत में प्रचलित शैव विचारधारा) ।

सनातन दर्शन में ईश्वर को “निराकार”, “अनादि”, “अनंत”, “अखण्ड”, “अभेद्य” आदि शब्दों से समझने और समझाने का प्रयास किया गया है । शिव आदि त्रिदेव भी निराकार हैं । शिव का जो मनुष्यरूप हम मूर्तियों और चित्रों में देखते हैं वह मात्र एक हाइपोथेटिकल प्रतीक है जिसमें नीला रंग, जटा, सर्प, चंद्र, कैलाश, नृत्यमुद्रा (ताण्डव) आदि का उपयोग कर निराकार “शिव” के ब्रह्माण्डीय स्वरूप की व्याख्या का प्रयास किया गया है ।

अब बात आती है मंदिरों में प्रतिष्ठित शिवलिङ्ग की । सनातन दर्शन में मंदिर आराधना और चिंतन के स्थल हैं जहाँ कोई चिंतक या आराधक ईश्वर और ब्रह्माण्ड के बारे में समझने का प्रयास करता है । सनातन संस्कृति और दर्शन में शिवलिङ्ग को ब्रह्माण्ड के स्थूल स्वरूप का एक प्रतीक चिन्ह माना गया है, जिसका किसी मनुष्य के “Phallus” से कोई सम्बंध नहीं है ।

जो सनातन दर्शन से विमुख हैं उन्हें शिव के नृत्य पर भी आपत्ति है, वे नृत्य को किसी प्राणी की विभिन्न मुद्राओं तक ही सीमित करके देख पाते हैं । सृष्टि की रचना, स्थिति एवं विलय, इन तीनों ही स्थितियों के लिए गति, संयोजन और वियोजन अपरिहार्य ब्रह्माण्डीय क्रियाएँ हैं । Dr. Fritjof Capra को साधुवाद जिन्होंने शक्ति के “लास्य-नृत्य” और शिव के “ताण्डव-नृत्य” को इसी रूप में समझा है । ये वे मौलिक नृत्य (movements, actions, reactions and positions) हैं जिनके बिना ब्रह्माण्ड की रचना, स्थिति और विलय की कल्पना भी नहीं की जा सकती ।

भाईजान और मार्क्सवादी मित्र पूछते हैं कि – “ब्रह्माण्ड का शब्दार्थ है ब्रह्मा जी का अण्डा । अरे, गोबर खाने और मूत्र पीने वाले काफ़िरो! क्या दुनिया का कोई भी पुरुष अण्डा दे सकता है?”

हम ऐसे परम विद्वानों को बताना चाहते हैं कि अंग्रेज़ी को छोड़ दिया जाय तो अरबी और फ़ारसी बड़ी समृद्ध भाषाएँ हैं किंतु केवल उन्हें जानकर ही संस्कृत के “ब्रह्माण्ड” को तब तक समझना सम्भव नहीं है जब तक आप संस्कृतभाषा और भारतीय दर्शन को समझ नहीं लेते ।         

चलते-चलते यह बताना भी प्रासंगिक है कि भारतीय दर्शन में त्रिदेव का बड़ा महत्व है । भारतीय दर्शन का Cosmology की गुत्थियाँ सुलझाने में महत्वपूर्ण योगदान रहा है, इसीलिए विश्व के महान भौतिकविद् Dr. Fritjof Capra इसकी ओर आकर्षित हुए । वे मानते हैं कि ब्रह्म (Potential energy having capacity of transformations of something from nothing), विष्णु (energy required for Sustaining the cosmos) और शिव (energy required for initiation, evolution and involution ) ईश्वर की वे आदि शक्तियाँ हैं जिनके अभाव में सृष्टि और विलय की ब्रह्माण्डीय घटनाओं की व्याख्या नहीं की जा सकती ।